ETV Bharat / state

RJD से हरेलाल यादव के निष्कासन पर भड़कीं लालू की बेटी रोहिणी आचार्या, निशाने पर कौन?

आरजेडी के सारण प्रवक्ता हरेलाल यादव के निष्कासन पर पार्टी में बवाल मच गया है. जानिए रोहिणी आचार्या ने क्या कहा.

RJD EXPELLED HARE LAL YADAV
रोहिणी आचार्या (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : July 9, 2026 at 10:16 AM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना: लालू प्रसाद यादव की पार्टी आरजेडी के सारण प्रवक्ता को पार्टी नेतृत्व के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में छह साल के लिए निष्कासित कर दिया गया है. इस कार्रवाई के बाद आरजेडी प्रमुख की बेटी रोहिणी आचार्या ने नाराजगी जताई है. साथ ही उन्होंने पार्टी के नेता संजय यादव, रमीज और सुनील सिंह पर भी निशाना साधा है.

क्या बोली रोहिणी आचार्या?: रोहिणी आचार्या ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा, क्या पार्टी की भलाई के लिए सच बोलने, पार्टी के लिए मजबूती एवं ईमानदारी से काम करने वालों के लिए अब जगह नहीं बची है राष्ट्रीय जनता दल में?.

''अनुशासनहीनता के झूठे आरोप गढ़ कर सारण के प्रवक्ता श्री हरेलाल यादव का छह वर्षों के लिए पार्टी से निष्कासन उन लोगों के द्वारा की गयी दुर्भाग्यपूर्ण कार्रवाई है, जो पार्टी को लगातार कमजोर कर रहे हैं, पार्टी में रहते हुए पार्टी और संगठन के साथ विश्वासघात कर रहे हैं.'' - रोहिणी आचार्या, नेता, आरजेडी

'साजिश करने वाले लोग टारगेट करते हैं': रोहिणी ने आगे लिखा, सारण का पूरा जिला संगठन वैसे लोगों के कब्जे में है जो कहने को तो पार्टी में हैं, मगर हकीकत में विरोधियों के इशारे पर काम करते हैं, चुनाव में पार्टी विरोधी काम करते हैं. सारण का हर एक विधायक, हर पार्टी पदाधिकारी पूरी तरह से निष्क्रिय है और जो लोग पार्टी की भलाई के लिए जनता के बीच जाते हैं, पार्टी से जुड़े लोगों, कार्यकर्ताओं, समर्थकों के सुख-दुख को साझा करते हैं, उनको ही ये निष्क्रिय एवं साजिश करने वाले लोग टारगेट करते हैं.

रोहिणी का संजय यादव पर निशाना: रोहिणी ने एक बार फिर संजय यादव पर निशाना साधा. उन्होंने कहा, संजय यादव या उसके ही जैसे लोगों पर सवाल उठाने वालों पर ही अगर कार्रवाई करनी है, तो सबसे पहले मुझ पर कार्रवाई करने की हिम्मत जुटाएं, मैं आज भी पार्टी में हूं और पार्टी को संजय यादव, रमीज, सुनील सिंह जैसे लोगों के चुंगल से छुड़ाने के लिए लगातार अपनी आवाज उठा रही हूं, आगे भी उठाती रहूंगी.

''मैं लालू जी की बेटी हूं, कभी गलत के सामने घुटने नहीं टेकूंगी और मेरा साथ देने वाले लोग भी किसी निष्कासन की कार्रवाई की परवाह किए बिना मेरे साथ मजबूती से खड़े ही रहेंगे.'' - रोहिणी आचार्या, नेता, आरजेडी

'निर्दोष को टारगेट किया जाना पार्टी के हित में नहीं': आखिर में रोहिणी आचार्या ने कहा, मैं एक बार फिर से दुहराती हूं, नाहक ही किसी निर्दोष, ईमानदार, जमीनी कार्यकर्त्ता, जिला स्तर के किसी पदाधिकारी को टारगेट किया जाना सरासर गलत और पार्टी के हित में नहीं है.

क्या बोले राजनीतिक विश्लेषक?: पार्टी से हरेलाल यादव के निष्कासन पर राजनीतिक विश्लेषक अरुण पांडे का कहना है कि, बिहार विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के भीतर इस तरह के सार्वजनिक मतभेद विपक्ष को मुद्दा देने के साथ-साथ संगठनात्मक एकजुटता पर भी सवाल खड़े कर सकते हैं. पार्टी नेतृत्व के खिलाफ बयान देकर रोहिणी ने एक बार फिर संकेत दिया है कि वह राजनीति में सक्रिय हैं.

क्या है पूरा मामला?: आरजेडी की प्रदेश इकाई ने सारण जिले के बनियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बरईठा गांव निवासी हरेलाल यादव को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छह वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया है. प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल के हस्ताक्षर से जारी कार्यालय आदेश में बताया गया है कि हरेलाल यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पार्टी और उसके नेतृत्व के खिलाफ काफी आपत्तिजनक टिप्पणियां की थी, जिसे अनुशासनहीनता और दल-विरोधी गतिविधि जैसा गंभीर कृत्य मानते हुए यह कार्रवाई की गई है.

ये भी पढ़ें:

बांकीपुर उपचुनाव के लिए RJD का ऐलान, रेखा गुप्ता होंगी उम्मीदवार

क्या है Bharat Tiwari Encounter का सच? RJD सांसद ने बताया