नीतीश कुमार की JDU के खिलाफ बड़ा सबूत लेकर सदन पहुंचे RJD MLC, 250 करोड़ पर सियासत
RJD MLC ने नीतीश की JDU पर कई कंपनियों को लाभ पहुंचाकर चंदा लेने का आरोप लगाया है. इस बाबत उन्होंने साक्ष्य भी पेश किए.

Published : February 27, 2026 at 12:16 PM IST
पटना: RJD के विधान पार्षद सुनील सिंह ने जेडीयू पर गलत तरीके से चंदा लेने का आरोप लगाया है. जदयू एमएलसी व प्रवक्ता नीरज कुमार ने शराबबंदी के बाद भी शराब कंपनियों से चंदा लेने का आरोप राजद पर लगाया था. उसका जवाब देते हुए शुक्रवार को सुनील सिंह ने कहा कि ईमानदारी और समाजवादी का चोला पहने जदयू के लोग कंपनियों को फायदा पहुंचाकर और भ्रष्टाचारियों तक से चंदा लेते हैं. ढाई सौ करोड़ रुपये कागज पर और ₹1000 करोड़ रुपये कच्चा चंदा लिया है.
सुनील सिंह का JDU पर बड़ा आरोप: सुनील सिंह ने इससे जुड़े दस्तावेज भी पेश किए और कहा कि हमने सदने में जवाब देते हुए कहा कि आपकी पार्टी (नीरज कुमार) प्रत्येक महीने 99 लाख रुपये किंग महेंद्र जी से पांच साल तक लेती रही. इसपर नीरज कुमार ने चिल्लाना शुरू कर दिया और कहा कि साक्ष्य पेश कीजिए. इसलिए आज में सबसे बड़ी भ्रष्टाचारी और दोहन करने वाली पार्टी के बारे में व्याख्यान देने जा रहा हूं.
"उस पार्टी की बात कर रहा हूं जिसके शीर्षस्थ नेता समाजवादी चोला पहने रहते हैं और हरीशचंद्र बने रहते हैं. उन्होंने पूरे बिहार को भ्रष्टाचार के आकंठ में डुबो दिया है. उन्होंने भ्रष्टाचारियों से चंदा लिया है. इसमें मैं ट्रांसफर-पोस्टिंग की बात नहीं कर रहा हूं."- सुनील सिंह, एमएलसी, आरजेडी
पूछा सरकार से सवाल: सुनील सिंह ने जदयू पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि एक कंपनी है ए टू बीएस इंफ्रास्ट्रक्चर, साधारण कंपनी है. उसका टर्नओवर 27 करोड़ साल का है. उसने करीब 24 करोड़ रुपये चंदा दिया है. मैं समाजवाद का चोला पहने लोगों से जानना चाहता हूं कि आखिर इतनी छोटी कंपनी ने कैसे इतना चंदा दे दिया?
JDU पर करोड़ों का चंदा लेने का आरोप: व्यक्तिगत तौर पर जिनका 10 हजार का एस्सेट नहीं है, उससे भी करोड़ो का चंदा गलत तरीके से लिया गया है. जदयू ने खुद इस बात को कबूल किया है कि 2020 और 2022 में 93 करोड़ रुपये पार्टी ने वसूल किया है, जिसमें से 39 करोड़ रुपये मात्र दो पार्टी से वसूला गया है. फार्मासिस्ट कंपनी से भी 27 करोड़ का चंदा लिया गया है. हम जानना चाहते हैं कि बिहार की जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करके पैसा लिया गया और कंपनी को सीधा लाभ पहुंचाया गया है.
भ्रष्टाचारी है सरकार: सुनील सिंह ने कहा है कि जिन कंपनियों का पेडअप कैपिटल मात्र 1 करोड़ रुपये है, उससे लंबा-चौड़ा चंदा लेकर बेजा लाभ पहुंचाया गया है. स्मार्ट मीटर में करोड़ों रुपये लिए गए, जो जेल में बंद हैं. उनसे भी करोड़ों रुपये वसूले गए हैं. हिरण का चोला पहने ये भेड़िया सरकार है. सरकार भ्रष्टाचारी है. जनता को लूटकर दूसरे पर तोहमत लगाते हैं.
स्वास्थ्य और स्मार्ट मीटर को लेकर सवाल: उन्होंने आगे कहा कि जो पार्टी विपक्षा की राजनीति करता है उसे कोई भी पार्टी एक रुपया चंदा नहीं देता है. मेरे खाते में सारा पैसा है. 250 करोड़ रुपये से अधिक जदयू ने चंदा लिया है और सबसे ऊपर पार्टी का नाम है. साथ ही 1 हजार करोड़ से ऊपर इसने कच्चे में दोहन किया है. कोई भी ट्रांसफर-पोस्टिंग बिना तबादला लिए नहीं किया जाता है. प्रशांत किशोर ने भी साक्ष्य पेश किया था. स्मार्ट मीटर में बिल होगा 100 तो लेगा 200, ऐसे लोगों से भी चंदा लिया है.
क्या बोले नीरज कुमार?: शराब कंपनियों से चंदा लेने के मामले में जदयू और राजद के नेता आमने-सामने हैं. सुनील सिंह के बयान के बाद नीरज कुमार ने सुनील कुमार सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर उनमें साहस होता तो वे बिहार विधानसभा परिसर में शराब लेकर आते. उन्होंने कहा अगर सच में विरोध करना था तो शराब लेकर आते और सीधे जेल जाते.
"तब उन्हें समझ में आता कि बिहार में शराबबंदी कानून कितना सख्त है. शराबबंदी के बावजूद राजद ने शराब बनाने वाली कंपनियों से चंदा लिया है इस पर क्यों नहीं जवाब देते हैं?"- नीरज कुमार, एमएलसी, जेडीयू
आमने-सामने JDU और RJD: बता दें कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी है और जदयू एमएलसी नीरज कुमार लगातार आरजेडी पर गलत ढंग से चंदा लेने का आरोप लगाते रहे हैं. खासकर शराब कंपनियों से चंदा लेने का आरोप लगाते रहे हैं और उसी को लेकर राजद और जदयू के नेता आमने-सामने हैं.
ये भी पढ़ें
नीतीश पर 10 गुना.. चिराग पर 100 गुना चंदे की बारिश, बीजेपी को मिला 6654 करोड़ का चंदा
लालू परिवार में बढ़ा आंतरिक कलह, रोहिणी आचार्य के बाद रागिनी, चंदा और राजलक्ष्मी भी हुईं रवाना

