इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के बीए-बीएससी 3rd सेमेस्टर के छात्रों को बड़ी राहत, VAC-MDC कोर्स में रजिस्ट्रेशन की तारीख बढ़ी
छात्र 31 अगस्त 2026 तक अपना पंजीकरण पूरा कर सकेंगे. इससे पहले आवेदन की आखिरी तारीख 27 अगस्त तय थी.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : August 27, 2026 at 7:43 PM IST
प्रयागराज : इलाहाबाद विश्वविद्यालय (AU) में नई शिक्षा नीति (NEP) के तहत स्नातक तृतीय सेमेस्टर (BA/B.Sc) में पढ़ रहे छात्र-छात्राओं के लिए राहत भरी खबर है. विश्वविद्यालय प्रशासन ने 2-क्रेडिट के अनिवार्य वैल्यू ऐडेड कोर्स (VAC) और मल्टीडिसिप्लिनरी कोर्स (MDC) के लिए रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि एक बार फिर बढ़ा दी है. छात्र 31 अगस्त 2026 तक अपना पंजीकरण पूरा कर सकेंगे. इससे पहले आवेदन की आखिरी तारीख 27 अगस्त तय थी.
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. विष्णु पी श्रीवास्तव की ओर से इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है. यह आदेश विश्वविद्यालय की मुख्य इकाई के विद्यार्थियों पर लागू होगा. पोर्टल पर भारी लोड, फीस ट्रांजेक्शन में आ रही रुकावटों और अंतिम समय की तकनीकी दिक्कतों को देखते हुए कई छात्र तय समय पर अपना पंजीकरण नहीं करा सके थे.
छात्रों की इन्हीं व्यावहारिक परेशानियों को मानवीय दृष्टिकोण से देखते हुए विवि प्रशासन ने समय-सीमा में 4 दिन का अतिरिक्त विस्तार किया है, ताकि किसी भी विद्यार्थी का शैक्षणिक सत्र या क्रेडिट स्कोर प्रभावित न हो. अक्सर देखा जाता है कि फीस कटने के बाद भी फॉर्म अपडेट नहीं होता या सर्वर एरर की वजह से रजिस्ट्रेशन अधूरा रह जाता है. ऐसे छात्रों की मदद के लिए विवि प्रशासन ने अलग से व्यवस्था बनाई है.
अर्थशास्त्र विभाग के शिक्षक एवं स्किल/एबिलिटी एन्हांसमेंट कोर्सेज के नोडल पर्सन डॉ. भारतेंदु कुमार चतुर्वेदी से रजिस्ट्रेशन में होने वाली दिक्कतों के लिए संपर्क किया जा सकता है. छात्र-छात्राएं अपनी फीस रसीद, बैंक ट्रांजेक्शन स्लिप और जरूरी सपोर्टिंग डॉक्यूमेंट्स के साथ सीधे विभाग में संपर्क कर अपनी समस्या का निस्तारण करवा सकते हैं.
यह भी पढ़ें : इकाना में बना रिकॉर्ड; UP T-20 पर नहीं चला बारिश का जोर, खेले गए सभी 22 मुकाबले

