ट्रेलर ने कार को मारी टक्कर, 2 की मौत, शादी में शामिल होने जा रहा था परिवार, प्रतापगढ़ में बस पलटी 10 घायल
टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर कार के ऊपर चढ़ गया और कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.

Published : July 8, 2026 at 7:02 AM IST
|Updated : July 8, 2026 at 11:01 AM IST
कोटपूतली बहरोड : जिले में दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर मंगलवार रात 10 बजे के करीब मोलाहेड़ा के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार और बेकाबू ट्रेलर ने पीछे से एक कार को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर कार के ऊपर चढ़ गया और कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे में कार चालक सहित दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 से अधिक लोग घायल हो गए. वहीं, मध्य प्रदेश के पिपलोदा से प्रतापगढ़ आ रही निजी यात्री बस का मनोहरगढ़ पेट्रोल पंप के पास अचानक एक्सल टूट गया. एक्सल टूटने से बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई. हादसे में 10 यात्री घायल हो गए, जिनमें 8 महिलाएं शामिल हैं.
कोटपूटली पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह ने बताया कि हाईवे पर पनियाला थाना क्षेत्र में कार में सवार सभी लोग एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे. वाहन में महिलाएं और बच्चे भी मौजूद थे. तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने कार को टक्कर मार दी. हादसे में एक युवक और महिला की मौत हो गई जबकि 6 से अधिक लोग घायल हो गए. सभी का इलाज कोटपूटली जिला अस्पताल में चल रहा है.
पढे़ं. जयपुर में तेज रफ्तार ट्रोले ने सड़क किनारे बैठे परिवार को रौंदा, 4 की मौत, शव के टुकड़े हुए
हादसे के बाद मची चीख पुकार : मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि अचानक से हुए हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों ने तुरंत पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया. घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से राजकीय बीडीएम जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने कार चालक अंकित और महिला सीमा को मृत घोषित कर दिया. अन्य घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है.
हादसे के कारण दिल्ली-जयपुर हाईवे पर लंबा जाम लग गया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारु कराया और क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाने की कार्रवाई की. दुर्घटना के बाद काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा. पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है. वहीं, घायलों की पहचान कर उनके परिजनों को सूचना दी गई. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रेलर चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते उसने कार को टक्कर मार दी. हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है.
प्रतापगढ़ में बड़ा सड़क हादसा टला : बुधवार सुबह मध्य प्रदेश के पिपलोदा से प्रतापगढ़ आ रही निजी यात्री बस का मनोहरगढ़ पेट्रोल पंप के पास अचानक एक्सल टूट गया. एक्सल टूटने से बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई. हादसे में 10 यात्री घायल हो गए, जिनमें 8 महिलाएं शामिल हैं. सभी घायलों को ग्रामीणों, निजी वाहनों और 108 एंबुलेंस की मदद से जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है. बस की गति कम होने के कारण बड़ा हादसा टल गया.
अरनोद थाना अधिकारी शिवलाल मीणा ने बताया कि बस मध्य प्रदेश के पिपलोदा से प्रतापगढ़ आ रही थी. मनोहरगढ़ पेट्रोल पंप के पास अचानक बस का एक्सल टूटने से चालक नियंत्रण खो बैठा और बस पलट गई. बस में करीब 30 यात्री सवार थे. हादसे में 10 लोग घायल हुए हैं और सभी की हालत सामान्य बताई जा रही है. प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलोक यादव के अनुसार घायलों में सोनू प्रजापत (19), नीतू मालवीय (20), नाथी बाई (60), प्रिया मीणा (15), रामसी (35), उषा कुमारी (19), आशा कुमारी (18), राधा कुमारी (20), भेरूलाल (62) और श्यामलाल (38) शामिल हैं. सभी का जिला चिकित्सालय में उपचार जारी है.


