एनएचएम के तहत 87 संविदा पदों पर बलौदा बाजार में होगी भर्तियां, 28 फरवरी तक आवेदन करने की तारीख
भर्ती में स्थानीय युवाओं को पहली प्राथमिकता दी जाएगी.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 18, 2026 at 8:00 AM IST
|Updated : February 18, 2026 at 9:52 AM IST
बलौदा बाजार: जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है. राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत विभिन्न 87 रिक्त संविदा पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं. मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला बलौदा बाजार-भाटापारा द्वारा जारी सूचना के अनुसार इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी 28 फरवरी 2026 शाम 5:00 बजे तक आवेदन कर सकते हैं. यह भर्ती न केवल स्वास्थ्य विभाग की कार्यक्षमता को बढ़ाएगी, बल्कि जिले के युवाओं के लिए रोजगार का एक बड़ा अवसर भी लेकर आई है. खास बात यह है कि यह भर्ती स्थानीय छत्तीसगढ़ निवासी अभ्यर्थियों के लिए है, जिससे जिले के युवाओं को प्राथमिकता मिलेगी.
इन पदों पर की जानी हैं भर्तियां
- कुल 87 पदों पर संविदा नियुक्तियां की जाएंगी
- पदों में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े तकनीकी और सहायक दोनों प्रकार के पद शामिल
- स्टाफ नर्स के 36 पदों पर भर्ती
- सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर) के 17 पद पर भर्ती
- नर्सिंग ऑफिसर के 4 पद पर होगी नियुक्ति
- एएनएम के 2 पदों पर भर्ती की जाएगी.
- काउंसलर के 2 पद
- सपोर्ट स्टाफ के 3 पद
- जूनियर सेक्रेट्रीयल असिस्टेंट के 6 पद
- लैब असिस्टेंट के 2 पद
- साइकोलॉजिस्ट के 5 पद
- फिजियोथेरेपिस्ट, ऑडियोलॉजिस्ट, लैब टेक्नीशियन, डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (डेटा) के पद पर होगी भर्तियां
- फीडिंग डिमांस्ट्रेटर, अटेंडेंट, कुक कम केयर टेकर और सिक्योरिटी गार्ड के एक-एक पद पर नियुक्ति की जाएगी
केवल स्थानीय अभ्यर्थियों के लिए अवसर
संविदा पदों पर नियुक्ति हेतु केवल छत्तीसगढ़ के स्थानीय निवासी अभ्यर्थी ही आवेदन कर सकते हैं. इससे जिले और प्रदेश के युवाओं को प्राथमिकता मिलेगी. प्रशासन का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर ही योग्य मानव संसाधन तैयार कर स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार लाना है. इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्धारित प्रपत्र में आवेदन करना होगा. आवेदन पत्र कार्यालय, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा (छत्तीसगढ़) के पते पर 28 फरवरी 2026 शाम 5:00 बजे तक केवल पंजीकृत डाक या स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजा जा सकता है. निर्धारित समय के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा.
आवेदन प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन भेजने से पहले संबंधित पद की शैक्षणिक योग्यता, अनुभव और अन्य पात्रता शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें. आवेदन पत्र में आवश्यक दस्तावेजों की स्वप्रमाणित प्रतियां संलग्न करना अनिवार्य होगा. आवेदन अधूरा पाए जाने या आवश्यक दस्तावेज संलग्न न होने की स्थिति में आवेदन निरस्त किया जा सकता है. इसलिए उम्मीदवारों को समय रहते सभी औपचारिकताएं पूरी कर आवेदन भेजने की सलाह दी गई है. अधिक जानकारी, विस्तृत विज्ञापन, पात्रता मानदंड और चयन प्रक्रिया से संबंधित दिशा-निर्देश जिले की आधिकारिक वेबसाइट [https://balodabazar.gov.in](https://balodabazar.gov.in) पर उपलब्ध है. अभ्यर्थियों से कहा गया है कि वे वेबसाइट को फॉलो करते रहें.
व्यवस्थाओ में आएगा सुधार
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है. जिले में कई स्वास्थ्य केंद्रों पर स्टाफ की कमी लंबे समय से महसूस की जा रही थी. ऐसे में इन 87 पदों पर भर्ती से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और जिला अस्पताल की सेवाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है. सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी और स्टाफ नर्स जैसे पदों की संख्या अधिक होने से यह साफ है कि प्राथमिक और सामुदायिक स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. साइकोलॉजिस्ट और काउंसलर जैसे पदों की भर्ती मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.
खैरागढ़ में केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग, कई किलोमीटर दूर तक दिखीं लपटें और धुएं का गुबार
सुरक्षाकर्मियों पर हमला कर प्लेस ऑफ सेफ्टी से 13 अपचारी बालक फरार
भाटापारा में दाल मिल पर कार्रवाई, 316 बोरी उड़द दाल जब्त, रंग मिलाए जाने का शक

