ETV Bharat / state

NEET UG re exam: रांची में 21 परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में निषेधाज्ञा लागू

नीट यूजी री-एग्जाम को लेकर रांची के परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू करने के आदेश जारी किए गये हैं.

Restrictive orders imposed in vicinity of exam centers for NEET UG re examination in Ranchi
रांची के परीक्षा केंद्र (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : June 11, 2026 at 3:25 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रांचीः राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित NEET (UG)- 2026 री-एग्जामिनेशन को कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए रांची जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं.

परीक्षा 21 जून 2026 को रांची के 21 उप-केंद्रों पर एक पाली में आयोजित होगी. इसे देखते हुए सदर अनुमंडल दंडाधिकारी कुमार रजत ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू करने का आदेश जारी किया है.

जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह निषेधाज्ञा 21 जून को दोपहर 12 बजे से शाम 8 बजे तक प्रभावी रहेगी. इस दौरान परीक्षा केंद्रों के आसपास पांच या उससे अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने, किसी प्रकार की सभा या बैठक आयोजित करने, ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग तथा हथियार लेकर चलने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. सरकारी कार्य में लगे पदाधिकारी एवं कर्मचारी इस आदेश से मुक्त रहेंगे.

जिला प्रशासन के अनुसार परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए सभी केंद्रों पर दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है. प्रशासन को आशंका है कि कुछ असामाजिक तत्व परीक्षा केंद्रों के आसपास भीड़ लगाकर शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास कर सकते हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है.

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता और अभ्यर्थियों के लिए शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है. उन्होंने कहा, NEET (UG)-2026 री-एग्जामिनेशन को पूरी पारदर्शिता और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं. सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ की गई है. अभ्यर्थी निर्धारित समय से पहले केंद्र पहुंचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें.

रांची में जिन प्रमुख परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित होगी, उनमें मारवाड़ी कॉलेज, डोरंडा कॉलेज, निर्मला कॉलेज, गोस्सनर कॉलेज, केंद्रीय विद्यालय हिनू, केंद्रीय विद्यालय धुर्वा, केंद्रीय विद्यालय नामकुम, आर्मी पब्लिक स्कूल दीपाटोली, सेंट एलॉयसियस हाई स्कूल, सेंट एन्स गर्ल्स हाई स्कूल, उर्सुलाइन कॉन्वेंट गर्ल्स हाई स्कूल समेत कुल 21 केंद्र शामिल हैं.

जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों और अभिभावकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगाएं और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करें, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके. NEET री-एग्जाम को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सभी केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी.

इसे भी पढे़ं- 21 जून को फिर होगी नीट-यूजी की परीक्षा, तैयारियों को लेकर धनबाद प्रशासन अलर्ट

इसे भी पढे़ं- क्लस्टर सिस्टम, नीट पेपर लीक और सीबीएसई की ऑन-स्क्रीन मार्किंग प्रणाली में गड़बड़ी के खिलाफ विरोध, AISA और RYA का चक्का जाम

इसे भी पढे़ं- केंद्र सरकार पर भड़कीं AICC सचिव अंबा प्रसाद, NEET परीक्षा में अनियमितता पर बोला तीखा हमला