रीवा में हेलीकॉप्टर से दुल्हनिया लेने पहुंचा दूल्हा, शाही बारात देखने गांव में लगा मजमा
रीवा के बरौहा गांव में दुल्हन लेने हेलीकॉप्टर से गया दूल्हा, ग्रामीणों में लगी रही वीडियो बनाने की होड़, पिता का सपना किया पूरा.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : February 26, 2026 at 7:15 PM IST
|Updated : February 26, 2026 at 8:14 PM IST
रीवा: सिरमौर विधानसभा क्षेत्र में हुई एक शादी सोशल मीडिया में छाई हुई है. बीते दिन आयोजित हुआ यह वैवाहिक आयोजन तब काफी चर्चा में आ गया जब दूल्हेराजा न तो किसी लक्जरी कार में सवार हुए और न ही घोड़ी पर. दूल्हे राजा अपने घर से हेलीकॉप्टर पर सवार हुए और ससुराल के लिए उड़ान भरी. हेलीकॉप्टर में सवार दूल्हेराजा ने ससुराल के पास बने हेलीपैड पर जैसे ही एंट्री मारी सामने खड़े ग्रामीण शाही बारात को देखकर दंग रह गए.
बताया जा रहा है कि पिता के सपने को साकार करने के लिए बेटे ने हेलीकॉप्टर से बारात निकाली और ब्याह रचाने लिए ससुराल पहुंचा. इस पल को वहां मौजूद हर एक शख्स ने अपने मोबाइल में कैद किया, जो अब इंटरनेट पर छाया हुआ है.
रीवा हेलीकॉप्टर से बारात लेकर गया दूल्हा
यह शाही शादी रीवा के सिरमौर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित हुई. यहां पर स्थित बरौहा गांव में रहने वाले राकेश सिंह बघेल के बड़े बेटे अमित सिंह बघेल का विवाह डभौरा नगर परिषद अंतर्गत जतरी गांव में रहने वाले धानेद्र सिंह चौहान की बेटी रिया सिंह चौहान से तय हुआ था. शादी समारोह में होने वाली सभी रस्में निभाई गई. बुधवार 26 फरवरी को वैवाहिक आयोजन होना था, ग्राम बरौहा से बारात जतरी गांव जानी थी. दूल्हा बनकर तैयार हुए अमित न तो किसी लग्जरी कार में सवार हुए और न घोड़ी पर. हेलीकॉप्टर में सवार हुए दूल्हे राजा ने बरौहा गांव से उड़ान भरी और जतरी गांव में बने हेलिपैड पर लैंड हुए.

ग्रामीणों ने कैमरे में कैद किया पल
पहली बार शाही अंदाज मे हेलीकॉप्टर से आने वाली बारात को देखने के लिए गांव के लोग उमड़ पड़े. बच्चे बूढ़े महिलाएं हर कोई इस खास पल को देखना चाहता था. कई लोगो ने तो इस पल को यादगार बनाने के लिए हैलीकॉप्टर से इंट्री कर रहें दूल्हे को अपने मोबाइल कैमरे मे कैद किया जो की अब सोशल मीडिया मे बड़ी तेजी के साथ वायरल हो रहा है.

गांव का नाम रोशन करने के लिए बेटे ने पूरा किया सपना
दूल्हा बनकर हेलीकॉप्टर से बारात लेकर ससुराल गए अमित सिंह बघेल से बात की गई तो उन्होंने बताया की "उनके पिता राकेश सिंह बघेल का वर्षों पुराना सपना था कि रीवा शहर से 60 किलोमीटर दूर बसे छोटे से बरौहा गांव को पहचान मिले. दूर-दूर तक लोग इस गांव को पहचाने. अक्सर देखा जाता था, जब लोग गांव का नाम पूछते थे, तब बताते हुए बरौहा गांव का नाम अंजान सा लगता था. पिता का सपना साकार करने के लिए परिजनों ने कुछ अलग और यादगार करने की सोची. इसी दौरान मेरी शादी तय हुई और योजना बनाई गई कि बारात हेलीकॉप्टर से जाएगी. इससे गांव के नाम को एक नई पहचान मिलेगी."

- पन्ना में दुल्हन को लेने हेलीकॉप्टर से पहुंचा दूल्हा, अनोखी विदाई देखने उमड़ी भीड़
- पिता के साथ दुल्हन लेने बेटा पंख लगा उड़ा, आसमान में ताकते रहे गांव के कुंवारे
32 सालों से गांव से दूर परिवार, पुस्तैनी गांव से विवाह
बता दें अमित सिंह बघेल का परिवार 90 के दशक से महराष्ट्र के पूणे में निवासरत है और वहीं पर उनका खुद का उद्योग भी स्थापित है. 32 वर्षों तक गांव और मिट्टी से दूर रहने के बावजूद भी परिवार को गांव से गहरा लगाव है. इसी लगाव के चलते परिवार ने गांव के पुस्तैनी घर से वैवाहिक आयोजन किया और हेलीकॉप्टर से बारात निकाली, ताकि गांव का नाम भी रोशन हो सके. पिता का सपना भी पूरा हो जाए.
हेलीकॉप्टर से निकली यह बारात बरौहा गांव ही नहीं बल्कि पूरे सिरमौर विधानसभा सहित रीवा के साथ पूरे इंटरनेट पर छाई हुई है. इस शाही वैवाहिक आयोजन की तस्वीर और हेलीकॉप्टर से आई बारात के वीडियो सोशल मीडिया में तेजी के साथ सर्कुलेट हो रहें हैं.

