केंदुआडीह गैस रिसाव मामला : लोगों का विस्थापन से इनकार, कहा - मर जाएंगे, लेकिन नहीं छोड़ेंगे जमीन
धनबाद के केंदुआडीह में गैस लीक के बाद लोगों ने विस्थापन से इनकार कर दिया है. उन्होंने बीसीसीएल पर कई आरोप लगाए हैं.

Published : December 8, 2025 at 5:12 PM IST
धनबाद: गैस रिसाव से प्रभावित केंदुआडीह बस्ती के लोगों ने BCCL के विस्थापन के प्रस्ताव को सिरे से खारिज कर दिया है. प्रभावित ग्रामीणों ने सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की और सर्वसम्मति से घोषणा की, "हम मर जाएंगे, लेकिन हम अपनी जमीन छोड़कर बेलगड़िया या करमाटांड नहीं जाएंगे."
केंदुआडीह बस्ती के लोगों ने अपनी पीढ़ियों पुरानी विरासत का हवाला देते हुए विस्थापन का कड़ा विरोध किया है. उनका कहना है कि गैस लीक की घटना के बाद BCCL प्रबंधन उन्हें बेलगड़िया या करमाटांड में शिफ्ट होने के लिए कह रहा है, लेकिन यह उनकी आजीविका के लिए संभव नहीं है.
ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से कहा कि वे पीढ़ियों से इसी केंदुआडीह बस्ती में रह रहे हैं. उन्हें विस्थापित करने के बजाय, BCCL प्रबंधन को गैस निकालने के अपने प्रयासों को तेज करना चाहिए. अपनी चिंताओं को व्यक्त करते हुए, लोगों ने बताया कि उन्हें बेलगड़िया या करमाटांड में न तो रोजगार मिलेगा और न ही कोई अन्य सुविधाएं. इसलिए, केंदुआडीह छोड़ने के बाद उनके लिए कहीं और रहना असंभव होगा.
स्थानीय मोहम्मद साजिद ने अपना गुस्सा जाहिर करते हुए कहा, "हमारा सारा काम और आजीविका इसी इलाके से जुड़ी हुई है. अगर हम कहीं और चले गए तो क्या करेंगे? BCCL को हमारी समस्या का समाधान करना चाहिए. विस्थापन समाधान नहीं है."
गौरतलब हो कि गैस लीक की घटना को छह दिन से ज्यादा हो गए हैं, लेकिन स्थायी समाधान के लिए ठोस कदम न उठाए जाने के कारण लोगों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है. ग्रामीणों ने कहा कि वे BCCL प्रबंधन से भूमिगत खदान का पंखा चालू करने और गैस निकालने के लिए ड्रिलिंग जैसी मांगें उठा रहे हैं, लेकिन प्रबंधन इन मांगों को गंभीरता से नहीं ले रहा है और केवल विस्थापन पर ध्यान केंद्रित कर रहा है. लोगों ने साफ कर दिया है कि वे अपनी आखिरी सांस तक केंदुआडीह नहीं छोड़ेंगे.
इस दौरान, गुस्साए स्थानीय निवासियों ने विरोध प्रदर्शन भी किया और प्रबंधन के खिलाफ नारे लगाए. केंदुआडीह बस्ती के निवासियों ने BCCL प्रबंधन को चेतावनी दी है कि वे अपनी मांगों पर फिर से विचार करें और जल्द से जल्द गैस लीक की समस्या का तकनीकी समाधान खोजें.
यह भी पढ़ें:
धनबाद गैस रिसाव मामला: अलर्ट मोड पर सभी अस्पताल, मरीजों ने बताई गैस त्रासदी की कहानी

