अंबाला में रिसेप्शन की रात बनी खून की रात, पुरानी रंजिश में युवक की हत्या, दो की हालत गंभीर
अंबाला कैंट रिसेप्शन में पुरानी रंजिश में हुए विवाद और चाकूबाजी में एक युवक की मौत हो गई. दो गंभीर रूप से घायल है.

Published : February 23, 2026 at 11:53 AM IST
|Updated : February 23, 2026 at 11:02 PM IST
अंबाला: अंबाला कैंट स्थित सिया वाटिका पैलेस में रविवार रात चल रहा रिसेप्शन समारोह अचानक मातम में बदल गया. हंसी-खुशी के माहौल में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो गुटों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद बढ़ा और खूनी संघर्ष में विवाद तब्दील हो गया. चंद मिनटों में ही मौके पर चीख-पुकार मच गई. लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.
मामूली कहासुनी ने लिया हिंसक रूप: प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार समारोह में आए युवकों के बीच पहले हल्की कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई. पार्किंग क्षेत्र में 7-8 युवकों ने जसराज उर्फ जस्सा पर पुरानी रंजिश के चलते चाकुओं से हमला कर दिया. बीच-बचाव करने आए उसके दोस्तों को भी निशाना बनाया गया. हमलावरों ने ताबड़तोड़ वार किए और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए.
एक की मौत, दो गंभीर घायल: इस हमले में अंबाला सिटी के दुर्गा नगर निवासी सोनू (22) की मौके पर ही मौत हो गई. उसके दोस्त भूपिंदर (20) और जसराज (19) गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. जसराज की हालत नाजुक होने के कारण उसे रेफर कर दिया गया है. बताया जा रहा है कि तीनों दोस्त समारोह में शामिल होने आए थे और उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि पुरानी रंजिश इतनी बड़ी वारदात का रूप ले लेगी.
पुलिस ने क्या कहा ? : पूरे मामले की जानकारी देते हुए सदर थाना SHO लखबीर ने बताया कि रविवार देर रात को आपसी रंजिश के चलते तीन युवकों के ऊपर चाकू से हमला कर दिया गया. इस दौरान एक की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल है जिनमें से एक को रेफर कर दिया गया था. फिलहाल इस मामले में जांच जारी है. वहीं जानकारी देते हुए मृतक के चाचा ने बताया कि कल देर रात उन्हें फोन कर सूचना मिली कि उनके भतीजे की मौत हो गई है, जिसके बाद वे नागरिक अस्पताल पहुंचे और अब मांग कर रहे है कि उनके भतीजे को न्याय मिलना चाहिए
ये भी पढ़ें:हिसार में नेशनल हाईवे पर भीषण टक्कर, रोडवेज बस-ट्रक भिड़ंत में चालक की मौत, 13 यात्री घायल

