ETV Bharat / state

RBSE 10वीं-12वीं की बोर्ड परीक्षा 12 फरवरी से, 19.86 लाख परीक्षार्थी देंगे परीक्षा

बोर्ड परीक्षा की तैयारियों को लेकर प्रदेश के जिला शिक्षा अधिकारियों एवं उपनिदेशकों की बैठक का आयोजन अजमेर में हुआ.

RBSE Ajmer
आरबीएसई की बैठक में मौजूद अधिकारी (Etv Bharat Ajmer)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : January 9, 2026 at 4:35 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

अजमेर: राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) की वर्ष 2025-26 की 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं 12 फरवरी से शुरू होने जा रही हैं. परीक्षा आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए बोर्ड ने शुक्रवार को सभी जिलों के शिक्षा अधिकारियों एवं उपनिदेशकों की एक बैठक का आयोजन किया. बैठक में परीक्षा संचालन के सभी पहलुओं और हाई पावर कमेटी के निर्णयों से अधिकारियों को अवगत कराया गया.

बोर्ड सचिव गजेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि 150 से अधिक उपनिदेशकों एवं जिला शिक्षा अधिकारियों ने इस बैठक में भाग लिया. परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, परीक्षा केंद्रों के प्रबंधन और अन्य संपूर्ण प्रक्रियाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई. उन्होंने बताया कि हाई पावर कमेटी के पूर्व के निर्णयों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा. इनमें एकल और नोडल केंद्र बंद करना, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील केंद्रों पर दो-दो फ्लाइंग स्क्वॉड तैनात करना तथा सामान्य केंद्रों पर एक फ्लाइंग स्क्वॉड रखना शामिल है, आवश्यकता अनुसार चिह्नित केंद्रों पर बीएनएस (BNS) की धारा 163 लागू की जाएगी, ताकि परीक्षा परिसर में अनाधिकृत प्रवेश रोका जा सके.

बोर्ड सचिव गजेंद्र सिंह राठौड़ (Etv Bharat Ajmer)

पढ़ें: आरबीएसई : 2026-27 से एक सत्र में दो परीक्षाएं, शुल्क में 250 रुपए की बढ़ोतरी

सुरक्षा के अन्य उपायों के बारे में राठौड़ ने बताया कि चिह्निक परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिनका लाइव प्रसारण बोर्ड कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम में देखा जा सकेगा. इसके अलावा परीक्षा केंद्रों पर वीडियोग्राफी की भी व्यवस्था की गई है. यह कंट्रोल रूम 5 फरवरी से क्रियाशील हो जाएगा.

19.86 लाख विद्यार्थी देंगे परीक्षा: बोर्ड सचिव ने बताया कि इस वर्ष की बोर्ड परीक्षा प्रदेश के सभी जिलों में कुल 6,195 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी. 10वीं, प्रवेशिका और 12वीं कक्षा (वरिष्ठ उपाध्याय भर्ती सहित) की परीक्षा में कुल 19,86,422 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे. परीक्षा की समय सारणी पहले ही जारी की जा चुकी है. परीक्षाएं 12 फरवरी से 11 मार्च तक चलेंगी, जिसमें 10वीं की परीक्षा 12 से 28 फरवरी और 12वीं की परीक्षा 15 फरवरी से 11 मार्च तक होगी. समय सारणी के अनुसार परीक्षा अवधि में छह अवकाश रहेंगे. परीक्षा सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक आयोजित की जाएगी. सीडब्ल्यूएसएन (CWSN) श्रेणी के विद्यार्थियों को परीक्षा अवधि में विशेष छूट प्रदान की गई है.