हांसी में 4 महीने से टूटी गली, फूटा लोगों का गुस्सा, मौके पर पहुंचे एडीसी, ठेकेदार को लगाई जमकर फटकार, दिया अल्टीमेटम
हांसी की शांतिनिकेतन कॉलोनी में चार महीने से टूटी गली पर लोगों ने विरोध जताया. जानकारी के बाद एडीसी ने ठेकेदार को जमकर फटकार लगाई.

Published : July 2, 2026 at 12:00 PM IST
हांसी: शहर की शांतिनिकेतन कॉलोनी में पिछले चार महीनों से अधूरी पड़ी गली को लेकर लोगों का गुस्सा गुरुवार को खुलकर सामने आ गया. बारिश के बीच जलभराव और कीचड़ से परेशान कॉलोनीवासियों ने प्रशासन और ठेकेदार के खिलाफ नाराजगी जताते हुए जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की. लोगों ने चेतावनी दी कि यदि तय समय में काम शुरू नहीं हुआ तो वे हाईवे जाम कर आंदोलन करेंगे.
चार महीने से अधूरी गली बनी परेशानी: स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब चार महीने पहले गली को तोड़ दिया गया था, लेकिन इसके बाद निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ. बारिश के कारण पूरी गली में पानी और कीचड़ भर गया है, जिससे पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है. चार कॉलोनियों के लोगों के लिए यही मुख्य रास्ता होने के कारण हजारों लोगों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है. वाहन भी इस मार्ग से नहीं निकल पा रहे हैं.

"अब आंदोलन के अलावा कोई रास्ता नहीं": स्थानीय निवासी रणसिंह ने कहा कि, "बारिश के कारण गली में पानी और कीचड़ भर गया है. बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं का निकलना मुश्किल हो गया है. कई बार अधिकारियों और ठेकेदार से शिकायत की, लेकिन हमारी सुनने वाला कोई नहीं है. अब अगर जल्द काम शुरू नहीं हुआ तो हमें आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा."
हाईवे जाम की दी चेतावनी: वहीं, स्थानीय निवासी राजबीर और सतबीरी ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि, "पिछले चार महीनों से सिर्फ आश्वासन मिल रहे हैं. यदि तय समय तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो हम हाईवे जाम कर आंदोलन करेंगे. अब और इंतजार नहीं किया जाएगा."
एडीसी ने ठेकेदार को लगाई फटकार: वहीं, शिकायत मिलने के बाद हांसी के एडीसी लक्षित सरीन नगर परिषद के जेई के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का निरीक्षण किया. उन्होंने संबंधित ठेकेदार को मौके पर बुलाकर चार महीने तक काम बंद रखने पर कड़ी नाराजगी जताई. ठेकेदार ने बताया कि पहले 20 लाख रुपये का ठेका था, जो पर्याप्त नहीं था. बाद में 43 लाख रुपये का नया ठेका जारी किया गया है और दो दिन के भीतर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा.
एडीसी का ठेकेदार को अल्टीमेटम: इस पर एडीसी लक्षित सरीन ने ठेकेदार को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि, "कल सुबह 11 बजे तक हर हाल में निर्माण कार्य शुरू होना चाहिए. जनता को अब और परेशानी नहीं होने दी जाएगी." उन्होंने अधिकारियों को भी कार्य की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए.
ये भी पढ़ें: बारिश से बेहाल हांसी, सीवरेज व्यवस्था पर फूटा व्यापारियों का गुस्सा, डीसी बोले- "जल्द होगा समाधान"

