जींद में कोहरे का कहर, स्कूल-रोडवेज बस और ट्रक में टक्कर, 12 लोग घायल
Road accident in Jind: जींद में घने कोहरे के चलते चार वाहन टकरा गए. इस हादसे में 12 लोगों के घायल होने की खबर है.

Published : December 27, 2025 at 1:03 PM IST
जींद: हरियाणा में कोहरे का कहर जारी है. शनिवार को कोहरे के चलते चार वाहन आपस में टकरा गए. इस हादसे में 12 लोगों के घायल होने की खबर है. जींद के कंडेला गांव के पास ये सड़क हादसा हुआ है. घने कोहरे के चलते यहां रोडवेज बस, ट्रक, तेल के खाली टैंकर और स्कूल बस में भिड़ंत हो गई. मौके पर मौजूद लोगों ने अपने स्तर पर हादसे में घायल लोगों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया और मामले की सूचना पुलिस को दी.
जींद में सड़क हादसा: सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर वाहनों में फंसे हुए लोगों को बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया. हादसे की वजह से जींद-कैथल मार्ग पर लंबा जाम लग गया. जिसे पुलिस ने बहाल कराया. स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह के समय कंडेला गांव के पास रोडवेज बस और ट्रक में भिड़ंत हो गई. इस दौरान एक तेल का खाली टैंकर भी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से भिड़ गया. सुबह बच्चों को ले कर स्कूल जा रही निजी स्कूल बस भी वाहनों से जा टकराई. इस हादसे में 12 लोगों के घायल होने की खबर है.
कोहरे के चलते चार वाहन टकराए: ग्रामीणों ने बताया कि कोहरा इतना घना था कि कुछ भी देख पाना मुश्किल था. जीरो विजिबिलिटी की वजह से ये हादसा हुआ. घटना का जैसे ही स्थानीय लोगों को पता चला, तो वो मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य की शुरुआत की. बाद में घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और वाहनों में फंसे चालक व परिचालक को बाहर निकाल उपचार के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया. गनीमत रही स्कूल बस में सवार बच्चे बाल-बाल बच गए.
पुलिस की जांच जारी: जांच अधिकारी वीरेंद्र सिंह ने कहा कि घने कोहरे की वजह से हादसा हुआ है. रोडवेज बस और रेत से भरा ट्रक आपस में टकरा गए. वहीं स्कूल बस भी टकरा गई. हादसे में लोगों को हल्की चोट आई हैं. मामले की जांच जारी है.
हरियाणा पुलिस ने जारी की एडवाइजरी: एसपी कुलदीप सिंह ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि "धुंध के इस मौसम में आपकी थोड़ी सी सावधानी किसी के घर का चिराग बुझने से बचा सकती है. आपकी समझदारी किसी मां की गोद सूनी होने से बचा सकती है. इसलिए कोहरे में यात्रा करने से बचें. अगर जरूरी हो तो वाहन की गति कम रखें, जल्दबाजी ना करें. धुंध में फॉग लाइट व डिपर का सही प्रयोग करें. आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखें. ओवरटेक करने से बचें, धुंध धोखा दे सकती है. दोपहिया वाहन चालक हेलमेट और रिफ्लेक्टर का उपयोग अवश्य करें. पैदल चलने वाले सड़क किनारे चलें और चमकीले, हल्के रंग के कपड़े पहनें. यदि धुंध बहुत घनी हो तो वाहन को सुरक्षित स्थान पर रोक कर हालात सामान्य होने का इंतजार करें."

