जालौर में अनियंत्रित होकर पलटी बस, 3 की मौत, यात्री शीशा तोड़कर कूदे
यात्रियों ने बस चालक पर नशे में गाड़ी चलाने का आरोप लगाया है.

Published : January 5, 2026 at 10:34 AM IST
|Updated : January 5, 2026 at 10:54 AM IST
जालौर : जिले के आहोर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात सांचौर से करौली जा रही निजी बस भीषण हादसे का शिकार हो गई. करीब 45 यात्रियों से भरी बस अगवरी गांव और गुड़ा बालोतान के बीच तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नीम के पेड़ से टकराने के बाद पलट गई. हादसे के वक्त अधिकांश यात्री नींद में थे, जिससे वे संभल नहीं पाए और बस में अफरा-तफरी मच गई. हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई. चीख-पुकार के बीच यात्रियों ने शीशे तोड़कर किसी तरह बाहर निकलकर जान बचाई.
तीन की मौत : आहोर थानाधिकारी करण सिंह ने बताया कि सूचना पर पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे. बस को सीधा करने के लिए तीन क्रेनों की मदद ली गई, जिसके बाद घायलों को बाहर निकालकर आहोर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया. बस के नीचे दबने से सांचौर के लियादरा गांव निवासी एक बुजुर्ग दंपती फगलूराम पुत्र हेमाराम 75 वर्ष और हुआ देवी 65 की मौके पर ही मौत हो गई. अस्पताल में उपचार के दौरान अमृतलाल पुत्र खिलाड़ी लाल ने भी दम तोड़ दिया. पुलिस के अनुसार हादसे में 13 से अधिक यात्री घायल हुए हैं, जिनमें 10 की हालत गंभीर बताई जा रही है. सभी घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है और जरूरत पड़ने पर कुछ को रेफर किया जा सकता है.
ये हुए घायल : घायलों में सांचौर निवासी प्रवीण कुमार पुत्र सांवलाराम, मन बिश्नोई पुत्री मालाराम, भावना पुत्र चिमनाराम, भरतपुर निवासी अमृतलाल पुत्र रामखिलेरी, बांसवाड़ा निवासी पूजा पुत्र रामचंद्र, दौसा निवासी हरीश पुत्र हरिगिलास गुर्जर, कुलदीप पुत्र लाखन बंजारा, सांचौर निवासी संदीप पुत्र कैलाश महेश्वरी, अलवर निवासी पवन पुत्र जगदीश प्रसाद, मेडाबागोड़ा निवासी हर्षन पूरी पुत्र इंद्र पूरी गोस्वामी और सांचौर निवासी दिलीप पुत्र बाबूलाल बिश्नोई शामिल हैं.
बस चालक पर आरोप : प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि बस चालक नशे की हालत में था और वाहन को करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से चला रहा था. यात्रियों का आरोप है कि चालक स्टेयरिंग छोड़कर रास्ते में तंबाकू-पान मसाला बना रहा था. इसी दौरान उसका ध्यान भटक गया और बस बेकाबू होकर पेड़ से जा टकराई. हादसे से कुछ दूरी पहले एक होटल पर बस रोकने का इशारा भी किया गया था, लेकिन तेज गति के कारण बस नहीं रुकी. पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और बस चालक की लापरवाही व नशे में वाहन चलाने की आशंका को लेकर गहन जांच की जा रही है.

