MCB जिले के जनकपुर में भालू का सफल रेस्क्यू, वन विभाग ने बिना किसी हानि के जंगल में छोड़ा
रात में भालू को पकड़ने रेस्क्यू ऑपरेशन चला. युवा नर भालू को सुरक्षित पकड़ने और जंगल में छोड़ने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 12, 2026 at 2:04 PM IST
मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर: मनेन्द्रगढ़ वनमंडल अंतर्गत नगर पंचायत जनकपुर क्षेत्र में बीते कई दिनों से भालू की बढ़ती आवाजाही से क्षेत्रवासियों में दहशत का माहौल बना हुआ था. खासकर जनकपुर निवासी अंकुर प्रताप सिंह के घर और बाड़ी क्षेत्र के आसपास भालू की लगातार मूवमेंट थी जिससे ग्रामीण भयभीत थे. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 11 फरवरी 2026 की रात एक विशेष रेस्क्यू अभियान चलाकर भालू को सुरक्षित पकड़ लिया गया.
लगाया गया पिंजरा
प्रभारी वनपरिक्षेत्र अधिकारी कुंवारपुर विकाश निकुंज के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने रणनीतिक तरीके से एक पिंजरा भालू की आवाजाही वाली जगह पर पिंजरा स्थापित किया. पूरी कार्रवाई सतर्कता, संयम और कुशल समन्वय के साथ देर रात संचालित की गई. इसके बाद वन अमले ने एक स्वस्थ युवा नर भालू को सफलतापूर्वक पिंजरे में कैद कर लिया.

सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ा गया
भालू को पकड़ने के बाद विधिवत पंचनामा तैयार किया गया और शासकीय वाहन से भालू को गांव से काफी दूर सुरक्षित वन क्षेत्र में ले जाया गया. वहां बिना किसी क्षति के उसे उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया. पिंजरे से मुक्त होते ही भालू तेजी से जंगल की ओर भाग गया. इस सफल कार्रवाई के बाद जनकपुर क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली.

बिना किसी हानि के रेस्क्यू
इस पूरी प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की जनहानि, पशुहानि या संपत्ति की क्षति की कोई सूचना नहीं मिली है. इसके चलते इस रेस्क्यू अभियान की सराहना हो रही है. बीएफओ पतवाही राजेंद्र परस्ते, परिक्षेत्र सहायक मसौरा प्रदीप दुबे, वनरक्षक गजाधर सिंह सहित वन अमले की सक्रिय एवं महत्वपूर्ण भूमिका रही. वन विभाग ने भी ग्रामीणों से अपील की है कि जंगली जानवर दिखाई देने पर घबराने या स्वयं कोई जोखिम उठाने की जरूरत नहीं है. तत्काल विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते सुरक्षित कार्रवाई की जा सके.
कुंवारपुर परिक्षेत्र के नगर पंचायत जनकपुर में अंकुर सिंह के यहां पिछले कुछ दिनों से भालू का आना-जाना हो रहा था. सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने रात्रि में रेस्क्यू अभियान चलाया. भालू को सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ दिया गया है.- विकाश निकुंज, सहायक वन संरक्षक एवं प्रभारी वनपरिक्षेत्र अधिकारी, कुंवारपुर

