ETV Bharat / state

'पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई और BJP सांसद की भूमिका की जांच हो', रोशन यादव के परिजनों से मिले तेजस्वी यादव

तेजस्वी यादव ने मधुबनी में मृतक रोशन यादव के परिवार से मुलाकात की. बीजेपी सांसद की भूमिका की जांच की मांग की. रिपोर्ट- राजकुमार झा

Tejashwi Yadav
मधुबनी में तेजस्वी यादव (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : August 20, 2026 at 8:48 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

मधुबनी: मुधबनी में जेल में रोशन यादव की हत्या का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. जन सुराज संरक्षक प्रशांत किशोर के बाद अब नेता प्रतिपक्ष और आरजेडी कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने उनके परिजनों से मुलाकात की है. उन्होंने मामले में दोषी पुलिसकर्मियों को सजा देने की मांग की. साथ ही स्थानीय बीजेपी सांसद अशोक यादव की भूमिका की जांच की मांग की.

रोशन के परिजनों से मिले तेजस्वी: जिले के परकौली में रोशन यादव के परिजनों से मुलाकात कर तेजस्वी यादव ने पूरे मामले की जानकारी ली. इस दौरान उन्होंने आरजेडी की ओर से मृतक के परिवार को डेढ़ लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की. साथ ही सरकार से परिवार की दोनों बहनों में से एक को सरकारी नौकरी देने की मांग की.

'बिहार में अपराधियों का बोलबाला': परिवार से मुलाकात के बाद पूर्व डिप्टी सीएम मधुबनी अतिथि गृह पहुंचे. जहां पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि इस सरकार में कानून-व्यवस्था खत्म हो चुकी है, अपराध बेलगाम हो चुके हैं.

बीजेपी सांसद की भूमिका पर उठाए सवाल: तेजस्वी यादव ने स्थानीय बीजेपी सांसद अशोक यादव पर निशाना साधते हुए कहा, 'लोगों का तो कहना है कि यहां के एमपी की भी भूमिका है. मधुबनी के एमपी की क्या भूमिका है नहीं है? ये तो जांच के बाद ही पता चलेगा.'

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव (ETV Bharat)

निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग: नेता प्रतिपक्ष ने जिलाधिकारी और पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने की मांग की. इसके साथ ही उन्होंने रामपट्टी मंडल कारा के जेल अधीक्षक, संबंधित रक्षाकर्मी और रहिका थाना के एसएचओ को तत्काल निलंबित करने की भी मांग की.

"जेलों के अंदर या थानों में पुलिस-प्रशासन के द्वारा कई लोगों की मौतें भी हुईं हैं. जब पुलिस कहती है कि आत्महत्या है तो क्या पुलिस के पास कोई विजुअल है? हमलोग मानवाधिकार आयोग को चिट्ठी लिखेंगे और डीएम से बात करेंगे. जो भी पुलिसकर्मी इसमें दोषी हैं, उसको कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए."- तेजस्वी यादव, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, आरजेडी

Tejashwi Yadav
तेजस्वी यादव (ETV Bharat)

क्या है मामला?: असल में 10 अगस्त को रामपट्टी मंडल कारा में रोशन यादव अचेत अवस्था में पाए गए थे. उनकी मौत हो गई. घटना के बाद से ही मृतक के परिजनों की ओर से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की जा रही है. हालांकि जिला पदाधिकारी के आदेश पर मजिस्ट्रेट ने मृतक की मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट तैयार की गई. मेडिकल बोर्ड की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में इसे अप्राकृतिक मृत्यु पाया गया है.

वहीं, जेल अधीक्षक के लिखित आवेदन पर 11 अगस्त को राजनगर थाना में UD कांड सं0-13/26 दर्ज किया गया. पुलिस प्रशासन का कहना है कि घटना मंडल कारा के अंदर हुई है. जहां केवल कारा प्रशासन के कर्मी ही मौजूद रहते हैं, जिला पुलिस नहीं रहती है. लिहाजा घटना में जिला पुलिस की कोई भूमिका नहीं है.

ये भी पढ़ें: रामनरेश राय के परिवार से मिले तेजस्वी यादव, बिहार पुलिसिंग पर उठाए सवाल