75 ग्रेजुएट अप्रेंटिसशिप के लिए 228 अभ्यर्थियों के आवेदन, पावर कंपनी मुख्यालय में चल रहा दस्तावेजों का परीक्षण
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड में इस एक वर्षीय अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : January 7, 2026 at 9:49 AM IST
रायपुर: छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड में एक वर्षीय अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए अप्रेंटिस की भर्ती की जा रही है. इसके लिए 228 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है. डगनिया स्थित मुख्यालय में मंगलवार से मानव संसाधन विभाग ने दस्तावेजों का सत्यापन कार्य शुरू किया. बुधवार को विज्ञान संकाय वाले अभ्यर्थियों को दस्तावेज परीक्षण के लिये आमंत्रित किया गया है.
75 अप्रेंटिस की भर्ती
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड में इस एक वर्षीय अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं. जिसमें सामान्य स्ट्रीम के ग्रेजुएट के लिए 25 एवं टेक्नीशियन अप्रेंटिस 50 अभ्यर्थियों को चुना जाएगा.
1 साल का अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण कार्यक्रम
प्रशिक्षुओं को पावर कंपनी में एक वर्ष तक कार्य करने का अवसर प्रदान किया जाएगा. इससे वे प्रशिक्षित हो पाएंगे. इसमें इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, सिविल, साइंस के साथ ही डिप्लोमा विषय वालों को आमंत्रित किया गया है.

इतना मिलेगा स्टाइपेंड
सीएसपीडीसीएल में प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने के बाद प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण मंडल (पश्चिमी क्षेत्र) मुंबई से दक्षता प्रमाण पत्र दिया जाएगा. प्रशिक्षण अवधि के दौरान उन्हें कंपनी के कार्यस्थल पर उपलब्ध चिकित्सालय में चिकित्सा सुविधा प्रदान की जाएगी. चयनित अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण अवधि में ग्रेजुएट अप्रेंटिंस को 12300 रुपए मासिक एवं टेक्नीशियन अप्रेंटिस को 10900 रुपए छात्रवृत्ति दिया जाएगा.

नौकरी की खबर
बता दें सीजी व्यापम ने छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के अंतर्गत प्रयोगशाला सहायक सैंपलर ग्रेड 2 के पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन जारी किया है. इस पद के लिए 27 जनवरी शाम 5:00 बजे तक ऑनलाइन आवेदन भर सकते हैं. वहीं 11 जनवरी को होने वाली छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल नया रायपुर के अंतर्गत रसायनज्ञ के पद के लिए होने वाली परीक्षा का प्रवेश पत्र भी जारी किया गया है.

