ETV Bharat / state

दिल्ली-जयपुर हाईवे पर खौफनाक हादसा: डंपर से टकराकर ट्रेलर में लगी आग, केबिन में फंसा ड्राइवर जिंदा जला

​दिल्ली-जयपुर हाईवे पर डंपर से टकराने के बाद ट्रेलर में भीषण आग लग गई. हादसे में चालक रवि कुमार की जलने से मौत हो गई.

दिल्ली-जयपुर हाईवे पर भीषण हादसा
दिल्ली-जयपुर हाईवे पर भीषण हादसा (फोटो ईटीवी भारत बहरोड़)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : February 23, 2026 at 8:40 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

​बहरोड़ : रविवार देर रात दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर सोतानाला औद्योगिक क्षेत्र के पास एक ट्रेलर और डंपर की जबरदस्त भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते ट्रेलर के केबिन ने आग पकड़ ली. इससे पहले कि चालक को बाहर निकलने का मौका मिलता, आग ने विकराल रूप ले लिया और चालक केबिन के भीतर ही जिंदा जल गया.

सोतानाला थाना अधिकारी दिनेश मीणा ने बताया की बीती रात को सोतानाला के पास एक सड़क हादसा हो गया. यह हादसा उस वक्त हुआ जब हाईवे पर आगे चल रहे डंपर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए. पीछे से तेज रफ्तार में आ रहा ट्रेलर अनियंत्रित होकर डंपर से जा टकराया. टक्कर के तुरंत बाद ट्रेलर के डीजल टैंक में विस्फोट हुआ और पूरी गाड़ी आग के गोलों में तब्दील हो गई. केबिन में फंसे चालक को संभलने का एक पल भी नहीं मिला.

इसे भी पढ़ें: बड़ा हादसा : दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर ट्रक से टकराकर उड़े कार के परखच्चे, UP के 4 युवकों की मौत

​हादसे की सूचना मिलते ही सोतानाला और पनियाला थाना पुलिस सहित दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह खाक हो चुका था. पुलिस ने केबिन से चालक का क्षत-विक्षत शव बरामद किया. मृतक की पहचान शाहपुरा (जयपुर) के टिकरिया निवासी रवि कुमार पुत्र रामकुंवार के रूप में हुई है.

​डेढ़ घंटे तक थमा रहा हाईवे का पहिया : ​इस दर्दनाक हादसे के बाद दिल्ली-जयपुर हाईवे पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया. सड़क के दोनों ओर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया. पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को बीच सड़क से हटवाया, जिसके बाद करीब डेढ़ घंटे बाद धीरे-धीरे वाहनों की आवाजाही शुरू हो सकी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है.