करनाल में सड़क हादसा: मां-बेटी की मौत, स्पीकर हरविंद्र कल्याण मौके पर पहुंचे, एसपी को सख्त कार्रवाई के निर्देश
Road accident in Karnal: करनाल में सड़क हादसा हो गया. हादसे में दो की मौत हो गई. स्पीकर हरविंद्र कल्याण मौके पर पहुंचे.

Published : March 1, 2026 at 1:33 PM IST
करनाल: रविवार को करनाल में सड़क हादसा हो गया. सेक्टर 9 में बड़ा गांव की ओर से आ रही एक बाइक को तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर सवार 65 वर्षीय महिला और 15 वर्षीय किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के मोर्च्युरी हाउस भिजवाया.
चंद सेकंड में उजड़ गया परिवार: प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक पर चालक के साथ उसकी मां और बेटी सवार थीं. जैसे ही वो सेक्टर-9 के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही दोनों महिलाएं वाहन के नीचे आ गईं और मौके पर ही दम तोड़ दिया. घायल चालक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है. हादसा इतना भयंकर था कि महिला डंपर के टायर में फंस गई. डंपर उसे करीब 50 मीटर घसीटते ले गया.
हादसे के बाद फरार हुआ चालक: घटना के तुरंत बाद डंपर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया. पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर उसकी तलाश शुरू कर दी है. अभी तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस परिजनों का पता लगाने में जुटी है. मौके से बाइक सवार के पास फल की पॉलिथीन भी मिली, जिससे अनुमान है कि परिवार किसी रिश्तेदारी में जा रहा था.
मौके पर रुके विधानसभा अध्यक्ष: संयोग से उसी समय वहां से गुजर रहे हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने गाड़ी रोककर स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने तुरंत पुलिस अधिकारियों से बात की और एसपी को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए. उन्होंने इस हादसे को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि दोषी चालक को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए.
ओवरस्पीडिंग पर जताई गंभीर चिंता: हरविंद्र कल्याण ने कहा कि सड़क पर भारी वाहनों की लापरवाही लगातार जानलेवा साबित हो रही है. उन्होंने बड़े वाहन चालकों से सतर्क रहने की अपील की और पुलिस को ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए. साथ ही आम लोगों से भी अपील की कि किसी हादसे की स्थिति में तुरंत पीड़ितों की मदद करें.

