ETV Bharat / state

रीवा में नेताजी से ऊंची आवाज में कैसे की बात? सिविल लाइन के थानेदार लाइन हाजिर

रीवा में भाजपा नेता से बदसलूकी करने पर सीविल लाइन थाने के टीआई पर गिरी गाज, SP ने किया लाइन अटैच. राकेश सोनी की रिपोर्ट.

rewa Civil Lines TI line attached
रीवा में नेताजी से ऊंची आवाज में कैसे की बात? (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : August 28, 2026 at 12:11 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

रीवा: बीते दिनों शहर के सिविल लाइन थाना से जारी हुआ एक वीडियो देश भर में चर्चा का विषय बना रहा. बीजेपी नेता NDPS के मामले मे पकडे गए कथित आरोपी के पक्ष में उसका बचाव करने के लिए उसके परिवार और अपने साथियों के साथ सिविल लाइन थाने पहुंचे थे. जिसके बाद पुलिस कर्मियों द्वारा आवेदन न लेने का आरोप लगाते हुए बीजेपी नेता बंशी साहू ने थाने के बाहर ही धरना दे दिया था. यह दृश्य देखकर TI विजय सिंह का ऐसा माथा ठनका की बीजेपी नेता को धरने से उठाकर TI ने जमकर खरी खोटी सुनाई थी.

ठेले से बरामद हुई थी 11 नशीली कफ सिरप की शीशी
मामला नशीली कफ सिरप से जुडा हुआ था. बताया गया था कि, सोमवार की सुबह 11 बजे कथित आरोपी पंकज साहू आइसक्रीम का ठेला खोलने के लिए साईं मंदिर के पास गया हुआ था. लेकिन उसके वहां पहुंचने से पहले ही कुछ पुलिस कर्मी वहां पहुंच गए. पुलिस कर्मियों ने कहा कि, तुम नशीली कफ सिरप बेचते हो. इसके बाद पंकज के आइसक्रीम ठेले के उपर से 11 शीशी नशीली कफ सिरप बरामद होना बताया गया था. परिजनों का आरोप था कि, पंकज को फंसाने के लिए किसी अज्ञात व्यक्ति ने ठेले के ऊपर नशीली कफ सिरप की शीशियां रखी होंगी.

rewa BJP leader slapped video
सिविल लाइन के थानेदार लाइन हाजिर (ETV Bharat)

बीजेपी नेता का आवेदन न लेने का आरोप, थाने के बाहर धरना
इसके बाद बेटे के बचाव में परिजन साहू समाज के साथ एकत्रित होकर बीजेपी नेता व वैश्य महासम्मेलन के जिला अध्यक्ष बंशी लाल साहू के नेतृत्व में आवेदन देने सिविल लाइन थाना पहुंचे. लेकिन वहां पर अलग ही सीन तैयार हो गया. बीजेपी नेता बंशी लाल साहू पुलिस कर्मियों पर आवेदन न लेने का आरोप लगाते हुए थाने के बाहर ही धरने पर बैठ गए थे. इसी दरमियान थाना प्रभारी विजय सिंह मौके पर पहुंच गए. यह सब देखर सिविल लाइन थाना प्रभारी विजय सिंह आक्रोशित हो गए. आरोप है कि, टीआई ने बाहर आकर तू तड़ाक करते हुए बीजेपी नेता के सिर पर थप्पड़ मारते हुए पहले तो उन्हें वहां से उठाया. फिर कहा कि, ''मैंने तुम्हारी सारी समस्या सुन ली लेकिन यह कोई तरीका नहीं अपनी बात मनवाने का.''

टीआई ने दिखाए थे कड़े तेवर, वीडियो हुआ सर्कुलेट
सर्कुलेट हुए वीडियो में बीजेपी नेता बंशी साहू से टीआई विजय सिंह ने गुस्से भरे लहजे में कहा था कि, ''तुझे मेरे को फोन करना था, तुझसे कहा था न की तू आवेदन दे, अबे तू चुपकर यहां बैठकर दादागिरी करेगा क्या. अगर तुझे नौटंकी करना है तो कर ले देखता हूं की आगे क्या होता है. क्या शासकीय कार्य में बाधा डालेगा तू, नाम क्या है तेरा अभी तेरे खिलाफ मुकदमा करता हूं.'' इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी के साथ सर्कुलेट हुआ जिके बाद समाज के लोगों में आक्रोश फैल गया.

Rewa drugs Cough Syrup Case
बीजेपी नेता का आवेदन न लेने का आरोप, थाने के बाहर धरना (ETV Bharat)

साहू समाज के लोगों ने IG से की थी शिकायत
सोमवार की शाम हुई घटना से आक्रोशित हुए साहू समाज और व्यापारी संघ के लोग एकत्रिक होकर मंगलवार को IG कार्यालय पहुंचे और आइजी गौरव सिंह राजपूत को घटना के संबंध में जानकरी दी. इस दौरान बंशी साहू ने सिविल लाइन थाना प्रभारी विजय सिंह पर कार्रवाई करते हुए उन्हें सस्पेंड करने की मांग की थी. IG से शिकायत के 48 घंटे बाद गुरुवार की शाम पुलिस अधीक्षक गुरुकरण सिंह ने कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी विजय सिंह को लाइन अटैच कर दिया.

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी हुआ आदेश. लाइन हाजिर हुए TI
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी हुए आदेश में कहा गया कि, प्रशासनिक दृष्टिकोण से सिविल लाइन थाना के निरीक्षक विजय सिंह बघेल को तत्काल प्रभाव से अग्रिम आदेश तक रक्षित केंद्र जिला रीवा में पदस्थ किया जाता है. निरीक्षक विजय सिंह बघेल थाना प्रभारी सिविल लाइन तत्काल गन्तव्य स्थान के लिए रवानगी लेकर स्थापना शाखा पुलिस अधीक्षक कार्यालय को अवगत कराना सुनिश्चित करें. वहीं, मामले पर एसपी गुरकरण सिंह ने बताया कि, ''बीते दिनों सिविल लाइन थाना का एक वीडियो सर्कुलेट हुआ था. जिसके संबंध में सिविल लाइन थाना प्रभारी विजय सिंह बघेल को लाइन हाजिर करने के लिए आदेश जारी किए गए हैं.''