ETV Bharat / state

रीट अभ्यर्थी से इंस्टाग्राम पर दोस्ती, नोट्स देने के बहाने बुलाकर किया दुष्कर्म, शिक्षा मंत्री के निर्देश पर आरोपी प्रधानाचार्य निलंबित

करीब दो महीने पहले उसकी इंस्टाग्राम पर रणधीर नाम के व्यक्ति से पहचान हुई थी.

जिला पुलिस अधीक्षक भरतपुर
जिला पुलिस अधीक्षक भरतपुर (ETV Bharat Bharatpur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : July 8, 2026 at 9:25 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

भरतपुर : रीट परीक्षा की तैयारी कर रही युवती को इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर परीक्षा के नोट्स देने और तैयारी में मदद का झांसा देकर बुलाया और बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया. दुष्कर्म करने के आरोपी सरकारी स्कूल के प्रधानाचार्य को राज्य सरकार ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.

शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने संज्ञान लेते हुए निदेशक माध्यमिक शिक्षा सीताराम जाट को आरोपी प्रधानाचार्य रणधीर सिंह के निलंबन के निर्देश दिए. आरोपी रणधीर सिंह डीग जिले के ब्लॉक डीग स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बरौली चौथ में प्रधानाचार्य के पद पर कार्यरत है. उसके खिलाफ भरतपुर के उद्योग नगर थाने में रीट परीक्षा की तैयारी कर रही युवती की रिपोर्ट पर दुष्कर्म सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है.

पढे़ं. 5 साल की मासूम से दुष्कर्म : जयपुर रेंज आईजी राहुल प्रकाश पीड़िता से मिले, बोले- आरोपी जल्द होगा गिरफ्तार

इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती : उद्योग नगर थानाधिकारी पवन यादव ने बताया कि एक पीड़िता ने थाने में दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था. पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह रीट परीक्षा की ऑनलाइन और ऑफलाइन तैयारी कर रही थी. करीब दो महीने पहले उसकी इंस्टाग्राम पर रणधीर नाम के व्यक्ति से पहचान हुई. आरोपी ने खुद को डीग जिले के सरकारी स्कूल का प्रधानाचार्य बताते हुए परीक्षा की तैयारी में मदद और महत्वपूर्ण नोट्स उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया. इसी विश्वास में युवती उसके संपर्क में रही.

नोट्स देने के बहाने भरतपुर बुलाया : आरोप है कि 28 जून को आरोपी ने युवती को नोट्स देने के बहाने भरतपुर बुलाया. युवती अपनी सहेली के साथ नदबई से ट्रेन से भरतपुर पहुंची. रेलवे स्टेशन पर आरोपी पहले से मौजूद था और दोनों को अपनी कार में बैठाकर निर्मल नगर स्थित एक मकान पर ले गया. रिपोर्ट के अनुसार आरोपी ने युवती और उसकी सहेली को नशीला पदार्थ पिलाकर बंधक बना लिया.

पढे़ं. श्रीगंगानगर: तीन दिन तक अलग-अलग होटलों में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, 8 आरोपी गिरफ्तार

30 जून को दर्ज हुआ मामला :अगले दिन 29 जून की सुबह आरोपी के गहरी नींद में होने पर सहेली ने समझदारी दिखाते हुए पीड़िता के मोबाइल से परिजनों को फोन कर पूरी घटना और लोकेशन की जानकारी दी. सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों युवतियों को वहां से बाहर निकाला. पीड़िता ने 30 जून को उद्योग नगर थाने में आरोपी रणधीर सिंह के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई. पीड़िता ने मेडिकल परीक्षण कराने और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है.

पहले भी विवादों में रहा है आरोपी : रणधीर सिंह पहले भी विवादों में रह चुका है. उस पर छात्रा से अनुचित व्यवहार, कथित अनैतिक संबंधों, वित्तीय अनियमितताओं, फर्जी प्रवेश, शाला दर्पण रिकॉर्ड में गड़बड़ी और अनुशासनहीनता जैसी शिकायतें पहले भी सामने आ चुकी हैं. इन मामलों की जांच भी विभागीय स्तर पर चलती रही है. आरोपी प्रधानाचार्य के विरुद्ध नैतिक पतन से जुड़े गंभीर आपराधिक मामले में एफआईआर दर्ज होने से विभाग की छवि धूमिल हुई है. इसी आधार पर शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने तत्काल संज्ञान लेते हुए आरोपी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए. निलंबन आदेश जारी होने के बाद विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है.