रिम्स निदेशक का औचक निरीक्षण, अचानक पहुंचे यूरोलॉजी-नेफ्रोलॉजी विभाग
रांची में रिम्स निदेशक ने अस्पताल के यूरोलॉजी-नेफ्रोलॉजी विभाग का औचक निरीक्षण किया. उपेंद्र कुमार की रिपोर्ट.

Published : August 30, 2026 at 1:03 AM IST
रांची: रिम्स के निदेशक प्रो. (डॉ.) डी. के. सिन्हा ने शनिवार की शाम अचानक अस्पताल के यूरोलॉजी एवं नेफ्रोलॉजी विभाग का औचक निरीक्षण करने पहुंच गए. बिना किसी पूर्व सूचना दोनों महत्वपूर्ण विभाग पहुंचे रिम्स निदेशक ने वहां मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, चिकित्सकीय सेवाओं और साफ-सफाई की व्यवस्था का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों की सुविधा से जुड़े कई अहम निर्देश विभागाध्यक्ष एवं डॉक्टरों को दिए.
साफ सफाई को लेकर दिया निर्देश
यूरोलॉजी और नेफ्रोलॉजी विभाग के औचक निरीक्षण के दौरान निदेशक डॉ डीके सिन्हा ने विभाग की साफ-सफाई और स्वच्छता को लेकर की गई व्यवस्था का जायजा लिया. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विभाग में हेल्थ के साथ हाइजीन भी बहुत जरूरी है,ऐसे में साफ सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए. अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को साफ-सुथरा और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना जरूरी है. प्रो. (डॉ.) डी. के. सिन्हा ने कहा कि मरीजों को बेहतर और सुगम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना RIMS की उच्च प्राथमिकता है. उन्होंने विभागीय टीम को मरीज-केंद्रित व्यवस्था को और मजबूत करने का निर्देश दिया.

मरीजों की आवाजाही में नहीं हो परेशानी
इस निरीक्षण के दौरान मरीजों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने की व्यवस्था पर भी निदेशक ने ध्यान दिया. उन्होंने कहा कि विभाग में पर्याप्त संख्या में ट्रॉली उपलब्ध होने चाहिए ताकि मरीजों को जांच, उपचार या अन्य जरूरी सेवाओं के लिए ले जाने में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े. रिम्स निदेशक ने स्पष्ट किया कि अस्पताल की व्यवस्थाओं में मरीजों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता मिलनी चाहिए और इसमें कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
नए कंसलटेंट के लिए उपयुक्त कक्ष देने का निर्देश
विभाग में कार्यरत नए कंसलटेंट के लिए उपयुक्त कक्ष उपलब्ध कराने का भी निर्देश निदेशक ने संबंधित अधिकारियों को दिया. उन्होंने कहा कि चिकित्सकों को बेहतर कार्य-परिसर उपलब्ध होने से मरीजों को परामर्श और उपचार की सुविधा भी सुचारु रूप से मिल सकेगी.
विभागीय कार्यों पर जताया संतोष
औचक निरीक्षण के दौरान निदेशक ने यूरोलॉजी एवं नेफ्रोलॉजी विभाग में किए जा रहे चिकित्सकीय कार्यों और मरीज हित से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी ली. उन्होंने विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों पर संतोष व्यक्त किया और टीम को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए लगातार प्रयासरत रहने को कहा.

उन्होंने अधिकारियों एवं विभागीय टीम को निर्देश दिया कि मरीज-केंद्रित व्यवस्था, स्वच्छता और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाओं से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए. रिम्स में मरीजों को बेहतर उपचार और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए व्यवस्थाओं में लगातार सुधार किया जाए. निरीक्षण के दौरान रिम्स के अपर निदेशक, मेडिकल अधीक्षक सहित कई अधिकारी भी उपस्थित रहे.
इसे भी पढ़ें- स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त सचिव ने किया रांची सदर अस्पताल का निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के दिए निर्देश
इसे भी पढ़ें- सदर अस्पतालों और चिकित्सा महाविद्यालयों की एसीएस ने की समीक्षा, दिए कई दिशा-निर्देश
इसे भी पढ़ें- सदर अस्पतालों को हाईटेक करने की तैयारी, एक क्लिक पर मिलेगी डॉक्टर, दवा और सुविधाओं की जानकारी

