पिथौरागढ़ में 3 अगस्त से होगी पूर्व सैनिकों की भर्ती, जानिए क्या होनी चाहिए योग्यता?
उत्तराखंड के पूर्व सैनिकों के लिए सामान्य ड्यूटी के 49 पद समेत कुल 69 रिक्तियों पर होगी भर्ती, विस्तार से जानिए

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : June 29, 2026 at 9:10 PM IST
पिथौरागढ़: सीमांत पिथौरागढ़ में अगस्त महीने में पूर्व सैनिकों की भर्ती होनी जा रही है. इसके लिए तैयारी शुरू कर दी गई है. 130 इन्फैंट्री बटालियन (प्रादेशिक सेना) ईको कुमाऊं की ओर से पूर्व सैनिकों एवं पात्र भूतपूर्व महिला कर्मियों के लिए भर्ती रैली का आयोजन किया जा रहा है.
कुल 69 रिक्त पदों पर होगी भर्ती: यह भर्ती रैली आगामी 3 से 8 अगस्त तक पिथौरागढ़ के देवकटिया ग्राउंड में आयोजित की जाएगी. भर्ती प्रक्रिया प्रतिदिन सुबह 6 बजे से शुरू होगी, जिसमें दस्तावेज सत्यापन, शारीरिक दक्षता परीक्षा, मेडिकल परीक्षण और साक्षात्कार शामिल होंगे. पूर्व सैनिकों के लिए सामान्य ड्यूटी के 49 पद समेत कुल 69 रिक्तियों पर भर्ती होगी.
तिथिवार भर्ती कार्यक्रम: भर्ती कार्यक्रम के अनुसार, आगामी 3 अगस्त को अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा. 4 अगस्त को शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित होगी. जबकि, 5 अगस्त से 8 अगस्त तक शारीरिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों का मेडिकल जांच एवं इंटरव्यू संपन्न कराया जाएगा.
इन पदों पर होगी भर्ती: पदों की बात करें तो इनमें सैनिक यानी सामान्य ड्यूटी (GD) के 49 पद केवल उत्तराखंड के पूर्व सैनिकों के लिए आरक्षित हैं. इसके अलावा सैनिक (शेफ कम्युनिटी) के 4, सैनिक (वाशरमैन) के 2, सैनिक (टेलर) के 2, सैनिक (इक्विपमेंट रिपेयरर) के 2, सैनिक (हेयर ड्रेसर) के 3, सैनिक (ब्लैक स्मिथ) का 1, सैनिक (क्लर्क) का 1, सैनिक (कारपेंटर) के 3 और सैनिक (हाउस कीपर) के 2 पदों पर अखिल भारतीय स्तर पर पात्र पूर्व सैनिक आवेदन कर सकेंगे.
क्या है पात्रता? भर्ती के लिए पूर्व सैनिक (पेंशनधारक) या भूतपूर्व महिला कर्मी, जो कि पर्यावरण वन मंत्रालय या जलवायु नियंत्रण या राज्य वन विभाग, उत्तराखंड में न्यूनतम 20 साल की सेवा प्रदान की हो, आवेदन करने के पात्र होंगे. पूर्व सैनिकों एवं भूतपूर्व महिला कर्मियों का नामांकन सेवानिवृत्ति या सेवा से मुक्त होने की तिथि से पांच साल के भीतर होना आवश्यक है.
कितना होना चाहिए न्यूनतम वजन? अभ्यर्थियों के लिए चिकित्सीय श्रेणी SHAPE-1, चरित्र अनुकरणीय/बहुत अच्छा (Exemplary/Very Good) होना अनिवार्य है. पुरुष अभ्यर्थियों का न्यूनतम वजन 50 किलोग्राम और महिला अभ्यर्थियों का न्यूनतम वजन 42 किलोग्राम निर्धारित किया गया है.
कितनी होनी चाहिए हाइट? पुरुष अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम ऊंचाई 160 सेंटीमीटर (गोरखा एवं गढ़वाली अभ्यर्थियों के लिए 152 सेंटीमीटर) और भूतपूर्व महिला कर्मियों के लिए 150 सेंटीमीटर निर्धारित है. पुरुष अभ्यर्थियों के लिए सीने का न्यूनतम माप 82 सेंटीमीटर और 5 सेंटीमीटर का विस्तार अनिवार्य होगा. महिला अभ्यर्थियों को भी 5 सेंटीमीटर तक सीने का विस्तार करने में सक्षम होना होगा.
रैली में साथ लाने होंगे ये जरूरी दस्तावेज: भर्ती रैली में भाग लेने वाले पूर्व सैनिकों को मूल डिस्चार्ज बुक, पीपीओ की मूल एवं छायाप्रति, पूर्व सैनिक पहचान पत्र, आधार कार्ड, मूल निवास प्रमाण पत्र और पासपोर्ट आकार के 7 रंगीन फोटो साथ लाने होंगे.
भूतपूर्व महिला कर्मियों को लाने होंगे ये दस्तावेज: भूतपूर्व महिला कर्मियों को मूल पेंशन आदेश, संबंधित विभाग की ओर से जारी 20 साल की सेवा प्रमाणित करने वाला प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, मूल निवास प्रमाण पत्र एवं 7 पासपोर्ट आकार के रंगीन फोटो पेश करने होंगे.
चयनित कार्मिकों की सेवा अवधि साल में अधिकतम 8 माह की होगी, जो आवश्यकता एवं स्वीकृत प्रावधानों के अनुसार निर्धारित की जाएगी. चयनित अभ्यर्थियों को उनके पद एवं सेवा समूह के अनुसार मूल वेतन, महंगाई भत्ता और नियमानुसार अन्य अनुमन्य भत्ते दिए जाएंगे.
130 इन्फैंट्री बटालियन (प्रादेशिक सेना) इको कुमाऊं ने पात्र पूर्व सैनिकों एवं भूतपूर्व महिला कर्मियों से निर्धारित तिथि एवं समय पर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ भर्ती रैली में उपस्थित होने का आग्रह किया है. भर्ती से संबंधित जानकारी या ऑनलाइन नामांकन के लिए अभ्यर्थी www.130ta.com पर विजिट कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें-
- उत्तराखंड के पूर्व सैनिक कलम सिंह को सेनाध्यक्ष ने किया सम्मानित, इन कार्यों के लिए थपथपाई पीठ
- हर्बटपुर में गणेश जोशी ने किया सैनिक कार्यालय का शुभारंभ, गिनाई सरकार की प्राथमिकताएं
- रिटायरमेंट के बाद देश के लिए तैयार कर रहे जांबाज सैनिक, राजेश सेमवाल की राष्ट्र निर्माण की स्टोरी
- अल्मोड़ा में रिटायर सैनिक तैयार कर रहा 'जांबाज', ऐसे हो रही ट्रेनिंग

