'आग लगाने आ रहे'.. 'राजनीतिक खेल मत खेलियेगा' अमित शाह के सीमांचल दौरे से पहले विपक्ष का चौतरफा हमला
अमित शाह के दौरे से पहले ही बिहार में सियासत गरमाने लगी है. आरजेडी और एआईएमआईएम ने उन पर जोरदार हमला बोला है.

Published : February 24, 2026 at 2:43 PM IST
पटना: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 25 फरवरी से तीन दिवसीय बिहार दौरे पर आ रहे हैं. उनके आगमन से पहले ही सियासत भी शुरू हो गई है. आरजेडी ने जहां आरोप लगाया है कि होली से पहले वह आग लगाने आ रहे हैं, वहीं एआईएमआईएम का कहना है कि होम मिनिस्टर जरूर आएं लेकिन कोई राजनीतिक खेल ना खेलें.
भाई वीरेंद्र का आरोप: मनेर से आरजडी विधायक भाई वीरेंद्र ने अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि होली आ रही है. इसलिए सांप्रदायिक माहौल खराब करने के लिए वह आ बिहार आ रहे हैं. वहीं बांग्लादेशी घुसपैठ के सवाल पर उन्होंने कहा कि बिहार में एक भी घुसपैठिया नहीं है.
"आग लगाने, सांप्रदायिक सौहाद्र को बिगाड़ने, चूकि होली आ रही है तो सांप्रदायिक सौहाद्र को भी बिगाड़ने का प्रयास है. बिहार में कोई घुसपैठिये नहीं हैं. जिन राज्यों में चुनाव होता है, वहां ये लोग ऐसा करते हैं."- भाई वीरेंद्र, विधायक, राष्ट्रीय जनता दल
अख्तरुल ईमान का हमला: अमित शाह के दौरे पर एआईएमआईएम प्रदेश अध्यक्ष और विधायक अख्तरुल ईमान ने कहा कि गृह मंत्री आ रहे हैं तो सीमांचल के विकास की बात करें. वहां की गरीबी, दुर्दशा, पलायन, निरक्षरता और सरकारी नौकरी से वंचित लोगों की समस्या पर बात करें लेकिन कोई राजनीतिक खेल खेलने की कोशिश ना करें. उन्होंने घुसपैठिये के सवाल पर बीजेपी को ही कटघरे में खड़ा कर दिया.
"होम मिनिस्टर हैं, आना चाहिए. आंतरिक सुरक्षा की समीक्षा करनी चाहिए. हमलोग बांग्लादेश और नेपाल की सरहदों पर हैं. मैं ये कह रहा हूं कि आप आइये लेकिन आप कोई राजनीतिक खेल मत खेलिये, बल्कि सीमांचल के लोगों की गरीबी, दुर्दशा, पलायन, निरक्षरता, सरकारी नौकरी से वंचित जैसे मामलों की भी समीक्षा होनी चाहिए."- अख्तरुल ईमान, विधायक, एआईएमआईएम
25 फरवरी को आएंगे गृहमंत्री: अमित शाह एसएसबी और आईबी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे. जिसमें सीमांचल के तमाम जिलों के डीएम और एसपी मौजूद रहेंगे. इसके अलावे गावों में केंद्र सरकार की योजनाओं की प्रगति और बुनियादी ढांचे की स्थिति पर चर्चा करेंगे.
ये भी पढ़ें:
हेना शहाब के नाम पर भड़के AIMIM प्रदेश अध्यक्ष, कहा- राज्यसभा चुनाव में अपना प्रत्याशी उतारेंगे
गुस्से से लाल हुए नीतीश कुमार, सदन में भाई वीरेंद्र को लगायी जमकर फटकार

