ये क्या.. महिलाओं के बदले पुरुषों के खाते में गए 10 हजार, RJD ने पूछा सवाल तो JDU का पलटवार
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना को लेकर राजद के निशाने पर बिहार सरकार आ गई है. दरभंगा के दो मामले का जिक्र कर जवाब मांगा है.

Published : December 13, 2025 at 9:08 PM IST
पटना : विधानसभा चुनाव से पहले बिहार की महिलाओं के खाते में ₹10000 देने की सरकार की मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना पर सवाल उठने लगे हैं. राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने आरोप लगाया है कि महिलाओं के बदले पुरुषों को भी ₹10000 देकर वोट खरीदा गया. राजद ने साक्ष्य देकर सरकार से जवाब मांगा कि महिलाओं के लिए चलाई गई योजना का पैसा पुरुषों के खाते में क्यों भेजा गया.
दरभंगा के मामले का जिक्र : राजद ने दरभंगा जिला के जाले प्रखंड के ब्रह्मपुर पश्चिम पंचायत के फेकन पासवान को प्रखंड परियोजना पदाधिकारी ने पत्र लिखकर मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत गलती से 10 हजार रु खाता में जाने का जिक्र किया है. पत्र में कहा गया है कि यह राशि यथाशीघ्र जमा कराया जाए.
बिहार में एनडीए नेताओं और अधिकारियों को रिश्वत देकर वोट खरीदने और सत्ता पाने की इतनी हड़बड़ी थी कि बेचारे भयंकर गड़बड़ी कर बैठे। बेचैनी और असुरक्षा इतनी ज्यादा थी कि महिलाओं की बजाय 10,000 रुपए पुरुषों के खाते में भेज दिए।
— Rashtriya Janata Dal (@RJDforIndia) December 13, 2025
अब पुरुषों को दस हजार रुपए लौटाने के लिए लव लेटर लिखे… pic.twitter.com/DTqdMU5ohO
दूसरे मामले का साक्ष्य : दूसरा मामला दरभंगा जिला के जाले प्रखंड के अहियारी पंचायत का है. अहियारी पंचायत के नीतीश कुमार को प्रखंड परियोजना पदाधिकारी ने पत्र लिखकर मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत दी जाने वाली 10 हजार की राशि गलती से उनके खाते में जाने की बात कही है. पत्र में उस राशि की यथाशीघ्र वापस करने को कहा गया है.
राजद का पोस्ट : इसको लेकर राजनीति शुरू हो गई है. राजद ने सोशल मीडिया X पर पोस्ट करते हुए बिहार में वोट चोरी की फिर से बात कही है. राष्ट्रीय जनता दल के ऑफिशियल X पोस्ट से लिखा गया है कि बिहार में एनडीए नेताओं और अधिकारियों को रिश्वत देकर वोट खरीदने और सत्ता पाने की इतनी हड़बड़ी थी कि बेचारे भयंकर गड़बड़ी कर बैठे. बेचैनी और असुरक्षा इतनी ज्यादा थी कि महिलाओं की बजाय 10,000 रुपए पुरुषों के खाते में भेज दिए.
''अब पुरुषों को दस हजार रुपए लौटाने के लिए लव लेटर लिखे जा रहे है. बिहार में भुखमरी, महंगाई, पलायन और बेरोजगारी इतनी अधिक है कि ये 10 हजार तो जिस वक्त डाले होंगे उसी समय खर्च हो गया होगा. बेचारे पुरुष अब यह लोन राशि बिल्कुल भी नहीं लौटायेंगे क्योंकि पहले उनका वोट लौटाओ. EVM, धांधली, वोट खरीदी, वोट चोरी और मशीनरी से बनाई सरकारों को कितने दिन छुपाओगे? सच एक दिन बाहर निकलेगा.''- आरजेडी
JDU की सफाई : जेडीयू नेता अभिषेक झा ने इस मामले में सफाई देते हुए कहा कि जब सरकार द्वारा बड़ी-बड़ी योजनाएं चलाई जाती है तो छोटी-छोटी गड़बड़िया होती है. हालांकि उसको ठीक किया जाता है. साथ ही इसे करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है. आरजेडी बेवजह इसे मुद्दा बना रही है.
''आरजेडी को बिहार के लोगों ने नकार दिया है. यह उसे बर्दाश्त नहीं कर पा रही है. इसीलिए कुछ मुद्दे को भुनाने की कोशिश की जा रही है. पर जनता है कि सब जानती है.''- अभिषेक झा, जेडीयू नेता
ये भी पढ़ें :-
10 हजार ने बदली किस्मत! शीला ने बर्तन चौका छोड़ मशरूम उगाया, पार्वती को 2 लाख का इंतजार

