200 फीट बाईपास पर फिर हादसा, तेज रफ्तार ट्रोले ने बाइक को मारी टक्कर, युवती की मौत और बाइक राइडर घायल
दौसा की रहने वाली युवती महिंद्रा सेज में वेयर हाउस में करती थी जॉब.

Published : July 8, 2026 at 9:50 PM IST
जयपुर: राजधानी जयपुर में अजमेर रोड पर 200 फीट बाईपास के पास बुधवार को एक तेज रफ्तार ट्रोले ने बाइक को टक्कर मार दी. हादसे में बाइक सवार युवती की मौत हो गई. जबकि बाइक राइडर युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के बाद उसे छुट्टी मिल गई.
जिस जगह यह हादसा हुआ, उसी जगह एक दिन पहले मंगलवार को एक बेकाबू ट्रोले ने एक ही परिवार के पांच लोगों को कुचल दिया था. इनमें से चार लोगों की मौत हो गई. हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई. घटना की जानकारी मिलने पर श्याम नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. हादसे के बाद ट्रोला चालक वाहन लेकर भाग गया.
पढ़ें : डूंगरपुर में क्रेन और बाइक की भिड़ंत, दंपती ने तोड़ा दम
वेयर हाउस में जॉब करती थी युवती : श्याम नगर थाने के एएसआई वीरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि हीरापुरा बाईपास पर एक तेज रफ्तार ट्रोले ने सड़क पार कर रही बाइक को अपनी चपेट में ले लिया. इस हादसे में बाइक राइड बुक करके जा रही युवती की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि चालक घायल हो गया. युवती की शिनाख्त गीजगढ़ निवासी 19 वर्षीय भारती सैनी के रूप में हुई है. वह जयपुर में अजमेर रोड पर महिंद्रा सेज स्थित एक वेयर हाउस में जॉब करती थी.
पुलिस ने शव को रखवाया मोर्चरी में : बाइक चला रहे युवक का नाम नवदीप है. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर पीछे बैठी युवती की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने एम्बुलेंस की मदद से घायल बाइक चालक नवदीप को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. पुलिस ने युवती के शव को सवाई मानसिंह अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा. पुलिस ने परिजनों को हादसे की जानकारी दी है. ट्रोला चालक की तलाश जारी है.

