ETV Bharat / state

हिमाचल में चार बड़े हादसे! कहीं लकड़ी से लदा ट्रक पलटा तो कहीं गाड़ियों पर गिरा पेड़, पिकअप खाई में गिरने से चालक की मौत

हिमाचल में कहीं रोड पर अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है तो कहीं बस से टिप्पर गाड़ी में भिड़ंत का मामला सामने आया है.

Road Accident in Himachal
हिमाचल में चार बड़े हादसे (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : August 31, 2026 at 1:24 PM IST

6 Min Read
Choose ETV Bharat

सोलन/शिमला/चंबा: हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ घंटों के दौरान चार बड़े हासे सामने आए हैं. सोलन में सोमवार सुबह 2 हादसे पेश आए हैं, जहां एक तरफ एक लकड़ी से लदा ट्रक ब्रेक फेल होने की वजह से अनियंत्रित होकर शमलेच टनल के समीप पलट गया तो वहीं दूसरी तरफ नेशनल हाईवे पांच पर एक अज्ञात शव मिलने से शहर में सनसनी फैल गई है. वहीं, चंबा में खाई में पिकअप गिरने से चालक की दर्दनाक मौत हो गई. राजधानी शिमला में भी गाड़ियों पर पेड़ गिरने की घटना सामने आई है.

NH-5 पर शमलेच टनल के नजदीक लकड़ी से लदा ट्रक पलटा

जानकारी के अनुसार, कालका-शिमला नेशनल हाईवे-5 पर 16 टायरों वाला यह ट्रक गुजरात से लकड़ी लेकर सोलन की ओर आ रहा था. शनलेच के पास अचानक ट्रक के अनियंत्रित होने से यह सड़क पर पलट गया. हादसे के समय ट्रक में चालक और परिचालक मौजूद थे, गनीमत रही कि दोनों सुरक्षित हैं. हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. जानकारी के मुताबिक हादसे की वजह ब्रेक फेल होना और ब्रेक गर्म होना बताई जा रही है. हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो पाएगी.

Solan Road Accident
सोलन में बड़ा हादसा (ETV Bharat)

सड़क पर मिला अज्ञात शव

वहीं दूसरे मामले में, चंडीगढ़ शिमला NH-5 पर शमलेच के समीप सड़क पर सोमवार सुबह सवेरे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई. पुलिस के अनुसार शव की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है. यह हादसा है, हिट एंड रन है या हत्या, इसका भी पता नहीं चल पाया है. सूचना मिलते ही सोलन पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.

Road Accident in Himachal
सड़क पर मिला अज्ञात शव (ETV Bharat)

एसपी सोलन साईं दत्तात्रेय वर्मा ने बताया कि, "सोलन पुलिस दोनों मामलों में गहनता से जांच कर रही हैं. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को संभालते हुए यातायात को नियंत्रित किया जा रहा है. ट्रक के सड़क पर पलटने के कारण नेशनल हाईवे-5 पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है और फिलहाल जाम की स्थिति बनी हुई है मौके से छोटी गाड़ियां ही निकल पा रही है."

शिमला में पर गिरा पेड़, दो गाड़ियां क्षतिग्रस्त

राजधानी शिमला में खलीनी-नवबहार लिंक रोड पर फॉरेस्ट कॉर्पोरेशन की कॉलोनी के पास अचानक एक पेड़ गिरने से सड़क यातायात पूरी तरह बाधित हो गया. पेड़ के साथ बड़ी मात्रा में मलबा भी सड़क पर आ गया, जिसकी चपेट में वहां खड़ी दो गाड़ियां आ गईं. हादसे में दोनों वाहनों को नुकसान पहुंचा है. पेड़ गिरने के बाद सड़क पर मलबा फैल गया, जिसके चलते इस मार्ग से वाहनों की आवाजाही बंद हो गई. घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम और लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और सड़क से पेड़ व मलबा हटाने का काम शुरू किया. गनीमत रही कि पेड़ गिरने के समय सड़क पर कोई व्यक्ति इसकी चपेट में नहीं आया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था.

Road Accident in Himachal
शिमला में पर गिरा पेड़, दो गाड़ियां क्षतिग्रस्त (ETV Bharat)

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क किनारे खतरनाक स्थिति में खड़े पेड़ों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से जान-माल का नुकसान न हो. वहीं, नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान ने कहा कि, "पेड़ और मलबा गिरने से दो गाड़ियों को नुकसान हुआ है. वहां पर खतरनाक पेड़ भी हैं, जिन्हें काटने को लोगो द्वारा आग्रह किया जा रहा है."

सड़क किनारे खड़ी निजी बस में जा घुसा नगर निगम का टिप्पर

राजधानी शिमला में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा होने से टल गया. नया बस स्टैंड के पास बाईपास रोड पर सड़क किनारे खड़ी एक निजी बस को नगर निगम शिमला के टिप्पर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टिप्पर बस के पिछले हिस्से में जा घुसा. हालांकि, गनीमत रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. हादसे की पूरी घटना पास से गुजर रही एक अन्य बस में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई. हादसे के बाद मौके पर बस और टिप्पर चालक के बीच काफी देर तक बहस हुई. हालांकि, बाद में दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया.

पिकअप खाई में गिरने से चालक की मौत

हिमाचल के चंबा जिले में मंगला-द्रबला मार्ग पर एक पिकअप गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरने से एक युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान अजय कुमार, निवासी गांव परोंटा जिला चंबा के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, द्रबला के समीप पहुंचने पर अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण खो गया. अजय कुमार देर रात अपनी पिकअप गाड़ी लेकर मंगला से द्रबला की ओर जा रहे थे. हादसा इतना जोरदार था कि रात के सन्नाटे में वाहन के खाई में गिरने की आवाज सुनकर स्थानीय ग्रामीण मौके की ओर दौड़ पड़े. ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और अपने स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया.रात का समय और अंधेरा होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. ग्रामीणों ने काफी प्रयास कर घायल अजय कुमार तक पहुंचने की कोशिश की, लेकिन हादसे में गंभीर चोटें आने के कारण उनकी मौत हो गई.

एसपी विजय कुमार सकलानी ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि, "पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है. हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी."

ये भी पढ़ें: नेपाल त्रासदी के बाद हिमाचल की ये झील बनी चिंता का कारण, बढ़ता जलस्तर दे रहा बड़े खतरे का संकेत

ये भी पढ़ें: 40 साल पुरानी सड़क पर व्यक्ति ने किया दावा, रोड बंद होने पर पुलिस के पास पहुंचा मामला