रेवाड़ी में अचानक बंद हुई लिफ्ट, अंदर फंसे लोगों की बिगड़ी तबीयत, ऐसे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
रेवाड़ी में सोमवार सुबह लिफ्ट के अचानक बंद होने से अंदर फंसे लोगों में हड़कंप मच गया.


Published : December 22, 2025 at 10:09 PM IST
रेवाड़ी: हरियाणा के रेवाड़ी में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब धारूहेड़ा की एमटीके काउंटी हाइट्स सोसायटी के जी टावर में लिफ्ट खराब होने से कुछ लोगों की सांसें अटक गई. सुबह करीब 8.30 बजे टावर की छोटी लिफ्ट अचानक बीच में बंद हो गई थी. लिफ्ट में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग सवार थे. अचानक लिफ्ट बंद होने से डर का माहौल बन गया. लिफ्ट के अंदर फंसे लोग मदद के लिए चिल्लाने लगे.
लिफ्ट में अटकी लोगों की सांसें: लिफ्ट के अंदर लोग करीब 15 मिनट तक फंसे रहे. सूचना पाकर मौके पर पहुंची टीम ने लिफ्ट दरवाजे को तोड़कर लोगों को बाहर निकाला. मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि "यह वही छोटी लिफ्ट है, जो पिछले करीब 15 दिनों से ठीक तरह से काम नहीं कर रही थी. इसके बावजूद लिफ्ट का नियमित उपयोग किया जा रहा था". वहीं, घटना के दौरान लिफ्ट में फंसे एक वरिष्ठ नागरिक की तबीयत भी बिगड़ गई. लिफ्ट में मौजूद लोगों ने किसी तरह सहायता के लिए आवाज लगाई. जिसके बाद धीरे-धीरे लिफ्ट खोली जा सकी.
मौके पर नहीं थे कोई सुरक्षा इंतजाम: इस घटना के बाद सोसायटी की सुरक्षा और प्रबंधन व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठे हैं. लिफ्ट की इमरजेंसी चाबी मौके पर उपलब्ध नहीं थी. इसके अलावा, तैनात सुरक्षा गार्डों को आपात स्थिति से निपटने का कोई प्रशिक्षण या जानकारी नहीं थी. लिफ्ट में लोग फंसे होने के बावजूद गार्डों की ओर से तुरंत और प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी. जिससे अंदर मौजूद लोगों की परेशानी और बढ़ गई. वहीं, धारूहेड़ा सेक्टर 6 थाना प्रभारी सचिन कुंडू ने बताया है कि "अभी सोसाइटी में रहने वाले लोगों की तरफ से कोई भी शिकायत नहीं मिली है. अगर कोई शिकायत मिलती है, तो मैनेजमेंट के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी".
ये भी पढ़ें: चंडीगढ़ वासी कृप्या ध्यान दें, डायल 112 पर नहीं लगेगी कॉल, इमरजेंसी के लिए वैकल्पिक नंबर जारी
ये भी पढ़ें: रेवाड़ी कोर्ट ने नाबालिग से दुष्कर्म के दोषी को सुनाई सजा, 20 साल कैद व जुर्माना भरने की सजा का किया ऐलान

