ETV Bharat / state

पोस्टमार्टम की रिपोर्ट ने खोला रिटायर्ड वायु सैनिक की मौत का राज, LLB छात्र और उसका साथी गिरफ्तार

Rewari Air Force Death Case: रेवाड़ी में रिटायर्ड वायु सैनिक की मौत मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया.

Rewari Air Force Death Case
Rewari Air Force Death Case (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : February 19, 2026 at 3:40 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

रेवाड़ी: 60 वर्षीय रिटायर्ड वायु सैनिक की मौत मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. पोस्टमार्ट की रिपोर्ट से पता चला है कि रिटायर्ड सैनिक की मौत अधिक शराब पीने से नहीं हुई थी. बता दें कि बास बटौड़ी गांव में 3 फरवरी की सुबह करीब 60 साल के रिटायर्ड वायु सैनिक महाराम अपने घर के कमरे में मृत मिले थे. वह पिछले करीब सात साल से घर में अकेले रह रहे थे.

रिटायर्ड वायु सैनिक की मौत मामला: जब वह काफी देर तक घर से बाहर नहीं निकले तो पड़ोसियों को शक हुआ. लोगों ने कमरे में झांककर देखा तो महाराम चारपाई पर पड़े थे और कोई हरकत नहीं हो रही थी. इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. खोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. सूचना मिलने पर उनका बेटा निलेश और पत्नी मंगेशा भी गांव पहुंच गए थे.

पोस्टमार्टम की रिपोर्ट ने खोला रिटायर्ड वायु सैनिक की मौत का राज (Etv Bharat)

पहले शराब से मौत मानी गई थी वजह: महाराम को शराब पीने की आदत थी और अक्सर वह नशे में रहते थे. इसी वजह से शुरुआत में पुलिस और आसपास के लोगों को लगा कि उनकी मौत ज्यादा शराब पीने से हुई है. पुलिस ने इसी आधार पर पोस्टमार्टम कराया ताकि मौत की असली वजह पता चल सके. परिवार के लोगों ने भी शुरुआत में कोई शक जाहिर नहीं किया था. हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पूरा मामला बदल गया और यह साफ हो गया कि मामला सामान्य मौत का नहीं, बल्कि हत्या का है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोला हत्या का राज: पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर ने अपनी रिपोर्ट में साफ लिखा कि महाराम के शरीर पर कई चोटों के निशान थे. इन चोटों से साबित हुआ कि उनकी मौत शराब से नहीं, बल्कि मारपीट के कारण हुई थी. रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस ने केस को गंभीरता से लिया. 14 फरवरी को मृतक की पत्नी मंगेशा के बयान पर हत्या का मामला दर्ज किया गया. इसके बाद सीआईए टीम को जांच सौंपी गई और आरोपियों की तलाश शुरू की गई. पुलिस ने आसपास के लोगों और संदिग्धों से पूछताछ कर सुराग जुटाए.

लूट के इरादे से घर में घुसे थे आरोपी: जांच के दौरान सीआईए ने बास बटौड़ी निवासी विशाल और खालेटा निवासी साहिल को गिरफ्तार किया. पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी लूट की नीयत से महाराम के घर में घुसे थे. उस समय महाराम घर में अकेले सो रहे थे. इसी दौरान उनकी नींद खुल गई और उन्होंने विरोध किया. विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. मारपीट इतनी ज्यादा थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई. वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे. पुलिस अब दोनों को रिमांड पर लेकर आगे पूछताछ कर रही है.

दूध सप्लाई के बहाने करता था रेकी: डीएसपी सुरेंद्र श्योराण ने बताया कि "पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी विशाल डेयरी का काम करता था और रोजाना महाराम के घर दूध देने आता था. इसी दौरान उसने घर की स्थिति देखी और उसे लगा कि यहां नकदी और जेवर मिल सकते हैं. पूर्व सैनिक होने के कारण उसे यह भी शक था कि घर में पैसे हो सकते हैं. इसी लालच में उसने अपने दोस्त साहिल को साथ मिलाया और वारदात को अंजाम दिया. साहिल सहारनवास कॉलेज में एलएलबी की पढ़ाई कर रहा था, जबकि विशाल एक निजी अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ में काम करता था. पुलिस अब लूटे गए सामान की भी तलाश कर रही है."

ये भी पढ़ें- यमुनानगर डबल फायरिंग कांड का खुलासा: निजी अस्पताल और सिटी मॉल पर गोलियां चलाने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार