CM रेखा ने आधुनिक OPD भवन का किया शिलान्यास, IHBAS को देश के शीर्ष मानसिक स्वास्थ्य केंद्रों में लाने का लक्ष्य
सीएम रेखा गुप्ता ने इंस्टीट्यूट ऑफ ह्यूमन बिहेवियर एंड एलाइड साइंसेज (इहबास) में अत्याधुनिक ओपीडी भवन का किया शिलान्यास.हजारों मरीजों को मिलेगी बेहतर चिकित्सा

Published : February 28, 2026 at 8:18 PM IST
नई दिल्ली: दिल्ली की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आधुनिक ओपीडी (OPD) भवन का शिलान्यास किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह नया ढांचा हजारों नागरिकों को बेहतर, व्यवस्थित और त्वरित चिकित्सा सुविधा प्रदान करेगा उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य राजधानी के प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है.
IHBAS आधुनिक मशीनों और विश्वस्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित
मुख्यमंत्री ने बताया कि IHBAS को आधुनिक मशीनों और विश्वस्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है, ताकि इसे दिल्ली के एक सशक्त और अग्रणी स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित किया जा सके उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में यह संस्थान नई ऊंचाइयों को छुएगा और मरीजों को अत्याधुनिक उपचार उपलब्ध कराएगा.
पूर्वी दिल्ली सहित पूरे एनसीआर के लाखों लोगों को मिलेगा फायदा
इस मौके पर सीएम रेखा गुप्ता ने यह भी कहा कि जीटीबी अस्पताल की लगभग 1,500 बेड की क्षमता को और सुदृढ़ करने के लिए पिछली सरकार के समय अधूरी छोड़ी गई पीछे की बिल्डिंग के निर्माण कार्य को जल्द ही दोबारा शुरू किया जाएगा. इन नई सुविधाओं से पूर्वी दिल्ली सहित पूरे एनसीआर क्षेत्र के लाखों लोगों को बेहतर, त्वरित और गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सकेगा तथा दिल्ली का स्वास्थ्य तंत्र और अधिक मजबूत बनेगा.
मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने आज जीटीबी अस्पताल में 10 बेड की नई मेडिकल ICU, GI HD Video Endoscopy Suite और दिल्ली के लिए एकीकृत आयुष स्ट्रेस मैनेजमेंट प्रोग्राम का शुभारंभ किया। साथ ही, सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम हेतु राष्ट्रीय HPV टीकाकरण अभियान की भी शुरुआत की गई।
— CMO Delhi (@CMODelhi) February 28, 2026
इन पहलों… pic.twitter.com/aQg8kdFejx
आधुनिक ओपीडी भवन की आवश्यकता लंबे समय से थी
इसी तरह, इहबास को मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में देश और उत्तर भारत का एक प्रमुख केंद्र बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां मरीजों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए आधुनिक ओपीडी भवन की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी. नए भवन के निर्माण से मरीजों को लंबे इंतजार से राहत मिलेगी साथ ही जांच और उपचार की पूरी प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित और सुगम हो सकेगी.
देश के शीर्ष दो-तीन मानसिक स्वास्थ्य संस्थानों में होगा शामिल
इस कार्यक्रम में उत्तर पूर्वी दिल्ली से सांसद मनोज तिवारी, कैबिनेट सहयोगी डॉ. पंकज कुमार सिंह, विधायक संजय गोयल सहित कई गणमान्यजन उपस्थित रहे सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि IHBAS का यह केंद्र बहुत जल्द देश के शीर्ष दो-तीन मानसिक स्वास्थ्य संस्थानों में शामिल होगा. उन्होंने संकेत दिया कि केंद्र सरकार और वित्त मंत्रालय के सहयोग से मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़े स्तर पर निवेश किया गया है, जिससे उत्तर भारत का यह सबसे बड़ा केंद्र बनने की दिशा में कार्य तेज़ी से आगे बढ़ रहा है.
सांसद मनोज तिवारी ने दिल्ली के लोगों से की अपील
सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह संभव हो पाया है. साथ ही उन्होंने दिल्ली की जनता से अपील की कि वे सरकार को दो-तीन वर्ष का समय दें. उन्होंने भरोसा जताया कि तय समय के बाद दिल्ली की स्वास्थ्य व्यवस्था में व्यापक सुधार स्वयं दिखाई देगा और लोगों को सवाल पूछने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी
ये भी पढ़ें :

