भारतमाला प्रोजेक्ट मुआवजा घोटाला में ईडी का एक्शन, रेड में 40 लाख कैश जब्त
भारतमाला परियोजना मुआवजा घोटाला केस में ईडी ने बड़ी कार्रवाई की है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : December 31, 2025 at 7:54 PM IST
रायपुर: भारतमाला परियोजना के तहत भूमि अधिग्रहण में हुए घोटाले को लेकर ईडी ने बड़ी कार्रवाई की है. रायपुर और महासमुंद में छापे के बाद ईडी ने एक प्रेस नोट जारी कर इस रेड के बारे में जानकारी दी है. ED की इस कार्रवाई में नकदी, डिजिटल डिवाइस और कई आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए गए हैं. जांच में अधिकारियों और जमीन दलालों की मिलीभगत से बड़े पैमाने पर हेराफेरी का खुलासा हुआ है.
रायपुर और महासमुंद में ईडी के छापे की डिटेल
ED रायपुर जोनल ऑफिस ने PMLA, 2002 के तहत 29 दिसंबर को रायपुर और महासमुंद जिले में कुल 9 ठिकानों पर रेड मारी थी. यह कार्रवाई भारतमाला परियोजना के अंतर्गत रायपुर–विशाखापट्टनम हाईवे के लिए भूमि अधिग्रहण में अवैध मुआवजा लेने के मामले में की गई. बताया गया है कि इस रेड में कुल 40 लाख रुपये कैश मिले हैं.

40 लाख कैश और डिजिटल डिवाइस जब्त
छापेमारी के दौरान ED की टीम ने करीब 40 लाख रुपये नकद, कई डिजिटल डिवाइस और विभिन्न आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए हैं. इसके साथ ही अवैध रूप से अर्जित चल-अचल संपत्तियों की भी पहचान की गई है.
ईडी की जांच में कई अहम खुलासे हुए
ED की जांच में सामने आया है कि भूमि मालिकों ने अधिकारियों की मिलीभगत से बड़े जमीन टुकड़ों को परिवार के सदस्यों के नाम छोटे-छोटे हिस्सों में बांट दिया. यह विभाजन बैकडेटेड एंट्री के जरिए दिखाया गया, ताकि अधिग्रहण से पहले अधिक मुआवजा हासिल किया जा सके.
राजस्व रिकॉर्ड में हेराफेरी का हुआ खुलासा
ईडी के मुताबिक राजस्व रिकॉर्ड में जानबूझकर हेराफेरी कर गलत तरीके से मुआवजा स्वीकृत और वितरित कराया गया. इससे सरकारी खजाने को नुकसान हुआ, जबकि आरोपियों को अवैध लाभ पहुंचाया गया. यह अवैध मुआवजा ‘प्रोसीड्स ऑफ क्राइम’ की श्रेणी में आता है.
भारतमाला परियोजना घोटाले में पहले भी हुई है कार्रवाई
इस मामले में पहले ही कई अधिकारी और जमीन दलाल जेल में बंद हैं. ED ने स्पष्ट किया है कि मामले में आगे की जांच जारी है और आने वाले दिनों में और खुलासे हो सकते हैं. भारत माला परियोजना से जुड़े इस बड़े घोटाले में ED की कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा हुआ है, जबकि जांच का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है.

