ETV Bharat / state

रोहतक में कार पर फायरिंग, मालिक मौके से गायब, रंजिश के चलते हत्या का शक

सत्यवान की हत्या के बीच पुलिस और परिजन अभी शव की तलाश कर ही रहे थे. मामले में एक पोस्ट ने खलबली मचा दी.

Rohtak Youth Murder Case
रोहतक में कार पर फायरिंग (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : February 21, 2026 at 10:24 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

रोहतक : हरियाणा के रोहतक जिले के खेड़ी साध गांव के सत्यवान की कार खरावड़ आउटर बाईपास पर लावारिस हालत में मिली है. कार के अंदर और बाहर खून मिला है. साथ ही मौके पर 14 गोलियों के खोल मिले हैं. खेड़ी साध निवासी सत्यवान को गांव के ही युवक धर्मेंद्र की हत्या के मामले में 20 साल की सजा हुई थी. करीब ढाई साल पहले उसे हाईकोर्ट से जमानत मिली थी.

धर्मेंद्र के परिजनों और रिश्तेदारों के खिलाफ केस दर्जः सत्यवान की मां ने धर्मेंद्र के परिजनों और रिश्तेदारों के खिलाफ पुलिस में केस दर्ज कराया है. शनिवार को सत्यवान के परिजनों ने एसपी से मुलाकात की और हत्या कर शव को गायब करने की आशंका जताई.

रोहतक में कार पर चली गोलियां (Etv Bharat)

मौके से 14 गोलियों के खोल मिलेः दरअसल शुक्रवार शाम को खरावड़ आउटर बायपास पर एचआर 95 बी 7554 नंबर की एक कार लावारिस हालत में मिली थी. कार के अंदर और बाहर खून ही खून था. किसी राहगीर ने पुलिस को सूचना दी. आईएमटी पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची. एसएफएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया. पुलिस टीम को मौके से 14 गोलियों के खोल मिले. एक काले रंग की घड़ी भी टूटी हुई मिली. एक मोबाइल फोन भी था, जिस पर खून लगा हुआ था.

कार में पड़ी थी शराब की बोतल और ग्लासः कार में शराब की बोतल और ग्लास भी थे. गोलियां लगने से कार के शीशे चकनाचूर हो गए थे. लेकिन कार के अंदर कोई नहीं था, जिससे अंदाजा लगाया गया कि किसी व्यक्ति की गोली मारकर हत्या की गई है. जांच में कार रोहतक जिला के खेड़ी साध गांव के सत्यवान के नाम पर रजिस्टर्ड मिली. इसके बाद खेड़ी साध गांव में संपर्क कर सत्यवान के परिजनों को सूचित किया गया. सत्यवान की मां धनपति और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे.

धर्मेंद्र की हत्या के मामले में सत्यवान को हुई थी 20 साल की सजाः इसी दौरान पुलिस को जांच में पता चला कि खेड़ी साध निवासी धर्मेंद्र की एक जनवरी 2018 को गांव में ही गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस हत्या के मामले में सत्यवान को 20 साल की सजा हुई थी. सत्यवान की पत्नी ने धर्मेंद्र के खिलाफ छेड़छाड़ का केस दर्ज करा रखा था. इसी बात पर दोनों परिजनों में रंजिश चल रही थी. वारदात वाले दिन धर्मेंद्र के साथ उसका छोटा भाई रोहित, हुमायूंपुर गांव निवासी दिनेश और दिल्ली के झाड़ौदा कलां निवासी प्रदीप भी था.

responsibility-taken-on-social-media-platforms-in-the-name-of-kala-rathi-sundar-rathi
सत्यवान (Etv Bharat)

ढाई साल पहले जमानत पर जेल से आया था बाहरः पुलिस ने रोहित की शिकायत पर सत्यवान के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया था. धर्मेंद्र की हत्या के मामले में सत्यवान को 20 साल की सजा हुई थी लेकिन पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने सजा पर रोक लगाते हुए जमानत दे दी थी. वह ढाई साल पहले जमानत मिलने के बाद जेल से बाहर आ गया था.

सत्यवान की कार लावारिस हालत में मिली थीः सत्यवान की मां धनपति ने अब धर्मेंद्र के परिजनों व रिश्तेदारों के खिलाफ भी केस दर्ज कराया है. जिनमें धर्मेंद्र की बहनों, धर्मेंद्र के चाचा और चचेरे भाइयों और झाड़ौदा कलां निवासी रिश्तेदार प्रदीप पर शक जताया गया है. पुलिस में दी शिकायत में धनपति का कहना है कि शुक्रवार को बेटे आयुश का पेपर दिलवाने के लिए सत्यवान, खरखौदा के एक स्कूल में गया था. उसके बाद रोहतक में वीटा चौक के नजदीक अपने मौसेरे भाई जगमेंद्र के पास गया था. फिर जमीन की कागजात के लिए सांपला में तहसील में गया था. शाम के समय उन्हें सत्यवान की कार लावारिस हालत में खड़ी होने की सूचना मिली. जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे.

आईएमटी थाने में मामला दर्जः आईएमटी पुलिस स्टेशन में इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धारा 140 (1), 3 (5) व शस्त्र अधिनियम की धारा के तहत केस दर्ज कर लिया है.

एसपी से मिले सत्यवान के परिजनः सत्यवान के परिजन पहले आईएमटी पुलिस स्टेशन गए और फिर एसपी सुरेंद्र सिंह भौरिया से मुलाकात की. एसपी ने बताया कि "मामले की जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है."

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिसः एएसपी प्रतीक अग्रवाल ने बताया कि "सत्यवान की मां की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम रेड कर रही हैं. आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और सोशल मीडिया पोस्ट में किए गए दावे की जांच की जा रही है."

ये भी पढ़ें-रोहतक में अस्पताल के सामने युवक का मर्डर, स्कूटी सवार बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग