'विधानसभा में कराऊंगा शराब की डिलीवरी..' इस दिन सुनील सिंह खोलेंगे बिहार में शराबबंदी की पोल
RJD MLC सुनील कुमार सिंह ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि 27 फरवरी को विधानसभा के प्रांगण में शराब की डिलीवरी करके दिखाएंगे.

Published : February 25, 2026 at 5:23 PM IST
पटना: बिहार विधानमंडल का बजट सत्र चल रहा है. ऐसे में शराबबंदी कानून को लेकर प्रतिदिन विपक्ष सरकार की नाकामी को गिनाने में लगा हुआ है. वहीं बुधवार (25 फरवरी) को आरजेडी के विधान परिषद सदस्य सुनील कुमार सिंह ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि जिस दिन सत्र का आखिरी दिन होगा, उसी दिन सदन के प्रांगण में ही शराब की हम डिलीवरी करवाएंगे.
सदन में कराएंगे शराब की डिलीवरी: शराबबंदी कानून को लेकर सुनील कुमार सिंह ने बिहार सरकार पर जमकर निशाना साधा. साथ ही उन्होंने मीडिया से बात करते हुए साफ-साफ कहा कि आप लोग का कैमरा रहेगा और देखिएगा कि हम किस तरह से यहां शराब की डिलीवरी करवा देते हैं.
"बिहार में 10 साल से शराबबंदी है, लेकिन किस तरह की शराबबंदी है? सबसे ज्यादा खपत बिहार में ही शराब की होती है. बिहार में ही दहेज को लेकर कानून बनाया गया है, लेकिन सभी शादियों में दहेज लिया जाता है. शराबबंदी को लेकर भी वैसे ही सिर्फ कानून बनाया गया है, लेकिन शराब की तस्करी को रोकने में सरकार पूरी तरह से असफल है."- सुनील कुमार सिंह, RJD MLC
एक अणे मार्ग शराब डिलीवरी प्वॉइंट: उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री आवास के बाहर जो भारत रत्न राजेंद्र प्रसाद जी की मूर्ति लगी है, वहां शराब की डिलीवरी होती है. उन्होंने स्पष्ट रूप में कहा कि आप जहां चाहिएगा वहां बिहार में शराब मिल जाता है. सुनील सिंह ने कहा कि स्कूल कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र छोटे-छोटे गाड़ियों से शराब की होम डिलीवरी करते हैं. सरकार सब कुछ जान रही है. एक अणे मार्ग शराब डिलीवरी का प्वॉइंट है.
तेजस्वी ने क्या कहा?: वहीं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कानून व्यवस्था को लेकर एक बार फिर से नीतीश कुमार पर हमला बोला है. तेजस्वी यादव ने विधानसभा में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुका है. क्रिमिनल इस सरकार में राज कर रहे हैं. लगातार घटनाएं हो रही हैं, लेकिन ना तो नीतीश कुमार और न ही दोनों उपमुख्यमंत्री ही जिम्मेदारी लेने के लिए तैयार हैं.
"नीतीश जी तो बहुत कमजोर हो गये हैं, उनको तो याद ही नहीं रहता है. नीतीश कुमार ने अब तक गृह मंत्रालय किसी को नहीं दिया था लेकिन इस बार बीजेपी को दे दिया. जब भी चुनाव होता है अमित शाह का दौरा शुरू हो जाता है. इस बार सीमांचल का दौरा पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर हो रहा है. रुपया लगातार नीचे जा रहा है और ट्रंप जब चाहे तब टैरिफ लगा दे रहा है."- तेजस्वी यादव, नेता प्रतिपक्ष
ये भी पढ़ें
बिहार में शराब पर से बैन हटेगा या नहीं? आ गया नीतीश सरकार का फाइनल जवाब!
'बिहार में 30 हजार करोड़ का शराब कारोबार..' विधानसभा में RJD विधायक ने गिनाए आंकड़े
Explainer: क्या बिहार में 10 साल बाद खत्म होगी शराबबंदी?.. जानिए फायदा ज्यादा हुआ या नुकसान
बिहार में ये कैसी शराबबंदी! होली में हजारों लीटर शराब छलकाने की थी तैयारी.. तभी..

