रीट परीक्षा 2026 के नोटिफिकेशन का इंतजार, परीक्षा एजेंसी को लेकर संशय, कर्मचारी संघ ने कही ये बात
रीट परीक्षा 2026 को लेकर सरकार की ओर से अभी तक कोई नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ है.

Published : June 2, 2026 at 7:09 PM IST
अजमेर: रीट परीक्षा 2026 का लाखों अभ्यार्थी इंतजार कर रहे हैं. राज्य सरकार ने अभी तक रीट परीक्षा को लेकर कोई नोटिफिकेशन जारी नहीं किया है. वहीं रीट परीक्षा 2026 का आयोजन राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड करेगा या किसी स्वतंत्र एजेंसी से परीक्षा आयोजन को करवाया जाएगा, इसको लेकर भी संशय की स्थिति बनी हुई है.
'बोर्ड से बेहतर एजेंसी नहीं': राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड में मंत्रालय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष मोहन सिंह ने बताया कि रीट परीक्षा का आयोजन बोर्ड करवाता आया है. इस बार सरकार ने परीक्षा को लेकर नोटिफिकेशन अभी तक जारी नहीं किया है. मेरा मानना है कि सरकार को बोर्ड पर ही रीट परीक्षा 2026 के लिए भरोसा करना चाहिए. राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की विश्वसनीयता की पहचान देश भर में है. रीट परीक्षा के आयोजन के लिए इससे बेहतर संस्थान कोई और हो नहीं सकती. बोर्ड का मंत्रालय कर्मचारी संघ भी सरकार से जल्द नोटिफिकेशन जारी करने की मांग करेगा.
पढ़ें: रीट परीक्षा में 88.55 फीसदी रही उपस्थिति, बोर्ड ने बड़ी चुनौती को किया पार, परिणाम जल्द
परीक्षा आयोजन में माध्यमिक शिक्षा बोर्ड का क्लीन रिकॉर्ड: उन्होंने कहा कि कई प्रतियोगी परीक्षाओं के आयोजन को लेकर सवाल उठ चुके हैं, लेकिन रीट परीक्षा को लेकर बोर्ड में कभी कोई गड़बड़ी नहीं हुई है. बोर्ड हर वर्ष 10वीं और 12वीं की परीक्षा आयोजित करता है, जिसमें 20 लाख से अधिक विद्यार्थी परीक्षा देते हैं. रीट परीक्षा 2026 को भी सफलतापूर्वक बोर्ड करवा सकता है. हालांकि अभी तक परीक्षा एजेंसी को लेकर संशय की स्थिति बनी हुई है.
अब तक तैयारी नहीं हुई शुरू: रीट परीक्षा 2026 का नोटिफिकेशन जारी होने का प्रदेश के लाखों एसटीसी और बीएड धारक इंतजार कर रहे हैं. रीट परीक्षा का आयोजन नवंबर या दिसंबर तक हो सकता है. संभावना है कि परीक्षा के लिए नोटिफिकेशन जल्द जारी होगा. फिलहाल रीट परीक्षा को लेकर राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड में संशय स्थिति बनी हुई है. राजस्थान अध्यापक पात्रता परीक्षा (रीट) का आयोजन राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड करवाता आ रहा है. आयोजक एजेंसी को लेकर संशय की स्थिति के चलते बोर्ड में परीक्षा आयोजन को लेकर पहले से कोई तैयारी नहीं की जा रही है. बोर्ड को भी सरकार की ओर से जारी नोटिफिकेशन का इंतजार है. ताकि संशय की स्थिति दूर हो सके.

