दिल्ली में प्रदूषण से राहत नहीं, सुबह के समय पार्क-सड़के सूनी, वॉक पर जाने से भी कतरा रहे लोग
दिल्ली के ज्यादातार इलाकों में AQI 400 के पार...स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक

Published : December 12, 2025 at 12:43 PM IST
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में लगातार पॉल्यूशन का ग्राफ बढ़ता जा रहा है जहां दिल्ली के अधिकतर इलाकों में AQI 400 के पार जा चुका है तो कुछ इलाकों में AQI 300 को छू रहा है. जो लोगों के स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक है. पॉल्यूशन के कारण लोगों को स्वास्थ्य संबंधित कई बीमारियां हो रही हैं. लोग अब सुबह टहलने से भी कतराने लगे हैं और पार्कों में टहलने वाले लोगों की संख्या में गिरावट देखी जा रही है.
पॉल्यूशन की वजह से विजिबिलिटी भी कम : दिल्ली के तुगलकाबाद स्थित महरौली बदरपुर रोड पर आज सुबह पॉल्यूशन की वजह से विजिबिलिटी भी कम दिखाई दे रही है. अमूमन जहां दिसंबर के महीने में ठंड की वजह आमतौर पर फॉग नजर आना चाहिए वहीं अब फॉग की जगह स्मॉग नजर आ रहा है. स्मॉग की वजह से सड़कों पर चलने में लोगों को दिक्कत हो रही है क्योंकि सड़क पर विजिबिलिटी भी काफी कम है.
नहीं हो रहे सूरज के दर्शन: पॉल्यूशन की वजह से सुबह 7:30 बजे तक भी सूरज के दर्शन नहीं हो पा रहे, इसलिए सूर्य की रोशनी भी दिल्ली में लेट से दिखाई दे रही है. तुगलकाबाद का AQI लेवल 339 पहुंच चुका है जो लोगों के स्वास्थ्य के लिए खतरनाक है. जहां ऐसे में लोगों को कई प्रकार की स्वास्थ्य संबंधित बीमारियां भी हो रही है. लोगों की आंखों में जलन, सांस लेने में दिक्कत, सर्दी, जुकाम और सरदर्द की बीमारी से लोग ग्रस्त हो रहे हैं.

प्रदूषण की वजह से लोग मॉर्निंग वॉक पर जाने से भी बच रहे है: ईटीवी भारत की टीम ने सुबह टहलने वाले लोगों से पॉल्यूशन को लेकर बातचीत की तो उन्होंने कहा कि पहले हम लोग 10 से 12 की संख्या में एक ग्रुप में टहलने आते थे लेकिन अब यह संख्या पॉल्यूशन की वजह से 2 से 3 हो गई है सभी लोग पॉल्यूशन की वजह से सुबह टहलने में कतराने लगे हैं. तुगलकाबाद के डीडीए पार्क में सुबह टहलने वालों की संख्या आम तौर पर काफी होती थी.

बढ़ती ठंड के साथ बढ़ते प्रदूषण की वजह से पार्क भी खाली रहने लगे हैं लोगों का कहना है कि दिल्ली में प्रदूषण इतना बढ़ चुका है कि हम लोग जब सुबह घर से टहलने के लिए निकलते हैं तो आंखों में जलन होती है, सांस लेने में दिक्कत होती है. बार-बार खांसी होना, सर में दर्द दिन भर बने रहना और अब तो थकावट सी भी लगने लगी है. लोगों का कहना है दिल्ली सरकार को बढ़ते पॉल्यूशन पर ध्यान देना चाहिए क्योंकि अब दिल्ली की हवा बहुत खराब हो चुकी है. दिल्ली सरकार को अब दिल्ली की सभी सड़कों पर और पेड़ पौधों पर पानी का छिड़काव लगातार किया जाना चाहिए जो नहीं हो रहा.
स्थानीय लोगों का कहना है कि दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में स्मॉग टॉवर भी लगाने चाहिए जिससे पॉल्यूशन को कम किया जा सके क्योंकि एक स्मॉग टॉवर तकरीबन 300 मीटर तक के दायरे में हवा को शुद्ध रखता है तो सरकार को इन सभी चीजों का ध्यान देना चाहिए ताकि दिल्ली में बढ़ते पॉल्यूशन से लोगों को बचाया जा सके.
ये भी पढ़ें :

