बंद घर बने चोरों के सॉफ्ट टारगेट, ऐसे मकानों में चोरी का प्रतिशत सबसे ज्यादा! देखें, केस स्टडी
रांची में बंद घरों में चोरी के आंकड़े काफी बढ़ रहे हैं. इसको लेकर पुलिस भी परेशान है.

Published : July 2, 2026 at 3:45 PM IST
रांचीः पुलिस के लाख प्रयास के बावजूद चोरी की घटनाओं पर लगाम नहीं लग पा रहा है. हालांकि आंकड़े यह भी बता रहे हैं कि चोरी सिर्फ और सिर्फ बंद घरों में ही हो रही है. बंद घर ही चोरों के सॉफ्ट टारगेट बने हुए हैं.
पिछले 1 महीने के दौरान रांची के विभिन्न थानों में दर्ज मामले यह बताते हैं कि चोर करोड़ों की संपत्ति पर से हाथ साफ कर चुके हैं. जिन घरों में चोरी हुई उनमें से लगभग सभी बंद थे.
आतंक का पर्याय बने चोर
रांची पुलिस बड़े आपराधिक मामलों को हैंडल करने में तो कामयाब हो जा रही है. लेकिन समाज के लिए सबसे बड़े दुश्मन बने चोर गिरोह पर नकेल कसने में नाकामयाब है. पिछले 1 महीने के दौरान राजधानी रांची में चोर गिरोह के द्वारा दो दर्जन से ज्यादा चोरी की वारदातों को अंजाम दिया गया है.
ऐसा नहीं है कि केवल कुछ ही थाना क्षेत्र में चोर उत्पात मचा रहे हैं क्या ग्रामीण और क्या शहरी, सभी थाना क्षेत्रो में चोरों का आतंक कायम है. रांची के विभिन्न थानों में दर्ज एफआईआर के आंकड़े चोरों के आतंक की कहानी बता रहे है. अगर आप राजधानी रांची में पिछले 1 महीने के दौरान हुई चोरी के मामलों में दर्ज एफआईआर को ही खंगाल लें तो पता चल जाएगा कि एक महीने के भीतर चोरों ने करोड़ों की संपत्ति पर हाथ साफ किया है.
केस स्टडी (जून से लेकर अब तक)
- पंडरा के रहने वाले डॉक्टर उमेश के यहां से मात्र 10 मिनट के भीतर चोरों ने 20 लाख से ज्यादा के जेवर गायब कर दिए. डॉक्टर का परिवार घर में ताला बंद करके पास की दुकान से मिठाई लेने गया था, इस दौरान चोरों ने पूरा घर साफ कर दिया. इस वारदात को चोरों ने 1 जुलाई को दिन के उजाले में अंजाम दिया.
- बीआईटी ओपी क्षेत्र में चोरों ने जेवर दुकान को निशाना बनाते हुए 65 लाख के गहने गायब कर दिए. चोरी कैसे बड़े कांड को चोरों के द्वारा रात के अंधेरे में अंजाम दिया गया.
- रांची के मेघा डेयरी में काम करने वाले अनीश कुमार भारती के घर मे बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया. अनीश कुमार सपरिवार 29 मई को नेपाल घूमने के लिए गए हुए थे. 4 जून की सुबह करीब 10 बजे वापस रांची लौटे. घर पहुंचने पर बाहर के गेट में ताला लगा हुआ ही था.
- लेकिन जैसे ही वे लोग कैंपस के अंदर गए वे डर गए. घर के मुख्य दरवाजा सहित अन्य सभी दरवाजे के ताले टूटे पड़े थे. घर का हर समान बिखरा पड़ा था. ट्रॉली बैग से लेकर हर अलमीरा और बक्शा खुला हुआ था. ऐसे हालात देख कर उन्हें समझ आ गया कि घर मे चोरी हुई है. इस आवास से चोरों ने 25 से 30 लाख के गहने और 15 हजार नकद ले गए.
- रांची के पुंदाग ओपी इलाके में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया. चोरों ने सोनू सोनी नाम के व्यक्ति के घर को निशाना बनाते हुए 12 लाख मूल्य के गहने और एक लाख 55 हजार रुपये कैश गायब कर दिए. चोर इतने शातिर थे की उन्होंने चोरी के दौरान कोई खलल न पड़े इसलिए चोरी के वारदात के दौरान आस पड़ोस के घरों के कई दरवाजे में बाहर से रस्सी बांध दिया तो किसी घर कुंडी तक लगा दी.
- तुपुदाना ओपी क्षेत्र के बसारगढ़ में रहने वाले विनोद शर्मा के बंद पड़े मकान से 50 हजार नकद समेत पांच लाख रुपये मूल्य के जेवर की चोरी.
- अरगोड़ा थाना क्षेत्र के अशोक विहार में रहने वाले विनीत कुमार सिंह के आवास से चेन, मंगलसूत्र, कान की बाली, अंगूठी और अन्य जेवरात समेत 12 लाख रुपये की संपत्ति की चोरी.
- लोअर बाजार थाना क्षेत्र के चर्च रोड टोली निवासी सत्येंद्र कुमार र नाग के से सोने का सिक्का, चेन चार, चूडी, हार तीन, कान की बाली, अंगूठी, पायल, 15 हजार कैश समेत 15 लाख रुपये के जेवर की चोरी.
- सदर थाना क्षेत्र के 5 खोरहाटोली गौसनगर की रेशमा के आवास से 23 लाख के सोना-चांदी के जेवर गायब.
- बरियातू के चिरौंदी रवींद्रनगर फेज दो में रहने वाले सुमित कुमार के मकान से 25 हजार नकद के अलावा पांच लाख के सोना-चांदी के जेवर और बर्तन की चोरी.
- सुखदेवनगर थानां क्षेत्र के इरगू रोड कैलाश नगर में रहने वाली ललिता देवी के मकान से सोने का लॉकेट, झुमका, नथिया, बिछिया, चेन और 40 हजार कैश समेत छह लाख के जेवर की चोरी.
- जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के हटिया टोनको निवासी अवध बिहारी लाल के डोरंडा डिबडीह अशोक आश्रम में दूसरे बंद पड़े आवास से वायरिंग, एलसीडी, सिलाई मशीन, सोने का कान का झुमका, अंगूठी, बाला समेत 10 लाख की संपत्ति की चोरी.
पुलिस परेशान, मोशन युक्त कैमरे लगाने की सलाह
यह भी एक हकीकत है कि रांची में जिन घरों में कोई मौजूद रहता है वहां चोरी की वारदात न के बराबर हो रही है लेकिन बंद घर चोरों के निशाने पर है. रांची सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि भीड़ में कोई व्यक्ति चोर है यह पहचान करना बेहद मुश्किल भरा काम है.
पुलिस वैसे तमाम गिरोह जो चोरी की वारदातों को अंजाम देते हैं उन पर नजर रखती है. कई बड़ी चोरी की वारदातों का खुलासा भी हुआ है और अपराधी भी गिरफ्तार हुए हैं साथ ही साथ चोरी गए सामानों की रिकवरी भी हुई है. सिटी एसपी के अनुसार लोग घरों में सीसीटीवी कैमरे लगाकर घर बंद कर निकल जाते हैं, यह सुरक्षित नहीं है. अगर सीसीटीवी लगाना है तो आप मोशन युक्त सीसीटीवी लगाएं जिसमें अगर कोई आपके घर में प्रवेश करेगा तो आपके मोबाइल पर अलार्म बजने लगेगा. इसके बाद आप नजदीक के थाना में इसकी सूचना दे सकते हैं.
'आंकड़े बढ़े नहीं घटे हैं'
रांची सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि अगर पिछले साल की तुलना में किस वर्ष चोरी की वारदातों में कमी आई है. एक जुलाई 2025 से लेकर 31 दिसंबर के बीच में रांची में 299 चोरी हुई थी. 2026 के पहले छह महीने में यह आंकड़ा 245 का है. इस हिसाब से चोरी की वारदातों में 20 प्रतिशत की कमी आई है.
इसे भी पढ़ें- रांची में चोरों का आतंक जारी, पड़ोस के घरों को बाहर से बंद कर 12 लाख के गहने ले उड़े
इसे भी पढ़ें- बीमारी का इलाज करने गए वेल्लोर, चोर उड़ा ले गए जेवरात समेत अन्य सामान, जांच में जुटी पुलिस
इसे भी पढ़ें- शादी में शामिल होने गया परिवार, चोरों ने कर दिया घर साफ, पुलिस ने चोरों को किया गिरफ्तार

