रेवाड़ी सड़क हादसे में 2 युवकों की मौत, 2 गंभीर, खाटू श्याम जी के दर्शन करने जा रहे थे चारों दोस्त
रेवाड़ी में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने कार सवार चारों युवकों को रौंदा, दो की मौत और दो गंभीर.


Published : December 29, 2025 at 9:29 AM IST
रेवाड़ी: हरियाणा के रेवाड़ी में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. दिल्ली-जयपुर हाईवे पर ओढ़ी गांव के समीप रॉन्ग साइड से आ रहे एक ट्रक ने इको गाड़ी को भीषण टक्कर मार दी. हादसे में एक ही गांव के दो युवकों की मौके पर मौत हो गई. जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. एक गाड़ी में सवार ये सभी युवक राजस्थान के सीकर स्थित खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए जा रहे थे. सूचना के बाद मौके पर पहुंची बावल थाना पुलिस ने शवों को कब्जे में लिया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया. मामले की जांच की जा रही है.
हादसे में दो युवकों की मौत: मिली जानकारी के मुताबिक, रेवाड़ी के रहने वाले पवन, प्रवीण, विक्रम और एक अन्य साथी इको कार में सवार होकर रविवार रात को खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए जा रहे थे. दिल्ली-जयपुर हाईवे पर ओढ़ी गांव के समीप सामने से आ रहे एक ट्रक की गाड़ी से जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में मौके पर ही चीख-पुकार मच गई. आसपास के लोगों ने पुलिस को हादसे की सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने चारों घायलों को रेवाड़ी के अस्पताल पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने पवन (30) और प्रवीण (25) को मृत घोषित कर दिया. जबकि दो अन्य युवकों को गंभीर हालत में जयपुर रेफर कर दिया.
ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज: हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी. बावल थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि "रविवार देर रात सूचना मिली कि दिल्ली-जयपुर हाईवे पर एक ट्रक और ईको कार की टक्कर हुई है. हादसे में चार युवक घायल हो गए हैं. मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने चारों घायल युवकों को अस्पताल में पहुंचाया. जिसमें से दो की मौत हो चुकी थी. जबकि दो युवकों को हायर सेंटर रेफर किया गया है. ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे".

