कोकिला बेन अंबानी ने श्रीनाथजी के दर्शन कर मनाया 92वां जन्मदिन, पूरा अंबानी परिवार रहा मौजूद
कोकिला बेन के जन्मदिन को लेकर महाप्रभुजी की बैठक में 51 वेद पाठी ब्राह्मणों द्वारा स्वस्ति वाचन एवं मंगलाचरण के पाठ किए गए.


Published : February 24, 2026 at 10:19 PM IST
नाथद्वारा: उद्योगपति अनिल अंबानी और मुकेश अंबानी की मां और श्रीनाथजी मंदिर मंडल बोर्ड की उपाध्यक्ष कोकिला बेन अंबानी ने अपना 92वां जन्मदिन मंगलवार को पुष्टिमार्गीय वल्लभ सम्प्रदाय की प्रधान पीठ नाथद्वारा श्रीनाथजी की हवेली में पूरे अंबानी परिवार के साथ श्रीनाथजी के दर्शन कर मनाया.
मंदिर प्रशासन ने बताया कि कोकिला बेन के 92वें जन्मदिन के अवसर पर पूरा अंबानी परिवार दर्शन करने पहुंचा, जिसमें विशेष रूप से बेटे मुकेश अंबानी, अनिल अंबानी, आकाश अंबानी, श्लोका अंबानी, अनंत अंबानी, राधिका अंबानी, अंशुल अंबानी, अनमोल अंबानी, बेटियां नीना बेन कोठारी व दीप्ती सालगांवकर एवं संपूर्ण अंबानी परिवार ओर धनराज नाथवानी भी शामिल हुए.
पढ़ें: रिलायंस परिवार की प्रमुख कोकिला बेन अंबानी ने श्रीनाथजी के दर्शन कर लिया आशीर्वाद
संध्या आरती के दर्शन पश्चात चिरंजीव विशाल बावा ने अंबानी परिवार के सभी सदस्यों का फेंटा बांधकर व रजाई, ऊपरना ओढ़ाकर एवं प्रसाद प्रदान कर सम्मान किया एवं आशीर्वाद प्रदान किया. इसके साथ ही पूरे परिवार ने पीठाधीश्वर गोस्वामी तिलकायत 108 श्री इंद्रदमन जी महाराजश्री और श्रीराजेश्वरी जी गोस्वामी से वीडियो कॉल पर आशीर्वाद लिया. तिलकायत श्री ने कोकिला बेन को जन्मदिन पर आशीर्वाद देते हुए शुभकामनाएं प्रेषित की.

पढ़ें: मुकेश अंबानी ने किए श्रीनाथजी के दर्शन, वरिष्ठ वैष्णव सेवा सदन बनाने की घोषणा
इस अवसर पर विशेष तैयारियां की गई थी. महाप्रभुजी की बैठक में 51 वेद पाठी ब्राह्मणों द्वारा स्वस्ति वाचन एवं मंगलाचरण के पाठ किए गए व मोती महल चौक में भजन गायन कर शुभकामनाएं प्रेषित की गई. इस दौरान श्रीनाथजी मंदिर के अधिकारी सुधाकर उपाध्याय, तिलकायत श्री के मुख्य सलाहकार अंजन शाह, बोर्ड सदस्य समीर चौधरी, सहायक अधिकारी अनिल सनाढ्य, मंदिर मंडल के सीईओ जितेंद्र पांडय, तिलकायत के सचिव लीलाधर पुरोहित, समाधानी उमंग मेहता, जमादार विट्ठल सनाढ्य, कैलाश पालीवाल, कल्पित जोशी, मोती महल निगरा गोपी वर्मा, सेवा विभाग सहित सेवादार मोजूद रहे.

