ETV Bharat / state

कांग्रेस में कौन हैं बीजेपी के 'स्लीपर सेल' और जयचंद ? सुक्खू के मंत्री ने किया इशारा

राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कांग्रेस के भीतर गुटबाजी, अनुशासनहीनता और अंदरूनी भितरघात का मुद्दा उठाया.

कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी
कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : August 19, 2026 at 6:09 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला: हिमाचल कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस पार्टी की अंदरूनी कलह फिर खुलकर सामने आई है. कांग्रेस कार्यालय में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आदिवासी/अनुसूचित जनजाति विभाग का पदभार ग्रहण समारोह आयोजित किया जा रहा था, इस दौरान वरिष्ठ मंत्री जगत सिंह नेगी ने अपनी ही पार्टी के संगठनात्मक कामकाज पर सवाल उठाए.

लाहौल-स्पीति विधायक अनुराधा राणा के विभाग की नई प्रदेश अध्यक्ष के रूप में पदभार संभालने के कार्यक्रम में आदिवासी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे. इसी दौरान नेगी ने संगठन में हालिया नियुक्तियों को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की. इससे पहले भी वह किन्नौर जिलाध्यक्ष की नियुक्ति पर सवाल उठा चुके हैं. विधायक अनुराधा राणा को बधाई देने के बाद जगत सिंह नेगी ने कांग्रेस के भीतर गुटबाजी, अनुशासनहीनता और अंदरूनी भितरघात का मुद्दा उठाया.

कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी (ETV Bharat)

जम्मू-कश्मीर से आए कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल का जिक्र करते हुए जगत सिंह नेगी ने कहा, "कांग्रेस एक तरफ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा की विचारधारा से मुकाबला करने की बात करती है, लेकिन दूसरी तरफ संगठन के भीतर ऐसे लोगों को महत्व दिया जा रहा है, जिन्होंने पार्टी के साथ गद्दारी की है और हमेशा ‘जयचंद’ व ‘भगोड़े’ की भूमिका निभाई है".

नेगी ने प्रदेश, जिला और ब्लॉक स्तर पर हाल में हुई नियुक्तियों को निराशाजनक बताते हुए कहा कि वर्षों से पार्टी के लिए संघर्ष करने वाले और लाठियां खाने वाले निष्ठावान कार्यकर्ताओं की अनदेखी की जा रही है. वहीं, उनके मुताबिक भाजपा के ‘स्लीपर सेल’ के तौर पर काम करने वाले और विपक्ष के खिलाफ कभी आवाज न उठाने वाले अवसरवादियों को संगठन में पद दिए जा रहे हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर निष्ठावान कार्यकर्ताओं की अनदेखी जारी रही तो जमीन पर पार्टी के लिए संघर्ष करने वाला कोई कार्यकर्ता नहीं बचेगा और कांग्रेस सिर्फ कागजी नेताओं का संगठन बनकर रह जाएगी.

राजस्व मंत्री ने कहा कि वह इस मुद्दे को दबने नहीं देंगे. उन्होंने कहा कि जल्द ही सबूतों और प्रमाणों के साथ दिल्ली में कांग्रेस आलाकमान के सामने हर विधानसभा क्षेत्र की रिपोर्ट और कथित ‘स्लीपर सेल’ की सूची रखी जाएगी. नेगी ने दो टूक कहा कि जब तक पार्टी के भीतर मौजूद ‘विभीषणों’ और दुश्मनों को चिन्हित कर कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक भाजपा और आरएसएस की विचारधारा के खिलाफ लड़ाई प्रभावी तरीके से नहीं लड़ी जा सकती.

ये भी पढ़ें: "गजब की है ये सुक्खू सरकार, भ्रष्ट अधिकारियों को एक्सटेंशन और नए से इनकार', सीएम के बयान पर जयराम का तंज