ETV Bharat / state

अचानक रेस्टोरेंट की छत गिरने से हुआ हादसा, मलबे में दबने से एक युवक की दर्दनाक मौत, दूसरा गंभीर घायल

जयपुर के सांगानेर में होटल की छत गिरने से आस-पास के इलाके में हड़कंप मच गया.

रेस्टोरेंट के छत ढहने से हड़कंप
रेस्टोरेंट के छत ढहने से हड़कंप (फोटो ईटीवी भारत जयपुर)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : November 13, 2025 at 6:56 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर: राजधानी जयपुर के सांगानेर इलाके में एक रेस्टोरेंट की अचानक छत गिरने से बड़ा हादसा हो गया. छत के नीचे दबने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई. वहीं दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. सिविल डिफेंस की टीम ने रेस्क्यू करके युवक को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया. मृतक का शव जयपुरिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है. घटना की जानकारी मिलने के बाद जयपुर जिला कलेक्टर समेत पुलिस की अधिकारी भी मौके पर पहुंचे.

एसीपी सांगानेर विनोद कुमार शर्मा के मुताबिक सांगानेर पुलिया के पास से एक रेस्टोरेंट की बुधवार रात को छत गिरने से दो युवक नीचे दब गए. एक युवक की मलबे के नीचे दबने से मौत हो गई. दूसरा युवक गंभीर घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. रेस्टोरेंट के पिछले हिस्से की पट्टियां काफी सालों पुरानी होने के कारण नीचे गिर गई.

इसे भी पढ़ें: फॉर्च्यूनर और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में दो युवकों की मौत, कार सवार बाल-बाल बचे

सूचना मिलती ही सांगानेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. सिविल डिफेंस टीम को भी मौके पर बुलवाया गया. मलबे के नीचे लोगों के दबे होने की आशंका को देखते हुए सिविल डिफेंस टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. मौके पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई. मलबे को हटाने के लिए जेसीबी मशीन बुलवाई गई. जेसीबी मशीन की सहायता से मलबे को हटाया गया. हादसे में खाना खा रहे दो युवक नीचे दब गए थे, जिनमें से एक की मौत हो गई, दूसरा गंभीर घायल हो गया. रेस्टोरेंट के कर्मचारियों ने पीछे की तरफ भाग कर अपनी जान बचाई. नीचे दबे युवक को बाहर निकाला गया. युवक को जयपुरिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. वहीं घायल युवक का अस्पताल में इलाज जारी है.

जानकारी में सामने आया है कि रेस्टोरेंट (ढाबे) की छत पर भारी मात्रा में कबाड़ रखा हुआ था. ज्यादा वजन होने के कारण छत पर दबाव बना हुआ था. नीचे भट्टी चलने के कारण हीट ज्यादा हो जाता था. पुरानी छत और ज्यादा वजन की वजह से नीचे गिरने से हादसा हुआ है. हादसे के बाद रेस्टोरेंट संचालक मौके से फरार हो गया. पुलिस रेस्टोरेंट संचालक की तलाश कर रही है. हादसे को लेकर हनुमान बेनीवाल ने भी सोशल मीडिया एक्स पर संवेदना प्रकट की है कि प्रदेश की राजधानी जयपुर में सांगानेर पुलिया के पास एक भोजनालय की छत अचानक गिरने से कई लोगों के दब जाने के समाचार प्राप्त हुए. मैं ईश्वर से मलबे में दबे हुए लोगों के कुशलता की कामना करता हूं.