ETV Bharat / state

भराड़ीसैंण विधानसभा, 12 साल में सिर्फ 10 सत्र, 35 दिन चली सदन की कार्यवाही, देखें आंकड़े

चमोली के भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में अभी तक सदन की कार्यवाही किस साल में कितने दिन तक चली, पूरी अपडेट.

Etv Bharat
Etv Bharat (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : February 19, 2026 at 2:33 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने आगामी विधानसभा बजट सत्र गैरसैंण के भराड़ीसैंण में स्थित विधानसभा भवन में आहूत करने का निर्णय लिया है. जिसके लिए तिथियों का भी ऐलान कर दिया गया है. इसके तहत आगामी विधानसभा बजट सत्र 9 से 13 मार्च तक यानी 5 दिवसीय सत्र आहूत होने जा रहा है. पहली बार साल 2014 में गैरसैंण में विधानसभा विशेष सत्र टेंट में आयोजित किया गया था. जिसके बाद से यानी पिछले 12 सालों में गैरसैंण में 35 दिनों तक सदन की कार्यवाही चली है.

उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण जन भावनाओं से जुड़ा हुआ है. यही वजह है कि सरकारें जनता को साधने और जन भावनाओं को देखते हुए गैरसैंण में विधानसभा सत्र आहूत करने का निर्णय लेती रही है. उत्तराखंड के चमोली जिले के गैरसैंण में पहला विशेष विधानसभा सत्र 9 जून 2014 को आयोजित हुआ था, जो टेंट में आयोजित किया गया था. ये विशेष सत्र 9 से 11 जून 2014 तक चला. दरअसल, तत्कालीन मुख्यमंत्री हरीश रावत सरकार ने इसे राज्य आंदोलनकारियों की मांग को सम्मान देने के लिए गैरसैंण में सत्र आहूत किया था.

गैरसैंण में साल 2014 में पहला विधानसभा सत्र आहूत होने के बाद गैरसैंण में सत्र आहूत करना का सिलसिला शुरू हो गया. जिसके बाद से लगभग हर साल गैरसैंण में विधानसभा सत्र आहूत होता रहा. हालांकि, साल 2019 और साल 2022 में एक भी सत्र गैरसैंण में आहूत नहीं किया गया. लेकिन हर साल सत्र आहूत किया जाता रहा. साल 2014 के बाद साल 2015 में भी तत्कालीन हरीश रावत सरकार ने टेंट में 2 नवंबर 2015 को विधानसभा सत्र आहूत किया था. फिर गैरसैंण के भराड़ीसैंण में बने स्थायी विधानसभा भवन बनने के बाद पहला सत्र 17 नवंबर 2016 को आहूत हुआ था. इस विधानसभा सत्र को तत्कालीन विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने ऐतिहासिक बताया था, क्योंकि इससे पहले गैरसैंण में दो सत्र टेंट में हो चुके थे.

गैरसैंण में कब- कब आहूत हुआ विधानसभा सत्र

  • 9 से 11 जून 2014 तक गैरसैंण में टेंट में विधानसभा विशेष सत्र आहूत हुआ था.
  • 2 से 3 नवंबर 2015 तक गैरसैंण में टेंट में विधानसभा सत्र आहूत हुआ था.
  • 17 से 18 नवंबर 2016 तक गैरसैंण के भराड़ीसैंण में बने स्थायी विधानसभा भवन में विधानसभा सत्र आहूत हुआ था.
  • 7 से 8 दिसंबर 2017 तक भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में सत्र आहूत हुआ था.
  • 20 से 26 मार्च 2018 तक भराड़ीसैंण में बजट सत्र आहूत हुआ था.
  • साल 2019 में भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में कोई भी सत्र आहूत नहीं हुआ.
  • 3 से 7 मार्च 2020 तक भराड़ीसैंण में बजट सत्र आहूत हुआ था.
  • 1 से 6 मार्च 2021 तक भराड़ीसैंण में बजट सत्र आहूत हुआ था.
  • साल 2022 में भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में कोई भी सत्र आहूत नहीं हुआ.
  • 13 से 16 मार्च 2023 तक भराड़ीसैंण में बजट सत्र आहूत हुआ था.
  • 21 से 23 अगस्त 2024 तक भराड़ीसैंण में विधानसभा सत्र आहूत हुआ था.
  • 19 से 20 अगस्त 2025 तक भराड़ीसैंण में विधानसभा सत्र आहूत हुआ था.

ये भी पढ़ें: