ETV Bharat / state

यमुनानगर में रिटायर्ड इंजीनियर की घर में घुसकर हत्या, छत के रास्ते घुसे हमलावर, इलाके में दहशत

यमुनानगर में रिटायर्ड बिजली बोर्ड इंजीनियर की घर में घुसकर हत्या कर दी गई. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.

YAMUNANAGAR JAGDISH MURDER CASE
रिटायर्ड इंजीनियर की घर में घुसकर हत्या, (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : June 19, 2026 at 5:25 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

यमुनानगर: यमुनानगर के जठलाना कस्बे में बिजली बोर्ड से रिटायर्ड सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर जगदीश बंसल की घर में घुसकर धारदार हथियार से हत्या कर दी गई. वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. शुरुआती तौर पर मामला लूटपाट का लग रहा था, लेकिन घटनास्थल की परिस्थितियों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी है.

घर में बिखरा मिला सामान: घटना का पता शुक्रवार सुबह उस समय चला, जब घर में खाना बनाने वाली महिला नाजरीन रोज की तरह पहुंची. काफी देर तक दरवाजा खटखटाने और फोन करने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद पड़ोसियों की मदद से दरवाजा खुलवाया गया. अंदर सामान बिखरा पड़ा था और फ्रिज का दरवाजा भी खुला मिला. शक होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.

धारदार हथियार से हमला: वहीं, पुलिस जब मौके पर पहुंची तो घर के भीतर जगदीश बंसल का शव खून से लथपथ पड़ा मिला. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि उनकी हत्या धारदार हथियार से की गई. कमरे की दीवारों पर खून के छींटे भी मिले, जिससे हमले की बर्बरता का अंदाजा लगाया जा सकता है. पुलिस ने पूरे घर को सील कर फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी.

यमुनानगर में रिटायर्ड इंजीनियर की घर में घुसकर हत्या (ETV Bharat)

लूट की कहानी पर उठे सवाल: घटनास्थल पर घर का लगभग पूरा सामान बिखरा हुआ मिला, जिससे पहली नजर में लूटपाट का मामला प्रतीत हुआ. हालांकि जांच में सामने आया कि घर से कोई बड़ा कीमती सामान गायब नहीं था. पुलिस को जानकारी मिली कि घर से केवल एक गैस सिलेंडर गायब है. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या बदमाशों का मकसद वास्तव में लूट था या हत्या को लूट का रूप देने की कोशिश की गई.

सीसीटीवी में कैद हुई संदिग्ध गतिविधि: पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज में दो संदिग्ध दीवार के रास्ते घर में प्रवेश करते दिखाई दिए. वहीं एक सीढ़ी भी लगी मिली, जिससे अन्य लोगों के भी छत के रास्ते अंदर आने की आशंका जताई जा रही है. इससे पुलिस को शक है कि वारदात को अंजाम देने में एक से अधिक लोग शामिल थे.

डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य: घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना जठलाना पुलिस ने सीन ऑफ क्राइम टीम, फॉरेंसिक विशेषज्ञों और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया. डॉग स्क्वॉड आसपास खोजबीन करते हुए बाजार तक पहुंचा और वहीं रुक गया. इससे संभावना जताई जा रही है कि आरोपी किसी वाहन से आए और वारदात के बाद उसी वाहन से फरार हो गए.

अकेले रहते थे जगदीश बंसल: पुलिस के अनुसार जगदीश बंसल बिजली बोर्ड से रिटायर्ड सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर थे. करीब चार वर्ष पहले उनकी पत्नी का निधन हो गया था, जिसके बाद वे जठलाना स्थित अपने घर में अकेले रहते थे. उनके बच्चे मोहाली में रहते हैं और वे समय-समय पर उनके पास भी जाते थे. इलाके में उनकी अच्छी पहचान थी और लोगों से उनका संपर्क भी बना रहता था. मामले में घर में काम करने वाली नाजरीन ने कहा कि, "मैं रोज की तरह खाना बनाने पहुंची थी. काफी देर तक दरवाजा खटखटाया और फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. पड़ोसियों की मदद से अंदर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था. इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई."

पुलिस हर एंगल से कर रही जांच: पुलिस फिलहाल हत्या के पीछे लूट, पुरानी रंजिश और अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि अभी हत्या का स्पष्ट मकसद सामने नहीं आया है. फॉरेंसिक रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है. मामले में थाना प्रभारी अमित त्यागी ने कहा कि,"पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं. सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी तथ्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है. जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा."

ये भी पढ़ें: कुरुक्षेत्र के लाडवा थाने में पुलिसकर्मियों पर बोन कैंसर मरीज से कुकर्म का आरोप, जांच में जुटे अधिकारी