रांची में बेखौफ स्नैचर: कहीं सोने की चेन तो कहीं झपट लिया मोबाइल फोन
राजधानी रांची में स्नैचिंग की घटनाओं में इजाफा हुआ है.

Published : June 9, 2026 at 10:59 PM IST
रांचीः राजधानी में बाइकर्स गैंग आतंक मचा रहे हैं. कहीं महिलाओं से सोने के चेन झपटे जा रहे हैं तो कहीं मोबाइल फोन. एक सफ्ताह के भीतर एक दर्जन से ज्यादा मामले रांची के अलग अलग थानों में रिपोर्ट किए गए हैं. हैरानी की बात है कि स्नैचर्स सीसीटीवी कैमरों में कैद भी हो रहे लेकिन दबोचे नहीं जा रहे हैं.
मंगलवार को छात्र से सरेआम झपट लिया मोबाइल
राजधानी रांची में स्नैचिंग की वारदातों में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है. मंगलवार को ताजा कोतवाली थाना क्षेत्र के हरमू रोड स्थित बाम्बे वेफर्स के सामने बाइक सवार दो अपराधियों ने एक छात्र से मोबाइल छीनकर फरार हो गए. बाइक सवार अपराधियों ने वारदात को तब अंजाम दिया, जब छात्र मोबाइल पर बात करते हुए सड़क किनारे चल रहा था. छिनतई की घटना सीसीटीवी कैमरा में भी कैद हुई है.

इस संबंध में छात्र निखिल कुमार ने कोतवाली थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. गाड़ीखाना के रहने वाले निखिल ने पुलिस को बताया कि उनका दोस्त हरमू रोड में रहता था. मंगलवार को दिन के 12 बजे वह अपने दोस्त से मिलने के लिए पैदल जा रहा था. इस दौरान वह अपने एक मित्र से मोबाइल फोन से बात करते हुए पैदल चल रहा था.
हरमू बाम्बे वेफर्स के पास एक बाइक पर सवार दो अपराधी पहुंचे और उनके हाथ से मोबाइल छीना और तेजी से भाग निकले. हालांकि वह अपराधियों का पीछा भी किया लेकिन अपराधी बाइक से भाग निकले. जिसके बाद वह कोतवाली थाना पहुंचे और मामला दर्ज कराया. कोतवाली थाना प्रभारी सनोज चौधरी ने बताया कि मामले में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर स्नैचर्स की पहचान की जा रही है.
एक से आठ जून तक आधा दर्जन मोबाइल व चेन की हुई छिनतई
राजधानी रांची में बेखौफ स्नैचर लगातार छिनतई की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं. पुलिस के आंकड़े बताते हैं कि एक से आठ जून के बीच रांची के सुखदेवनगर, अरगोड़ा, लालपुर, धुर्वा समेत अन्य थाना क्षेत्र में आधा दर्जन से ज्यादा छिनतई की वारदातें हुई है. इस मामले में थानों में प्राथमिकी भी दर्ज की गई है लेकिन अब तक पुलिस को स्नैचरों का कोई सुराग हाथ नहीं लगा है. पुलिस अफसरों का कहना है कि रांची के लोकल अपराधी ही स्नैचिंग की घटना को अंजाम दे रहे हैं. पुलिस की स्पेशल टीम अपराधियों को पकड़ने के लिए जुटी हई है.

केस स्टडी
7 जून: रातू रोड मुख्य मार्ग पर आदिवासी बिड़ला छात्रावास के पास शनिवार को दोपहर में छात्रा से स्कूटी सवार उचक्के ने मोबाइल फोन की छिनतई कर ली और भाग निकलने में कामयाब हो गया. घटना के समय छात्रा ट्यूशन पढ़ने के लिए पैदल एक कोचिंग सेंटर जा रही थी. इस संबंध में सुखदेवनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है.
5 जून: रांची में खेलगांव थाना क्षेत्र के डुमरदगा सैनिक कॉलोनी के रहने वाले आदित्य रंजन से बाइक सवार अपराधियों ने उनके गले से चेन छीनकर फरार हो गए. मामले में खेलगांव थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी. अब तक अपराधियों का पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला है.
6 जूनः रांची के मोराबादी मैदान स्थित रांची डीसी के आवास के ठीक सामने एक महिला से सुबह के समय अज्ञात अपराधियों ने सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए. महिला अपने पति के साथ मार्निंग वॉक कर घर लौट रही थी. इस सबंध में रांची के लालपुर थाने में मामला दर्ज करवाया गया है.
3 जून: धुर्वा थाना क्षेत्र के एचइसी सेक्टर दो में शालीमार बाजार में सब्जी की खरीदारी करने गए कुंदन कुमार से मोबाइल फोन की छिनतई कर ली गई. घटना बुधवार को शाम साढ़े छह बजे उस समय हुई जब एचइसी कॉलोनी में आवास संख्या सीडी 265 में रहने वाले कुंदन कुमार मशरूम की खरीदारी कर उसे अपनी साइकिल में टंगे थैला में रख रहे थे.
7 जूनः रांची के हटिया विकास नगर रोड नंबर चार में बाइक सवार अपराधियों ने एक महिला से उनके गले से सोने का चेन छीनकर फरार हो गए. इस वारदात को बाइक सवार अपराधियों ने रविवार की रात तब अंजाम दिया, जब महिला ठहलने के लिए घर से निकली थी.
इस संबंध में योगेंद्र प्रसाद ने जगन्नाथपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. योगेंद्र प्रसाद ने पुलिस को बताया कि सात जून की रात साढ़े आठ बजे उनकी पत्नी अनुबिता कुमारी घर से टहलने के लिए निकली थी. गणपतिनाथ मंदिर के पास जब वह पहुंची तो एक बाइक पर सवार दो अपराधी पीछे से पहुंचे और उनके गले से सोने का चेन छीना और तेजी से हटिया सिंह मोड़ की ओर भाग निकले, जिसके बाद वह पत्नी के साथ जगन्नाथपुर थाना पहुंचे और मामला दर्ज कराया.
इसे भी पढ़ें- रांची के लालपुर थाना गेट के सामने छिनतई की वारदात, बैंक से पैसे निकालकर लौट रहे बुजुर्ग बने शिकार
इसे भी पढ़ें- बच्चों के गले से लॉकेट छिनने वाले गिरोह का भंडाफोड़, पलामू पुलिस के शिकंजे में तीन सदस्य
इसे भी पढ़ें- धनबाद में छिनतई मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, महिला से पर्स झपटकर भाग रहे थे

