फरीदाबाद में बेकाबू कार डिवाइडर से टकराई, पांच दोस्तों में से एक की मौत, CCTV में कैद हादसा
Road Accident In Faridabad: फरीदाबाद में बेकाबू कार बाटा मेट्रो स्टेशन के पास डिवाइडर से जा टकराई. हादसे में एक की मौत, चार घायल.

Published : January 2, 2026 at 6:09 PM IST
फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद में बेकाबू बोलेनो कार डिवाइडर से जा टकराई. हादसा इतना भयंकर था कि कार के परखच्चे उड़ गए. टक्कर लगते ही कार तीन बार पलटी, शीशा टूटने की वजह से ड्राइवर कार से नीचे जा गिरा. सड़क पर सिर लगने की वजह से उसकी मौत हो गई. वहीं कार में सवार चार लोग घायल हैं. चार में से तीन की हालत गंभीर है, जबकि एक को मामूली चोट आई है.
फरीदाबाद में सड़क हादसा: फरीदाबाद के बाटा मेट्रो स्टेशन के पास ये सड़क हादसा हुआ है. इस पूरे हादसे का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है. जिसमें कार रफ्तार से डिवाइडर से टकराती नजर आ रही है. टक्कर लगते ही कार के परखच्चे उड़ गए. मिली जानकारी के मुताबिक जवाहर कॉलोनी के रहने वाले सारांश, लक्ष्य, राघव, तुषार और यथार्थ ने नए साल पर वृंदावन जाने की योजना बनाई थी. पांचों दोस्त वीरवार सुबह करीब 3 बजे घर से निकल गए.
टायर फटने की वजह से हुआ हादसा: पांचों दोस्तों ने पहले आईआईटी-1 स्थित संतों के गुरुद्वारे में मत्था टेका. इसके बाद वो बोलेनो कार से वृंदावन के लिए निकल गए. कार को सारांश चला रहा था. लक्ष्य ड्राइवर के बगल वाली सीट पर बैठा था. राघव, तुषार और यथार्थ पीछे वाली सीट पर बैठे हुए थे, जैसे ही गाड़ी बाटा मेट्रो स्टेशन के सामने आई, कार का टायर फट गया. जिसके बाद गाड़ी तेज स्पीड़ में ग्रिल में जा टकराई और डिवाइडर पर जाकर पलट गई.

हादसे में एक की मौत, चार घायल: डिवाइडर से टकराते ही कार का शीशा टूट गया. जिससे गाड़ी चलाने वाला सारांश सड़क पर आकर गिरा. सारांश का सिर रोड पर लगा. जिससे उसकी मौत हो गई. वहीं पीछे बैठे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि लक्ष्य को हल्की चोटें आई हैं. परिवार के लोगों से मिली जानकारी के अनुसार सभी युवक ग्रेजुएशन के छात्र हैं. सभी जवाहर कॉलोनी में ही आसपास रहते हैं. मृतक सारांश एनआईटी क्षेत्र का रहने वाला था. उसकी उम्र करीब 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है.

पुलिस की जांच जारी: फरीदाबाद में सड़क हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सड़क से गुजर रहे राहगीरों ने किसी तरह कार में फंसे सभी युवकों को बाहर निकाला और तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया. सेंट्रल थाना पुलिस इंचार्ज रणवीर ने बताया कि "मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है."

