ETV Bharat / state

IGMC मारपीट मामले में दिल्ली एम्स RDA भी डॉ. राघव के समर्थन में उतरी, वीडियो पर उठाए सवाल

आईजीएमसी आरडीए के बाद अब दिल्ली एम्स आरडीए ने भी डॉ. राघव नरूला के खिलाफ हुई कार्रवाई का विरोध किया है.

RDA AIIMS Delhi support Dr Raghav Narula
RDA AIIMS ने भी बर्खास्त डॉक्टर का किया समर्थन (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : December 26, 2025 at 11:47 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला: हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े अस्पताल इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (IGMC) शिमला में डॉक्टर और मरीज के बीच मारपीट से शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. इस घटना को लेकर प्रदेश सरकार द्वारा रेजिडेंट डॉक्टर डॉ. राघव नरूला की सेवाएं समाप्त कर उन्हें बर्खास्त कर दिया है. जिसका हिमाचल डॉक्टर्स एसोसिएशन ने कड़ा विरोध किया है. जिसके तहत आज आईजीएमसी में सभी डॉक्टर्स सामूहिक आकस्मिक अवकाश पर हैं. वहीं, अब इस मामले को लेकर ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (AIIMS) दिल्ली ने अपनी प्रतिक्रिया दी है.

समर्थन में आए दिल्ली AIIMS के डॉक्टर्स

आईजीएमसी शिमला में डॉक्टर-मरीज के बीच हुए मारपीट मामले में दिल्ली एम्स के डॉक्टर्स भी रेजिडेंट डॉक्टर डॉ. राघव नरूला के समर्थन में आ गए हैं. उन्होंने डॉ. राघव नरूला पर हुई कार्रवाई पर कड़ी आपत्ति जाहिर की है. एम्स दिल्ली की रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (RDA) ने घटना को लेकर कड़ी आपत्ति जताई है. आरडीए एम्स ने इस घटना को क्रूर और चौंकाने वाला हमला बताया और इसकी निंदा की.

आरडीए आईजीएमसी के महासचिव डॉ. आदर्श शर्मा ने बताया, "आरडी एम्स ने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी के दौरान डॉक्टरों के साथ हिंसा किसी भी सूरत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ये अत्यंत चिंताजनक है. RDA AIIMS ने सोशल मीडिया पर प्रसारित एक कटी-छंटी और भ्रामक वीडियो क्लिप पर भी गंभीर आपत्ति जताई है. जिसमें कथित तौर पर घटना का महत्वपूर्ण हिस्सा हटाकर दिखाया गया है. आरडीए एम्स के मुताबिक इस वीडियो में डॉ. राघव द्वारा आत्मरक्षा में की गई स्वाभाविक प्रतिक्रिया को जानबूझकर नजरअंदाज किया गया है और पीड़ित डॉक्टर को ही हमलावर के रूप में पेश किया जा रहा है."

मामले में निष्पक्ष जांच की मांग

डॉ. आदर्श शर्मा ने बताया कि RDA AIIMS ने मांग की है कि इस घटना में शामिल सभी लोगों के खिलाफ तत्काल प्रभाव से सख्त कार्रवाई की जाए. साथ ही भ्रामक सामग्री फैलाने वालों पर भी कार्रवाई की जाए. संगठन ने सरकार से ये भी आग्रह किया है कि डॉ. राघव नरूला को तत्काल ड्यूटी पर बहाल किया जाए. अगर डॉक्टर के खिलाफ कोई मामला दर्ज किया गया है तो उसकी निष्पक्ष, पारदर्शी और बिना पक्षपात के जांच करवाई जाए. वहीं, आरोप निराधार पाए जाने पर तुरंत डॉक्टर की सेवाएं बहाल की जाए.

RDA AIIMS के मुताबिक, 'आत्मरक्षा में कार्रवाई करने वाले किसी भी डॉक्टर को दंडित नहीं किया जाना चाहिए.' संगठन ने डॉ. राघव नरूला के साथ पूर्व एकजुटता जताते हुए देशभर के मेडिकल प्रोफेशनल्स की गरिमा, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है.

ये भी पढ़ें: अस्पताल जाने वाले मरीज सावधान! डॉक्टरों का आज सामूहिक अवकाश, एंबुलेंस कर्मचारी हड़ताल पर, झेलनी पड़ सकती है परेशानी