ETV Bharat / state

गुरुग्राम में रिटायर्ड कर्नल से बीच सड़क मारपीट, पैसे भी अकाउंट में कराए ट्रांसफर, 5 आरोपी गिरफ्तार

गुरुग्राम में रिटायर्ड कर्नल पर रोड रेज पर मारपीट मामले में 5 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है.

Retired Army Colonel Assaulted in Gurugram
रिटायर्ड कर्नल से बीच सड़क मारपीट (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : February 24, 2026 at 11:18 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

गुरुग्राम: गुरुग्राम में 21 फरवरी की रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां एक रिटायर्ड कर्नल के साथ बीच सड़क मारपीट की गई. कर्नल अनिल यादव अपने बीमार पिता की देखभाल कर मेदांता अस्पताल से घर लौट रहे थे. सेक्टर-50 थाना क्षेत्र में उनकी कार की टक्कर एक अन्य वाहन से हो गई. कर्नल जैसे ही नुकसान देखने के लिए कार से उतरे, दूसरी गाड़ी से 5-6 युवक बाहर आए और उन पर हमला कर दिया.

बीयर की बोतलों से हमला और लूटपाट: हमलावरों ने कर्नल पर बीयर की बोतलों और मुक्कों से वार किया. उनकी कार का विंडस्क्रीन और लाइट्स तोड़ दी गईं. आरोप है कि युवकों ने उन्हें जबरन अपनी कार में बैठाकर किडनैप करने की कोशिश की, लेकिन वाहन स्टार्ट न कर पाने के कारण वे नाकाम रहे. इसके बाद आरोपियों ने कर्नल से जबरन 30 हजार रुपये UPI के जरिए ट्रांसफर करा लिए और मौके से फरार हो गए.

गुरुग्राम में रिटायर्ड कर्नल से बीच सड़क मारपीट (ETV Bharat)

सोशल मीडिया पर मामला आने के बाद कार्रवाई: इस घटना की जानकारी कर्नल रोहित देव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा की, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई. पीड़ित की शिकायत पर सेक्टर-50 थाने में मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई.

पुलिस ने पांच आरोपियों को किया गिरफ्तार: पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि, "मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. इनकी पहचान पंकज, विकास, निखिल, साहिल और अंकित कुमार के रूप में हुई है, जो रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ जिलों के निवासी हैं. पूछताछ में सामने आया कि आरोपी 21 फरवरी को बादशाहपुर में एक शादी में आए थे. इनमें से तीन युवक रेवाड़ी की एक निजी कंपनी में काम करते हैं, जबकि दो कॉलेज छात्र हैं. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है."

ये भी पढ़ें:सिरसा में ट्यूबवेल केबल चोर गिरोह का पर्दाफाश, 5 आरोपी गिरफ्तार, 100 से ज्यादा वारदातें कबूली