मुजफ्फरनगर में धर्मांतरण गैंग का खुलासा, 5 महिलाओं समेत 12 गिरफ्तार, बीमारी ठीक करने और मुफ्त मकान देने का दे रहे थे लालच
आरोपी जंगल में टेंट लगाकर धर्मांतरण का खेल कर रहे थे. मौके से धार्मिक साहित्य, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज भी बरामद किए गए है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : July 6, 2026 at 8:08 PM IST
मुजफ्फरनगर : मंसूरपुर थाना क्षेत्र में जंगल में कैंप लगाकर धर्मांतरण करने वाले गिरोह पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. मामले में पांच महिलाओं समेत 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. मौके से धार्मिक साहित्य, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज भी बरामद किए गए है.
एसएसपी संजय वर्मा ने बताया, जड़ौदा गांव के जंगल में बने टेंट में लोगों को बीमारी ठीक करने, मुफ्त मकान दिलाने, शादी के लिए आर्थिक सहायता देने और अन्य तरह के प्रलोभन देकर बुलाया जा रहा था. शिकायत मिली थी कि लालच देकर गरीब लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है.
ग्राम जड़ौदा निवासी रवि चौधरी की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया. पुलिस की तीन टीम और मिशन शक्ति टीम ने शनिवार देर रात छापेमारी कर 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों में पांच महिलाएं भी शामिल हैं.
पुलिस ने मौके से तीन धार्मिक पुस्तकें, छह मोबाइल फोन और तीन डायरी, रजिस्टर बरामद किए हैं, जिन्हें जांच के लिए कब्जे में लिया गया है. इस गतिविधि से और कौन-कौन लोग जुड़े थे तथा इसका नेटवर्क कितना व्यापक है, इसकी जांच की जा रही है.
एसएसपी ने बताया कि बरामद मोबाइल फोन और दस्तावेजों की तकनीकी व फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस कथित नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं, इसकी गतिविधियां किन-किन क्षेत्रों में संचालित हो रही थीं और इसके तार अन्य जिलों या राज्यों से जुड़े हैं या नहीं.
यह भी पढ़ें : लखनऊ में 1.5 करोड़ के जेवर लूटने वाले दो बदमाश गिरफ्तार, ज्वेलर को मारी थी गोली, चोरी की बाइक और पिस्टल बरामद

