'एक धर्म विशेष के खिलाफ काम करते हैं..', अमित शाह पर RJD विधायक का आरोप
आरजेडी ने अमित शाह पर एक धर्म विशेष के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया है. वहीं बीजेपी ने कहा, 'ये लोग डर गए हैं.'

Published : February 26, 2026 at 1:41 PM IST
पटना: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के सीमांचल दौरे से बिहार की राजनीति गरमायी हुई है. विपक्ष जहां उन पर सांप्रदायिक शक्तियों को बढ़ावा देने का आरोप लगा रहा है, वहीं सत्ता पक्ष का कहना है कि जब भी 'लौहपुरुष' आते हैं, विपक्षी नेताओं के पेट में दर्द शुरू हो जाता है. एनडीए नेताओं ने कहा कि विपक्ष नहीं चाहता कि घुसपैठियों के खिलाफ कार्रवाई हो.
भाई वीरेंद्र का अमित शाह पर आरोप: मनेर से आरजेडी विधायक भाई वीरेंद्र ने आरोप लगाया कि खास वर्ग को टारगेट करने के लिए ही अमित शाह सीमांचल के दौरे पर आए हैं. उन्होंने कहा कि गृहमंत्री जब भी आते हैं, सांप्रदायिक शक्तियों को बढ़ावा देने हैं और एक धर्म विशेष के खिलाफ काम करते हैं. इससे पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी कह चुके हैं कि पश्चिम बंगाल में चुनाव है, इसलिए गृहमंत्री सीमांचल के इलाके का दौरा कर रहे हैं.
"वो आते हैं तो कहीं ना कहीं आतंकवादियों को हवा देने आते हैं. देश में सांप्रदायिक शक्तियों को बढ़ावा देने का काम करते हैं. कहीं न कहीं एक धर्म के खिलाफ में वो काम करते हैं."- भाई वीरेंद्र, विधायक, राष्ट्रीय जनता दल
सत्ता पक्ष का पलटवार: सत्ता पक्ष ने आरजेडी नेता के बयान पर पलटवार किया है. आरएलएम विधायक माधव आनंद ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह जब भी बिहार आते हैं, विपक्षी सदस्यों के पेट में दर्द शुरू हो जाता है. उन्होंने कहा कि बंगाल चुनाव से इस दौरे का कोई कनेक्शन नहीं है.
सीमांचल क्षेत्र में सीमा के 10 किलोमीटर के अंदर के सारे अवैध अतिक्रमण ध्वस्त होंगे। pic.twitter.com/tvpLbllD9N
— Amit Shah (@AmitShah) February 26, 2026
"जब भी गृहमंत्री जी आते हैं तो इनलोगों के पेट में दर्द होना स्टार्ट हो जाता है. स्वभाविक है, लौह पुरुष गृहमंत्री जी हैं तो इनके पेट में दर्द होने दीजिए ना. जो भी बातें करते हैं करने दीजिए लेकिन वास्तविक बात ये है कि गृहमंत्री जब भी आते हैं तो बिहारवासियों के लिए बहुत तरह की सौगात देकर जाते हैं. कई तरह की समीक्षा होती है और उसमें बिहार के हित की बात होती है."- माधव आनंद, विधायक, राष्ट्रीय लोक मोर्चा
आरजेडी पर भड़के बीजेपी मंत्री: वहीं, बीजेपी नेता और मंत्री लखेन्द्र पासवान ने कहा कि आरजेडी नेताओं को अमित शाह के दौरे से परेशानी नहीं होनी चाहिए. गृहमंत्री तो घुसपैठ पर रोक लगाने के लिए आए हैं. इसके बावजूद अगर भाई वीरेंद्र और तेजस्वी यादव को परेशानी हो रही है तो इसका साफ मतलब है कि ये लोग नहीं चाहते हैं कि बिहार से घुसपैठियों को निकाला जाए.
हमने चुनाव में बिहार की जनता से वादा किया था कि हम बिहार को घुसपैठियों से मुक्त करेंगे। इसका मतलब केवल मतदाता सूची से घुसपैठियों के नाम हटाना नहीं है। हम कृतसंकल्पित हैं कि एक-एक घुसपैठिये को भारत की भूमि से चुन-चुनकर बाहर भेजने का काम करेंगे। सीमांचल क्षेत्र में इसकी शुरुआत कुछ…
— Office of Amit Shah (@AmitShahOffice) February 26, 2026
"अमित शाह जी के बिहार आते ही इन लोगों का कलेजा में धड़कन बढ़ जाता है. इनलोगों को डरना नहीं चाहिए. गृहमंत्री बिहार आकर बिहार की व्यवस्था ठीक कर रहे हैं. बिहार के अंदर घुसपैठिया ना आवे. इसके लिए अगर अमित शाह जी बैठक कर टाइट कर रहे हैं और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को दर्द हो रहा है तो इसका मतलब है कि ये लोग चाहते हैं बिहार में घुठपैठिया को बढ़ावा देना."- लखेंद्र पासवान, बीजेपी नेता सह मंत्री, बिहार सरकार
दलित भूमिहीनों के मुद्दे पर विपक्ष मुखर: आज विधानसभा के बजट सत्र का 18वां दिन है. आज आरजेडी और लेफ्ट के विधायकों ने दलित भूमिहीनों का मुद्दा उठाया. विधानसभा पोर्टिको में विपक्ष के विधायकों ने जमकर प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. आरजेडी और वामपंथी दल के विधायकों का कहना था कि दलितों को सरकार जमीन नहीं दे रही है, जबकि पहले से घोषणा है.
"सरकार दलित भूमिहीनों को 3 डिसमिल जमीन उपलब्ध कराए, जिससे गरीब दलित अपना घर बना सके. दलित भूमिहीनों के खिलाफ जिस प्रकार से बुलडोजर चलाया जा रहा है, सरकार उसे बंद करे."- रणविजय साहू, विधायक, आरजेडी
ये भी पढ़ें:
3 दिन के अंदर बिहार में होने वाला है कुछ बहुत बड़ा.. अमित शाह ने अररिया की धरती से किया ऐलान
अमित शाह की बड़ी बैठक: किशनगंज में सुरक्षा और लैंड पोर्ट पर हाई-लेवल मीटिंग में क्या हुआ?

