सोनीपत में दिल्ली पुलिस के पूर्व सब इंस्पेक्टर की हत्या से मचा हड़कंप, फैक्ट्री में खून से लथपथ मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
सोनीपत के राजपुर गांव में दिल्ली पुलिस सब इंस्पेक्टर दलबीर की फैक्ट्री में शव मिलने से हड़कंप मच गया है.

Published : January 1, 2026 at 3:06 PM IST
सोनीपत: सोनीपत जिले के गन्नौर क्षेत्र के राजपुर गांव में दिल्ली पुलिस के रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर दलबीर की बेरहमी से हत्या कर दी गई. इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है.
अपाहिज था मृतक: मृतक की पहचान दलबीर के रूप में हुई है, जो दिल्ली पुलिस में सब इंस्पेक्टर के पद पर तैनात थे. अपाहिज होने के कारण वे करीब चार महीने पहले ही सेवानिवृत्त हुए थे. रिटायरमेंट के बाद दलबीर गांव राजपुर में रह रहे थे. वहीं उन्होंने एक फैक्ट्री तैयार की थी, जिसमें वो अकेले रहते थे. इसी फैक्ट्री के अंदर उनका शव पाया गया है.
फैक्ट्री के अंदर मिला शव: पुलिस के मुताबिक दलबीर का शव फैक्ट्री के अंदर खून से लथपथ पाया गया. शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात हमलावरों ने उनकी ही बैसाखी से हमला कर उनकी हत्या की थी. घटना की सूचना मिलते ही सोनीपत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंचीं और साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया.
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका: मृतक के बेटे संदीप ने बताया कि, " मेरे पिता दलबीर शांत स्वभाव के थे.मेरे पिता हाल ही में रिटायर हुए थे और गांव में ही फैक्ट्री बनाकर रह रहे थे. सुबह फैक्ट्री से शव मिलने की सूचना मिली. हमें गांव के ही एक व्यक्ति पर हत्या का शक है."
जांच में जुटी पुलिस: इस पूरे मामले में एसीपी गन्नौर ऋषिकांत ने बताया कि, " हमें कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी. इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची. शव की पहचान दलबीर के रूप में हुई, जो दिल्ली पुलिस से रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर थे और फैक्ट्री में ही रहते थे. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है.गहनता से जांच जारी है. मृतक दिव्यांग थे. उनके शव के पास बैसाखी टूटी पड़ी थी. सिर पर गंभीर चोट के निशान भी थे. आशंका है कि बैसाखी से पीट कर हत्या की गई है. जांच जारी है. जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है."

