रीवा रेलवे स्टेशन की लिफ्ट में फंसे यात्री, हलक में अटकी जान, गेट को फैलाकर दिया ऑक्सीजन
रीवा रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा टला, लिफ्ट में 3 घंटे तक कैद रहे 7 यात्री. जबलपुर से आई टीम ने सुरक्षित किया रेस्क्यू.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : May 6, 2026 at 10:41 PM IST
रीवा: मध्य प्रदेश के रीवा रेलवे स्टेशन में बुधवार को उस वक्त हाहाकार मच गया जब एक साथ कई यात्री स्टेशन की लिफ्ट के अंदर फंस गए. घटना के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई. सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारी मौके पर पहुंचे और लिफ्ट में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की. तकरीबन 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद लिफ्ट में फंसे सभी 7 यात्रियों को सकुशल बाहर निकाला गया. जिसके बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली.
अधिकारियों पर लगे लापरवाही के आरोप
डॉक्टरों की टीम ने लिफ्ट से निकाले गए सभी यात्रियों का मेडिकल परिक्षण किया. जिसमें सभी यात्रियों की स्थिति सामान्य पाई गई. बताया जा रहा है कि स्टेशन में पदस्थ अधिकारियों की बड़ी लापरवाही देखी गई. जिस लिफ्ट में यात्री सवार हुए थे उसकी मरम्मत की जा रही थी और उस लिफ्ट के बाहर किसी भी तरह का चेतावनी बोर्ड भी नहीं लगाया गया था.
मुंबई से आ रहे थे यात्री
घटना बुधवार सुबह करीब 8 बजे की है. महाराष्ट्र के नागपुर से रीवा के बीच चलने वाली नेता जी सुभाष चंद्र बोस, रीवा इतवारी ट्रेन में सवार होकर कई यात्री रीवा के रेलवे स्टेशन स्थित प्लेट फार्म क्रमांक दो पर उतरे थे. प्लेटफार्म नंबर 2 से यात्री पहले एस्केलेटर में सवार होकर ऊपर की तरफ गए. इसके बाद लिफ्ट में सवार होकर यात्रियों को प्लेटफार्म नंबर एक पर उतर कर स्टेशन के बाहर जाना था. मगर इससे पहले ही अनहोनो हो गई.

घटनास्थल पर पहुंचे जबलपुर रेलवे के सीनियर डीसीएम
घटना के बाद स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया. स्टेशन में पदस्थ अधिकारी कर्मचारी तत्काल घटना स्थल पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया. मगर असफलता हाथ लगी. इसके बाद पहले तो लिफ्ट के दरवाजे को थोड़ा सा फैलाकर ऑक्सीजन के लिए जगह बनाई और यात्रियों तक ग्लूकोज पहुंचाया गया.

स्पेशल ट्रेन से रीवा पहुंचे अधिकारी
स्टेशन में पदस्थ अधिकारियों ने तत्काल जबलपुर के सीनियर डीसीएम शशांक गुप्ता को फोन के माध्यम से सूचना दी. तकरीबन 3 घंटे के बाद स्पेशल ट्रेन से सीनियर डीसीएम शशांक गुप्ता रीवा स्टेशन पहुंचे. जहां उन्होंने लिफ्ट में फंसे सभी 7 यात्रियों को बाहर निकालने के तरकीब खोजी.

स्टेशन प्रबंधन ने वाहन की व्यवस्था की
जानकारी के अनुसार, लीफ्ट में 4 महलाऐं 1 पुरुष और 2 बच्चे सवार हुए थे. लिफ्ट से रेस्क्यू करके बाहर निकाले गए सभी 7 यात्रियों को उनके घर तक जाने के लिए स्टेशन प्रबंधन ने वाहन की व्यवस्था की. जिसके बाद उन्हें मऊगंज और रामपुर नैकिन के लिए रवाना किया गया.
- पन्ना में रुंझ और मझगाय डैम परियोजना के विरोध में उग्र आंदोलन, विस्थापितों काम रुकवाया
- कॉलेज के बाहर खड़ी छात्रा का अपहरण, कार से आये बदमाश लड़की को उठा ले गए
सीनियर डीसीएम शशांक गुप्ता ने बताया, "घटना सुबह तकरीबन 9:15 बजे के आसपास की है, रीवा इतवारी ट्रेन स्टेशन पहुंची हुई थी. 7 यात्रियों ने लिफ्ट के अंदर प्रवेश किया था इसी दौरान तकनीकी खराबी आने के कारण लिफ्ट बीच में ही बंद हो गई. जिसकी वजह से यात्री काफी देर के लिए लिफ्ट में ही फंस गए. सूचना पाकर रीवा रेलवे की लोकल टीम मौके पर पहुंची और लिफ्ट के गेट पर जगह बनाई."

