यूपी में हाड़ कंपाती ठंड; कई जिलों के स्कूलों में छुट्टी, अभी और गिरेगा टेंपरेचर
पिछले साल जनवरी में कानपुर न्यूनतम 7 डिग्री से. के साथ था सबसे ठंडा, इस बार इटावा का टेंपरेचर 2.6 डिग्री.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 9, 2026 at 9:14 AM IST
|Updated : January 9, 2026 at 12:29 PM IST
लखनऊ : कड़ाके की सर्दी ने इस बार रिकॉर्ड तोड़ने पर आमादा हैं. पिछले साल की तुलना में इस बार अधिक सर्दी पड़ रही है और अधिक तापमान में गिरावट दर्ज हुई है. पिछले वर्ष 2025 जनवरी में उत्तर प्रदेश का सबसे न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस कानपुर का दर्ज हुआ था. इस बार इटावा का तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है, जो कि अभी तक का सबसे न्यूनतम तापमान है. इससे अनुमान लगाया जा सकता है कि पिछले साल की तुलना में इस बार सर्दी ने रिकॉर्ड तोड़ा है. दूसरी तरफ स्कूलों पर भी ठंड का असर पड़ा है. बनारस में डीएम ने 9वीं और 11वीं की कक्षाओं को ऑनलाइन चलाने का निर्देश दिया है. जबकि आगरा, मिर्जापुर, प्रयागराज में 12 वीं तक स्कूल बंद रखने का आदेश है.

आज कहां कितना रहेगा तापमान: शुक्रवार को लखनऊ का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री और अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. इसी तरह कानपुर का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री और अधिकतम तापमान 15 से 16 डिग्री सेल्सियस, इटावा का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री और अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस, वाराणसी का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री और अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस, गाजीपुर का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री और अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस, मऊ का न्यूनतम तापमान 7 से 8 डिग्री और अधिकतम तापमान 13 से 14 डिग्री सेल्सियस, जबकि बलिया का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री और अधिकतम तापमान 14 से 15 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है.
जारी रहेगी तापमान में गिरावट: मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉ. अतुल सिंह के मुताबिक, पिछले दो साल की तुलना में इस बार तापमान में अधिक गिरावट दर्ज हुई है. यह गिरावट बरकरार है. इटावा, कानपुर, गोरखपुर और आगरा समेत कई जिलों का तापमान 5 डिग्री सेल्सियस के नीचे पहुंचा है. आगामी दिनों में भी तापमान में गिरावट जारी रहेगी. कहा कि राज्य में मौसम सर्द, कोहरे व शीतलहर के प्रभाव वाला रहने की संभावना है. खासकर सुबह घना कोहरा रहने से विजिबिलिटी कम हो सकती है. दिन के दौरान कोहरा कुछ हद तक हट सकता है और आंशिक धूप या आंशिक बादल वाली स्थिति बन सकती है.

बनारस में पारा पहुंचा 4.8 डिग्री: बनारस में बुधवार की अपेक्षा गुरुवार का दिन जबरदस्त ठंड से भरा रहा. सुबह तो बनारस में कोहरे ने इस कदर चादर फैलाई कि विजिबिलिटी जीरो हो गई. इसकी वजह से एक तरफ जहां ट्रेनें लेट हुईं तो बड़ी संख्या में फ्लाइट भी कैंसिल हुईं.
मौसम विभाग का मानना है कि पश्चिमी विक्षोभ का असर उत्तर भारत के कई क्षेत्रों से गुजरने की वजह से ठंड अभी और परेशान करेगी. गुरुवार को वाराणसी में अधिकतम तापमान औसत से 9.5 डिग्री कम 11.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान औसत से 3.6 डिग्री कम 4.8 डिग्री सेल्सियस रहा. ठंड के कारण बनारस में क्लास 9 व 11 की कक्षाओं को ऑनलाइन चलाने का आदेश डीएम ने दिया है.

मौसम वैज्ञानिक मनोज श्रीवास्तव का कहना है कि ठंड का असर अभी कम नहीं होगा, क्योंकि पश्चिमी विक्षोभ का बड़ा प्रभाव यूपी समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में देखने को मिल रहा है. तीन दिनों तक तो कोहरे का हाई अलर्ट जारी है और घना कोहरा भी लोगों को परेशान करेगा, जबकि पर अभी और नीचे जा सकता है 11 जनवरी के बाद कुछ राहत की उम्मीद की जा सकती है.
मेरठ में बढ़ी गलन, सर्दी का जारी है सितम: मेरठ में तापमान अपने न्यूनतम स्तर पर आ पहुंचा है. बीते कई दिन से पारा लुढ़कता ही जा रहा है.लोगों को आलाव का सहारा घरों में भी लेना पड़ रहा है. बीते दिन के तापमान पर नजर डालें तो भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान संस्थान, मोदीपुरम के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एम. शमीम बताते हैं, कोल्ड वेव की तीव्रता इस वक्त ज्यादा है. पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी मैदानी इलाकों में असर दिखा रही है. वह मानते हैं कि आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से सर्दी और बढ़ने के संकेत हैं.
तापमान की बात करें तो बीता दिन यानी गुरुवार पिछले कई से अधिक ठंडा रहा. हालांकि, दिन में धूप भी खिली और टेम्प्रेचर 16.9 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. शुक्रवार का तापमान आधी रात से कल के मुकाबले लुढ़कना शुरु हुआ और सुबह 6 बजे तक 4 डिग्री तक पहुंच गया. वहीं चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय स्थित मौसम वेधशाला के मुताबिक, सर्दी और ठिठुरन बरकरार रहने वाली है.
आगरा में 12वीं तक के स्कूल अब 12 से खुलेंगे: बर्फीली हवाओं और घने कोहरे से आगरा में जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है. आगरा में गुरुवार को कोल्ड डे जैसी स्थिति रही. दिन का तापमान 14.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ. जो इस मौसम का दूसरा सबसे ठंडा दिन रहा. शुक्रवार सुबह से कोहरे के साथ हवा भी चल रही है. जिससे गलन और ठिठुरन बढ़ी है. मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि ठंड का दौर 14 जनवरी तक जारी रहेगा. इसके चलते ही डीआईओएस चंद्रशेखर ने आगरा में 9 और 10 जनवरी को 12वीं तक के स्कूल बंद रखने के निर्देश दिए हैं. कई ट्रेनें भी देरी से चल रही है. जिससे यात्री परेशान हैं.
मिर्जापुर में माध्यमिक स्कूल 12 जनवरी तक बंद: मिर्जापुर जनपद में भीषण ठंड को देखते हुए माध्यमिक स्कूल 12 जनवरी तक बंद रहेंगे. जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार के आदेश पर जिला विद्यालय निरीक्षक माया राम ने आदेश पत्र जारी किया है.
शिमला और नैनीताल से भी सर्द रही संगमनगरी: प्रयागराज में भीषण ठंड ने इस बार पहाड़ों को भी पीछे छोड़ दिया है. गुरुवार की रात प्रयागराज में शिमला, नैनीताल, मसूरी और मनाली से भी अधिक ठंड दर्ज की गई. न्यूनतम पारा गिरकर 6 डिग्री पहुंच गया, जबकि अधिकतम तापमान सीजन के सबसे निचले स्तर 11.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया. गलनभरी ठंड और घने कोहरे का असर पूरे दिन बना रहा. सुबह दृश्यता शून्य रही और दोपहर तक हालात ऐसे रहे मानो सुबह का वक्त हो. शहर के साथ ही हाईवे पर भी वाहन चालकों को दिन में हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा. ठंडी पछुआ हवाओं ने सर्दी को और तीखा कर दिया, जिससे लोग अलाव, हीटर और ब्लोअर का सहारा लेते नजर आए. वातावरण में नमी का स्तर सौ फीसदी दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार 9 से 12 जनवरी के बीच तापमान में हल्की बढ़ोतरी के आसार हैं, लेकिन इसके बाद पछुआ हवाओं के चलते ठिठुरन फिर बढ़ सकती है.
12वीं तक के स्कूल 10 जनवरी तक बंद: शीतलहर और घने कोहरे को देखते हुए जिले में 12वीं तक के सभी बोर्ड के स्कूलों में 10 जनवरी तक अवकाश घोषित किया गया है. डीआईओएस पीएन सिंह के आदेश के मुताबिक इस दौरान शिक्षक और अन्य स्टाफ विद्यालयों में उपस्थित रहेंगे.
यह भी पढ़ें: यूपी में भीषण कोहरे की वजह से ट्रेन संचालन बेपटरी; फ्लाइट्स का शेड्यूल हुआ गड़बड़

